छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा से मानसून की एंट्री, रायपुर-रायगढ़ में झमाझम बारिश, अगले 5 दिनों तक अंधड़ और बारिश का अलर्ट

Monsoon Arrives in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने दंतेवाड़ा जिले से मानसून के प्रवेश की पुष्टि की है। मानसून की एंट्री के साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में सोमवार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों तक पहुंच सकता है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। वहीं प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें:- “सोमनाथ हमारी सांस्कृतिक पहचान का केंद्र” – CM साय ने रवाना की विशेष यात्रा
राजधानी रायपुर में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने देखते ही देखते पूरे शहर को भिगो दिया। बारिश के कारण सुंदरनगर इलाके स्थित महादेवघाट रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। रायगढ़ जिले में भी दोपहर बाद मौसम अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। किसानों को भी मानसून की शुरुआत से राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि खेती-किसानी की तैयारियां अब तेजी पकड़ेंगी। (Monsoon Arrives in Chhattisgarh)
बस्तर संभाग में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की एंट्री दंतेवाड़ा जिले से हुई है। इसके चलते बस्तर संभाग के अधिकांश जिलों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में मानसून मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों को भी कवर कर लेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। एक ओर मानसून की दस्तक से राहत की उम्मीद बढ़ी है, वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है। इसके चलते कुछ क्षेत्रों में हीट वेव यानी लू जैसी स्थिति भी बन सकती है।
चिरमिरी में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही
मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अलर्ट पर नजर बनाए रखने की अपील की है। इधर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में तेज आंधी, तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। कई बड़े पेड़ जड़ समेत उखड़कर गिर गए, जिससे तीन दुकानें और दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सबसे ज्यादा नुकसान पोड़ी क्षेत्र में देखने को मिला। यहां तेज हवाओं के कारण कई विशाल पेड़ धराशायी हो गए। पेड़ गिरने से दुकानों और मकानों को नुकसान पहुंचा है। लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोड़ी क्षेत्र में समाजसेवी विधान चौधरी के मकान पर एक विशाल नीलगिरी का पेड़ जड़ समेत उखड़कर गिर गया। इस हादसे में मकान का पूजा कक्ष पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि रसोई कक्ष और बाउंड्री वॉल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। (Monsoon Arrives in Chhattisgarh)
नगर निगम और प्रशासन पर आरोप
परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना नगर निगम और प्रशासन को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन लगभग 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। पेड़ अभी भी मकान पर गिरा हुआ है, जिससे परिवार के सामने सुरक्षा और आवागमन की समस्या बनी हुई है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तूफान के बाद कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत कार्य शुरू करने, क्षतिग्रस्त पेड़ों को हटाने और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। मानसून की दस्तक के साथ जहां प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



