जमीन विवाद में बेटे ने मां की हत्या, पिता पर भी किया जानलेवा हमला

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में शुक्रवार देर रात पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पिता पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, चीतापाली निवासी श्यामलाल यादव के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा परिवार के साथ कोरबा शहर में रहता है, जबकि छोटा बेटा रामकुमार यादव अपने माता-पिता के साथ गांव में रह रहा था। रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वह लंबे समय से पैतृक जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रहा था, लेकिन माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे।
इसी बात को लेकर शुक्रवार देर रात परिवार के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर रामकुमार ने अपनी मां जानकुंवर यादव पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां को बचाने पहुंचे पिता श्यामलाल यादव पर भी उसने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में जानकुंवर यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामकुमार यादव को हिरासत में ले लिया। घायल पिता को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़े :- तैलिक समाज एसोसिएशन द्वारा दानवीर भामाशाह जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह 28 जून को



