Google Analytics —— Meta Pixel

ब्रह्मोस और आकाशतीर का दुनिया में डंका, UAE ने दिखाई दिलचस्पी, भारत को मिल सकता है 8 हजार करोड़ का रक्षा निर्यात ऑर्डर

Demand For BrahMos Aakashteer: भारत के रक्षा क्षेत्र की दो बड़ी उपलब्धियां ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और स्वदेशी आकाशतीर एयर डिफेंस सिस्टम अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। इन दोनों प्रणालियों की क्षमता से प्रभावित होकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने इन्हें खरीदने में रुचि दिखाई है। अगर यह सौदा अंतिम रूप लेता है तो UAE ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला चौथा विदेशी देश बन जाएगा। साथ ही भारत को 8 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का रक्षा निर्यात ऑर्डर मिलने की संभावना भी बन सकती है। ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल को भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे तेज ऑपरेशनल सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में गिना जाता है। इसकी गति, सटीकता और दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को भेदने की क्षमता इसे बेहद घातक बनाती है। यही वजह है कि इसे इंटरसेप्ट करना बेहद मुश्किल माना जाता है।

यह भी पढ़ें:-दिल्ली, इंदौर के बाद अब लखनऊ, क्या डिजिटल लॉक बन रहे हैं मौत का दरवाजा ?

ब्रह्मोस की ताकत दुनिया ने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी देखी। पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए इस सैन्य अभियान में भारत ने पहली बार युद्ध जैसी स्थिति में ब्रह्मोस मिसाइल का इस्तेमाल किया। रक्षा सूत्रों के मुताबिक इस अभियान के दौरान ब्रह्मोस ने पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों और रणनीतिक संसाधनों को निशाना बनाया, जिससे उसकी एयर डिफेंस और स्ट्राइक क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचा। इसी प्रदर्शन के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रह्मोस को लेकर रुचि बढ़ी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक UAE और भारत के बीच ब्रह्मोस मिसाइल की संभावित खरीद को लेकर बातचीत शुरुआती चरण में है, लेकिन इसे तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। यदि यह समझौता होता है तो यह भारत के रक्षा निर्यात क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। (Demand For BrahMos Aakashteer)

ब्रह्मोस मिसाइल भारत और रूस के संयुक्त सहयोग से विकसित की गई है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे जमीन, समुद्र और हवा तीनों प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जा सकता है। सुपरसोनिक गति के कारण यह बेहद कम समय में लक्ष्य तक पहुंचती है और सटीक प्रहार करने में सक्षम है। सिर्फ ब्रह्मोस ही नहीं, UAE ने भारत के स्वदेशी आकाशतीर एयर डिफेंस कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम में भी दिलचस्पी दिखाई है। भारतीय सेना और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) की ओर से विकसित यह अत्याधुनिक प्रणाली आधुनिक युद्धक्षेत्र में हवाई खतरों की निगरानी और जवाबी कार्रवाई को नियंत्रित करती है। आकाशतीर को पूर्ण रूप से स्वदेशी, AI-सक्षम और ऑटोमेटिक एयर डिफेंस कंट्रोल और रिपोर्टिंग सिस्टम माना जाता है।

इसे “स्काई एरो” के नाम से भी जाना जाता है। यह सिस्टम रियल टाइम में हवाई खतरों का पता लगाता है, उन्हें ट्रैक करता है और खतरे के मुताबिक सबसे उपयुक्त हथियार का चयन कर जवाबी कार्रवाई सुनिश्चित करता है। इसकी एक और बड़ी खासियत यह है कि इसे बेहद कम समय में किसी भी स्थान पर तैनात किया जा सकता है। आकाशतीर भारतीय वायुसेना के इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस नेटवर्क से जुड़कर तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस सिस्टम ने पाकिस्तान की ओर से भेजे गए ड्रोन, मिसाइल, माइक्रो यूएवी और लॉइटरिंग म्यूनिशन जैसे हवाई खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। रक्षा सूत्रों के मुताबिक इस अभियान में आकाशतीर का प्रदर्शन बेहद प्रभावी रहा। (Demand For BrahMos Aakashteer)

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर UAE के साथ ब्रह्मोस और आकाशतीर को लेकर प्रस्तावित सौदा सफल होता है तो यह सिर्फ एक रक्षा खरीद समझौता नहीं होगा, बल्कि भारत और UAE के रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला कदम साबित होगा। इसके साथ ही भारत की रक्षा तकनीक की वैश्विक स्वीकार्यता और विश्वसनीयता भी और मजबूत होगी। रक्षा निर्यात के क्षेत्र में लगातार बढ़ती भारत की मौजूदगी यह संकेत दे रही है कि देश अब सिर्फ रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि वैश्विक रक्षा बाजार में एक मजबूत निर्यातक के रूप में भी उभर रहा है। ब्रह्मोस और आकाशतीर को लेकर UAE की दिलचस्पी इसी बदलते भारत की नई पहचान मानी जा रही है। ब्रह्मोस की मारक क्षमता और आकाशतीर की अभेद्य सुरक्षा ने दुनिया का ध्यान भारत की ओर खींचा है। अब निगाहें उस संभावित डील पर हैं, जो भारत की रक्षा ताकत को वैश्विक बाजार में और मजबूत पहचान दिला सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!