सेंट्रल जेल में खूनी खेल: तिहरे हत्याकांड के कैदी ने रेप आरोपी को पत्थर से कूचकर मार डाला
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के केंद्रीय जेल बिलासपुर में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहे एक कैदी ने POCSO Act के मामले में बंद विचाराधीन कैदी पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बंदी को इलाज के लिए SIMS Hospital ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
बैरक में लूडो खेलते वक्त किया हमला
जानकारी के मुताबिक, कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पॉक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद था। उसे जेल की ई-1 बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में लेटा हुआ था।
इसी दौरान तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और हाथ में रखे पत्थर से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बैरक में अफरा-तफरी मच गई। अन्य बंदियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने घायल नीलू को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना Chhattisgarh Police को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बीमारी के कारण एक ही बैरक में थे दोनों
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के मुताबिक आरोपी राजेश राय वर्ष 2011 से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज जेल में चल रहा था। वहीं नीलू जगत को मिर्गी की बीमारी थी, जिसके कारण दोनों को विशेष निगरानी वाली एक ही बैरक में रखा गया था।
सजा माफी खारिज होने के बाद था परेशान
प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी राजेश राय और उसके पिता हरि राय हत्या के मामले में सजा काट रहे हैं। राजेश ने सजा में राहत के लिए आवेदन किया था, लेकिन राज्य सरकार ने तीन दिन पहले ही उसकी सजा माफी की अर्जी खारिज कर दी थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था।
हमले की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी ने नीलू जगत को ही निशाना क्यों बनाया। दोनों के बीच किसी विवाद या मानसिक अस्थिरता को हमले की वजह माना जा रहा है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े :- बलौदाबाजार में ‘साइको किलर’ गिरफ्तार, एक-एक कर 8 लोगों की हत्या, पढ़े पूरी खबर



