मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचा मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

Monsoon Intensifies in India: छत्तीसगढ़ की सीमा पर करीब 15 दिनों तक ठहरा मानसून आखिरकार प्रदेश में प्रवेश कर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए मौसमीय सिस्टम ने मानसून को आगे बढ़ने में मदद की, जिसके बाद उसने दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ में एंट्री की। मानसून के आगमन के साथ ही बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। मानसून के पहुंचते ही प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया। रायगढ़ में सोमवार दोपहर बाद अचानक बादल छाए और तेज बारिश शुरू हो गई। वहीं बस्तर संभाग में आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा से मानसून की एंट्री, रायपुर-रायगढ़ में झमाझम बारिश, अगले 5 दिनों तक अंधड़ और बारिश का अलर्ट

जहां एक ओर मानसून आगे बढ़ रहा है, वहीं देश के कई हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रविवार को अचानक मौसम बदला और भारी बारिश हुई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले में रविवार को तेज हवाओं के साथ बवंडर जैसी स्थिति बनी। प्रारंभिक रिपोर्टों में इसे टॉरनेडो बताया गया था, लेकिन भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को स्पष्ट किया कि यह टॉरनेडो नहीं, बल्कि स्थानीय संवहनीय भंवर यानी लोकल कन्वेक्टिव वॉर्टेक्स यानी धूल का बवंडर था। तेज चक्रवाती हवाओं के कारण एयरपोर्ट परिसर में निर्माण कार्य के लिए लगाए गए अस्थायी टिन शेड उड़ गए और नुकसान हुआ। (Monsoon Intensifies in India)

मेघालय में रिकॉर्डतोड़ बारिश
पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी ताकत से सक्रिय है। मेघालय के खासी हिल्स जिले के मॉसिनराम में 24 घंटे के भीतर 530 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह मात्रा इतनी ज्यादा है कि राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर जैसे क्षेत्रों में 6 महीने के दौरान होने वाली औसत बारिश के बराबर बताई जा रही है। एक तरफ बारिश हो रही है तो दूसरी तरफ कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को ओलावृष्टि हुई, जबकि मध्य प्रदेश के पांच जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में कई स्थानों पर तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसके अलावा बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी तेज गर्मी का असर देखा जा रहा है।
बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर
विदर्भ के आठ जिलों में दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग ने यहां ‘नाइट हीटवेव’ यानी रात में भी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कानपुर, वाराणसी, बहराइच और प्रयागराज में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहा। वहीं राजस्थान के श्रीगंगानगर और हरियाणा के रोहतक में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक 21 जून तक मानसून केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मणिपुर, त्रिपुरा, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा तक पहुंच चुका था। (Monsoon Intensifies in India)
126 साल में दूसरा सबसे सूखा जून
22 जून को मानसून ने छत्तीसगढ़ में एंट्री की। इसके बाद 5 जुलाई तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में मानसून को सक्रिय करने वाले जरूरी मौसमीय सिस्टम विकसित हो चुके हैं, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। मानसून की धीमी रफ्तार का असर बारिश के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। देश में मानसूनी बारिश के 126 सालों के रिकॉर्ड में यह जून अब तक का दूसरा सबसे सूखा जून साबित हो रहा है। 21 जून तक देशभर में केवल 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 42.2 प्रतिशत कम है। इससे पहले साल 2009 में जून महीने में सामान्य से 49 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी, जिसका असर खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ा था।
मानसून की देरी का खेती पर असर
मानसून के समय पर नहीं पहुंचने से खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हुई है। 12 जून तक खरीफ फसलों की बुआई 3.9 प्रतिशत घटकर 84.6 लाख हेक्टेयर रही। दालों का रकबा 43.2 प्रतिशत और कपास का क्षेत्रफल 28 प्रतिशत कम हुआ। हालांकि धान की बुआई में 28.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राहत की बात यह है कि देश के प्रमुख जलाशयों में जल भंडारण क्षमता का 28.3 प्रतिशत पानी मौजूद है, जो पिछले 10 सालों के औसत से 16 प्रतिशत ज्यादा है। विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई और अगस्त की बारिश पर खेती की स्थिति और खाद्य महंगाई का भविष्य निर्भर करेगा। अगले दो दिनों में देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिलेंगे। 23 जून को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ओडिशा, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी तेज बारिश की संभावना है। (Monsoon Intensifies in India)
24 जून को ऐसा रहेगा मौसम
वहीं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर बना रहेगा। दूसरी ओर राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते आंधी और बारिश हो सकती है। 24 जून को भी पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा की संभावना है, जबकि आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड और ओडिशा में भी तेज बारिश हो सकती है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार तीसरे दिन हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है। 15 दिनों की देरी के बाद छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री किसानों और आम लोगों के लिए राहत की खबर है। हालांकि देशभर में मौसम का दोहरा स्वरूप देखने को मिल रहा है। जहां पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर जारी है, वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्से अब भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। आने वाले एक सप्ताह में मानसून की प्रगति और जुलाई-अगस्त की वर्षा देश की कृषि, जल संसाधनों और खाद्य कीमतों के लिए निर्णायक साबित होगी।



