Google Analytics —— Meta Pixel

प्लान A, B और C…केतन की हत्या के लिए तैयार था तीन प्लान,गूगल मैप से चुना गया मौत का ठिकाना

Ketan Murder Case Update: पुणे के लोहागढ़ किले में हुई केतन अग्रवाल की मौत को शुरू में एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आई जानकारियों ने इसे एक सुनियोजित हत्या में बदल दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या के लिए एक नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग प्लान तैयार किए थे। केतन अग्रवाल और सिया गोयल की फरवरी में सगाई हुई थी और नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी। परिवार के मुताबिक शादी की भव्य तैयारियां चल रही थी। विदेश में प्री-वेडिंग शूट से लेकर आलीशान समारोह तक की योजना बनाई जा चुकी थी, लेकिन पुलिस जांच में दावा किया गया है कि इसी दौरान सिया अपने प्रेमी चेतन चौधरी के संपर्क में थी और दोनों लगातार बातचीत कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि पिछले 6 महीनों में दोनों के बीच 2004 कॉल हुए और करीब 238 घंटे बातचीत हुई।

यह भी पढ़ें:- केतन मर्डर केस में बड़ा खुलासा, मंगेतर के मोबाइल से मिला ‘कोड 14/18’, हत्या की तारीखें पहले से थी तय ?

प्लान-A: बाली ट्रिप को रुकवाया

पुलिस के मुताबिक पहला प्लान विदेश यात्रा के दौरान हत्या का था। जांच में सामने आया कि केतन का पासपोर्ट गायब हो गया, जिसके कारण बाली की यात्रा रद्द करनी पड़ी। परिवार का आरोप है कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया गया, ताकि आगे की योजना लागू की जा सके। (Ketan Murder Case Update)

प्लान-B: महाबलेश्वर में घाटी को बनाया गया निशाना

जांच में यह भी सामने आया कि 19 जून को सिया के जन्मदिन के बहाने महाबलेश्वर में कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। वहां बड़ी संख्या में कमरे बुक कराए गए थे। पुलिस को शक है कि महाबलेश्वर की किसी गहरी घाटी में केतन को धक्का देने की योजना बनाई गई थी, लेकिन उससे पहले ही दूसरा प्लान सक्रिय कर दिया गया। (Ketan Murder Case Update)

प्लान-C: लोहागढ़ किले में मौत का जाल

पुलिस के मुताबिक सिया ने गूगल मैप्स के जरिए ऐसे जगह तलाशे, जहां घटना को हादसा दिखाया जा सके। इसी कड़ी में लोहागढ़ किले को चुना गया। 18 जून को वह केतन को ट्रैकिंग के बहाने वहां लेकर गई। जांच में दावा किया गया है कि चेतन चौधरी पहले से ही किले के आसपास मौजूद था। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति हुडी पहनकर चेहरा छिपाते हुए दिखाई दिया, जिसकी पहचान बाद में चेतन के रूप में हुई। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। (Ketan Murder Case Update)

परिवार के शक से खुला पूरा मामला

शुरुआत में घटना को हादसा बताया गया, लेकिन केतन के परिजनों को सिया के व्यवहार पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल डेटा की जांच शुरू की। इसी जांच में साजिश के कई अहम सुराग मिले।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि वारदात के दिन चेतन ने अपना मोबाइल फोन दूसरी जगह छोड़ दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। हालांकि तकनीकी जांच और अन्य सबूतों ने उसकी गतिविधियों को उजागर कर दिया। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इसमें प्रेम संबंध, सगाई, करोड़ों रुपए की शादी की तैयारियां, डिजिटल साजिश और हत्या की प्लानिंग जैसे कई पहलू जुड़े हुए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में और कौन-कौन शामिल था और हत्या की योजना कब और कैसे अंतिम रूप से तैयार की गई थी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। वहीं केतन का परिवार न्याय की मांग कर रहा है और पूरे घटनाक्रम ने समाज में रिश्तों के भरोसे और अपराधों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!