केतन मर्डर केस में बड़ा खुलासा, मंगेतर के मोबाइल से मिला ‘कोड 14/18’, हत्या की तारीखें पहले से थी तय ?

Ketan Murder Case: प्यार, भरोसा और शादी के सपनों के बीच छिपी एक खौफनाक साजिश ने महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को देश के सबसे सनसनीखेज मामलों में शामिल कर दिया है, जिस युवती के साथ कारोबारी परिवार के बेटे केतन अग्रवाल की शादी तय थी, उसी मंगेतर सिया गोयल पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या की पूरी पटकथा तैयार की और उसे अंजाम दिया। पुलिस जांच में सामने आए डिजिटल सबूतों ने इस मामले को और भी चौंकाने वाला बना दिया है। पुलिस के मुताबिक सिया गोयल के मोबाइल से रिकवर किए गए डिलीटेड डेटा में ऐसे संकेत मिले हैं, जो बताते हैं कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। उसके डिजिटल कैलेंडर में 14 जून और 18 जून की तारीखों को ‘कोड 14/18’ नाम से मार्क किया गया था।
पुलिस का दावा है कि 14 जून को हत्या का पहला प्रयास असफल रहा, जबकि 18 जून को लोहागढ़ किले की खाई में धक्का देकर केतन की जान ले ली गई। जांच में यह भी सामने आया है कि सिया पिछले दो महीनों से इंटरनेट पर ‘स्लो पॉइजन’ और ऑनलाइन जहरीले केमिकल्स से जुड़ी जानकारियां तलाश रही थी। पुलिस को उसकी सर्च हिस्ट्री में ऐसे कई कीवर्ड मिले हैं, जिनसे संदेह मजबूत हुआ कि वह केतन को रास्ते से हटाने के अलग-अलग तरीके तलाश रही थी। पुलिस के मुताबिक शुरुआत में चाय में धीमा जहर देकर हत्या की योजना बनाई गई थी, ताकि मौत को प्राकृतिक या बीमारी से हुई मौत जैसा दिखाया जा सके। हालांकि जब यह योजना सफल नहीं हुई तो दूसरे विकल्पों पर काम किया गया। (Ketan Murder Case)

घटना के बाद सिया की एक इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा में आ गई, जिसमें उसने केतन की मौत पर दुख जताया था। सिया ने लिखा था- तुमने मुझे मेरे जन्मदिन के दिन ही छोड़ दिया। तुम तब चले गए, जब हम शादी करने के बहुत करीब थे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी तो तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? मेरे दिल को पता है कि तू यही है। वापस आ जा, लेकिन पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखाई गई संवेदनाएं और जांच में मिले सबूत एक-दूसरे से बिल्कुल अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। केतन के परिवार का आरोप है कि सिया एक तरफ शादी की तैयारियों में शामिल रहती थी और दूसरी तरफ हत्या की साजिश को आगे बढ़ा रही थी। परिवार के मुताबिक उदयपुर में करोड़ों रुपए खर्च कर भव्य शादी की तैयारियां चल रही थी, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनके बेटे के खिलाफ इतनी बड़ी साजिश रची जा रही है।
परिवार ने उठाए गंभीर सवाल
घटना के बाद सिया ने दावा किया था कि 18 जून को उसके जन्मदिन के दिन दोनों लोहगढ़ किले घूमने गए थे, जहां उसकी तस्वीर लेते समय केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया, लेकिन पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल और उनकी टीम ने शक के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा को खंगाला, जिससे इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड का राज खुल गया। जांच में पता चला कि 22 साल की सिया गोयल का मार्केट यार्ड के 21 साल के चेतन चौधरी के साथ पुराना प्रेम संबंध था। सिया के परिवार ने उसकी शादी गहुंजे के अमीर बिजनेसमैन केतन अग्रवाल से तय कर दी थी, लेकिन सिया इस शादी से खुश नहीं थी और चेतन के साथ ही रहना चाहती थी। इसलिए केतन को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या का यह खौफनाक प्लान बनाया।
4 दिन पहले भी की थी जान से मारने की कोशिश
जांच में सामने आया कि सिया ने 14 जून यानी हत्या से चार दिन पहले भी केतन को किले से नीचे फेंकने की कोशिश की थी। पहली कोशिश के दौरान केतन नीचे गिरा, लेकिन किस्मत से एक पेड़ ने उसे रोक लिया, जिससे उसकी जान बच गई। जब केतन ने सिया से पूछा कि उसने धक्का क्यों दिया तो शातिर आरोपी सिया ने रोते हुए झूठ बोल दिया कि किनारे पर एक सांप था और वह उसे बचाने की कोशिश कर रही थी। प्यार में डूबे केतन ने सिया की बात पर भरोसा कर लिया। उसने सिया को धन्यवाद कहा और उसे गले लगा लिया, उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिसे वह अपनी रक्षक समझ रहा है, वही उसकी जान लेने की तैयारी कर रही है, जब सिया पहली बार अकेले केतन को मारने में नाकाम रही तो उसने 18 जून को अपने जन्मदिन का बहाना बनाया और केतन को दोबारा लोहगढ़ किले चलने के लिए राजी किया। (Ketan Murder Case)

सिया ने केतन से कहा कि वह अपना जन्मदिन दोस्तों के साथ मनाना चाहती है। इस बार प्लान के मुताबिक उसका प्रेमी चेतन चौधरी पहले से ही किले पर घात लगाकर इंतजार कर रहा था। जैसे ही केतन किले की पश्चिम दिशा में सुनसान छोर पर पहुंचा, वैसे ही सिया और चेतन ने मिलकर उसे चट्टान से नीचे धकेल दिया। इस बार केतन को संभलने का मौका नहीं मिला और ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि फरवरी में केतन और सिया की सगाई हुई थी, जिनकी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित शाही पैलेस में शादी होने वाली थी। दोनों ही करोड़पति घराने के बच्चे थे। केतन के पिता ने भावुक होते हुए कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह रिश्ता तोड़ सकती थी, लेकिन बेटे की जान लेने का कोई औचित्य नहीं हो सकता। (Ketan Murder Case)

परिवार ने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा और फांसी की मांग की है। पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस डिजिटल सबूतों, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा के आधार पर पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी हैं। केतन मर्डर केस सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि रिश्तों में भरोसे के टूटने की दर्दनाक कहानी भी बनता जा रहा है, जिस शख्स के साथ जिंदगी बिताने के सपने देखे जा रहे थे, उसी पर उसकी मौत की साजिश रचने के आरोप लगे हैं। जांच में सामने आ रहे खुलासों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब रिश्तों में विश्वास की जगह धोखा और स्वार्थ ले लेता है, तो उसका अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है, लेकिन इस हत्याकांड ने एक बार फिर रिश्तों, भरोसे और प्रेम के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है।



