साय कैबिनेट की अहम बैठक आज, खाद-बीज की उपलब्धता समेत कई मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

Sai Cabinet Meeting 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज (23 जून) नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित होगी। यह बैठक सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी, जिसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और समीक्षा करने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक बैठक में प्रदेश में चल रहे खरीफ सीजन के दौरान धान समेत अन्य फसलों की बुआई की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। सरकार की ओर से कहा गया कि वो किसानों को समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर गंभीर है, इसलिए खाद और बीज की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था समेत किसानों को हो रही दिक्कतों पर भी बैठक में मंथन कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक कैबिनेट बैठक में कृषि क्षेत्र के अलावा अलग-अलग विभागों से जुड़े प्रशासनिक और विकासात्मक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और जनहित से जुड़े विषय भी एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पूरे दिन रायपुर में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सबसे पहले वे मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आर्थिक मामलों की मंत्रिपरिषद समिति की बैठक में भी भाग लेंगे, जहां वित्तीय और विकास संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। (Sai Cabinet Meeting 2026)
वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी लेंगे हिस्सा
बैठकों के अलावा मुख्यमंत्री अलग-अलग सरकारी कामों और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा भी करेंगे। इसी कड़ी में वे रायपुर जिले के पलौद गांव में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। दिनभर के निर्धारित कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री देर शाम मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से आज की कैबिनेट बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कृषि, वित्त और शासन व्यवस्था से जुड़े कई अहम फैसलों पर चर्चा होने की संभावना है। (Sai Cabinet Meeting 2026)



