बलौदाबाजार में ‘साइको किलर’ गिरफ्तार, एक-एक कर 8 लोगों की हत्या, पढ़े पूरी खबर
Balodabazar Serial Killer : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में हुए आठ संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जिले के खर्वे गांव निवासी रामसहाय जायसवाल (46) ने बीते तीन महीनों में पुरानी रंजिश, कर्ज विवाद, पत्नी पर गलत नजर रखने के शक और टोना-टोटका की आशंका के चलते 8 लोगों को जहरीली शराब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव में लगातार हो रही संदिग्ध मौतों से चिंतित ग्रामीणों ने 6 जून को एसडीएम कसडोल को आवेदन सौंपकर जांच की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और सात शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने पहले चूहा मारने के बहाने जहरीला पदार्थ खरीदा और उसका परीक्षण एक कुत्ते पर किया। इसके बाद उसने अलग-अलग तारीखों में ग्रामीणों को शराब में जहर मिलाकर पिलाया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मंगलवार को पुलिस आरोपी को उसके घर, दुकान और घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां से जहरीला पदार्थ बरामद किया गया। (Balodabazar Serial Killer)
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद गांव में भारी आक्रोश का माहौल है। लगातार हो रही मौतों के कारण गांव में 21 लोगों की कथित बलि जैसी अफवाहें भी फैल गई थीं, हालांकि पुलिस जांच में इस तरह के किसी दावे की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। (Balodabazar Serial Killer)



