CM साय के दिल्ली दौरे से गरमाई सियासत, फिर तेज हुई मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें, कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग

Politics on CM Delhi Visit: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा कि उनकी केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात होनी है, लेकिन इस दौरे के साथ ही राज्य में मंत्रिमंडल फेरबदल और संभावित कैबिनेट सर्जरी की चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे से पहले डिप्टी CM विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री का दिल्ली जाना और उनके साथ प्रमुख सचिव सुबोध सिंह समेत सचिव राहुल भगत का जाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि सरकार की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक और विभागीय बैठकों से जुड़ा दौरा बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे मंत्रिमंडल में बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- वन मंत्री की पहल से उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शुरू होगी ‘हॉर्नबिल सफारी
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में मुख्यमंत्री निवास में हुई आपात बैठक में सरकार के कामकाज और एक डिप्टी CM के प्रदर्शन को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। बैज ने कहा कि भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और इसी कारण मुख्यमंत्री को दिल्ली तलब किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और इसी वजह से लगातार बैठकों और दिल्ली दौरों का सिलसिला जारी है। कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने भी जोरदार जवाब दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस पर गलत नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह अफवाहों और अटकलों के सहारे राजनीति कर रही है। किरण सिंह देव ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है और कांग्रेस के आरोपों में कोई तथ्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता कांग्रेस शासनकाल और वर्तमान सरकार के कामकाज का अंतर अच्छी तरह समझती है। (Politics on CM Delhi Visit)
राजनीतिक विश्लेषकों का क्या है मानना ?
किरण देव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में क्या हालात थे, यह जनता अच्छी तरह जानती है। भाजपा सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है और कांग्रेस के आरोपों में कोई दम नहीं है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री और मंत्रियों की दिल्ली यात्रा के पीछे कई प्रशासनिक और विकास संबंधी मुद्दे भी हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की मान्यता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की संभावना है। मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी भी इस बात की ओर संकेत करती है कि दिल्ली में कुछ महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार हो रही बैठकों और दिल्ली दौरों ने मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं को और हवा दे दी है। सोशल मीडिया पर भी कैबिनेट में बदलाव को लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
19 जून की बैठक से शुरू हुई चर्चाएं
दरअसल, मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों को सबसे ज्यादा बल 19 जून को मुख्यमंत्री निवास में हुई उस बैठक से मिला, जिसे सरकार ने सत्ता और संगठन की समन्वय बैठक बताया था। रात करीब साढ़े 9 बजे शुरू हुई यह बैठक देर रात लगभग 1:40 बजे खत्म हुई थी। करीब साढ़े चार घंटे तक चली इस बैठक में सरकार और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया था। बैठक में मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा भी की गई थी। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई कि भाजपा नेतृत्व सरकार के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर रहा है और भविष्य में कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। हालांकि सरकार की ओर से किसी भी संभावित फेरबदल को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है, बल्कि डिप्टी CM विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इसे कयास बता दिया था। (Politics on CM Delhi Visit)

भाजपा संगठन भी लगातार सक्रिय
इसी बीच रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बड़ी बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, डिप्टी CM अरुण साव, संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा में हर महीने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाती है। इनमें पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन प्रांत से लेकर जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक सालभर अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से सक्रिय रहता है और यह बैठक भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा थी। (Politics on CM Delhi Visit)

क्या कैबिनेट में होने वाला है फेरबदल ?
मुख्यमंत्री, दो मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के एक साथ दिल्ली दौरे ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है, लेकिन अभी तक सरकार या भाजपा संगठन की ओर से मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है। ऐसे में फिलहाल राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और कयास जारी हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बैठकों का एजेंडा चाहे प्रशासनिक और विकास कार्यों से जुड़ा बताया जा रहा हो, लेकिन लगातार हो रही राजनीतिक बैठकों, मंत्रियों के दिल्ली दौरे और सत्ता-संगठन के मंथन ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। कांग्रेस इसे सरकार के भीतर की बेचैनी बता रही है, जबकि भाजपा सभी अटकलों को खारिज कर रही है। ऐसे में अब सबकी नजरें दिल्ली में होने वाली मुलाकातों और उनके बाद सामने आने वाले राजनीतिक संकेतों पर टिकी हैं, क्योंकि सवाल यही है कि क्या यह दौरा सिर्फ एक नियमित बैठक है या फिर छत्तीसगढ़ की राजनीति में किसी बड़े बदलाव की भूमिका तैयार हो रही है।



