भारत आएंगी जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकइची, 16वें शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल, भारत-जापान रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

Japanese PM India Tour: भारत-जापान संबंधों को नई रफ्तार देने की दिशा में एक और अहम कदम उठने जा रहा है। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 1 से 3 जुलाई 2026 तक भारत के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगी। यह ताकाइची का प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला भारत दौरा होगा। इसे दोनों देशों की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची 1-3 जुलाई तक नई दिल्ली में आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा। सम्मेलन में द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की जाएगी और रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, क्लीन एनर्जी, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें:- सेशेल्स दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गोल्डन जुबली समारोह में होंगे गेस्ट ऑफ ऑनर, जानिए क्यों खास है यह छोटा द्वीपीय देश
यह प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का भारत का पहला आधिकारिक दौरा होगा। जापान में प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी यह पहली भारत यात्रा है। जापान में भारत के प्रति बढ़ती रणनीतिक प्राथमिकता और दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों के लिहाज से इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची ने कहा कि प्रधानमंत्री ताकाइची प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिखर वार्ता करेंगी और दोनों नेता भारत-जापान बिजनेस लीडर्स के साथ एक बड़े आर्थिक मंच में भी हिस्सा लेंगे। उनका कहना है कि यह दौरा जापान-भारत संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा। यह यात्रा अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टोक्यो दौरे के बाद हो रही है, जहां उन्होंने 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। उस दौरान दोनों देशों ने अगले एक दशक के लिए रणनीतिक साझेदारी का नया रोडमैप तैयार किया था।
68 अरब डॉलर निवेश का लक्ष्य
टोक्यो में आयोजित भारत-जापान आर्थिक मंच में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए आर्थिक सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए पांच सूत्रीय रोडमैप पेश किया था। उन्होंने भारत-जापान बिजनेस फोरम की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कंपनियों के बीच हुए नए निवेश और कारोबारी समझौतों का स्वागत किया था। पिछले शिखर सम्मेलन में भारत में अगले दस सालों के भीतर करीब 68 अरब डॉलर के जापानी निवेश का लक्ष्य तय किया गया था। इसके तहत आर्थिक साझेदारी, आर्थिक सुरक्षा, मोबिलिटी, पर्यावरणीय स्थिरता, नवाचार और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, लोगों के बीच संपर्क और राज्यों-प्रांतों के सहयोग जैसे आठ प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया गया था। अब 16वें शिखर सम्मेलन में इन्हीं लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ नए निवेश, सप्लाई चेन, ऊर्जा सुरक्षा और हाई-टेक सहयोग पर आगे की रणनीति तय होने की संभावना है। (Japanese PM India Tour)
रक्षा और इंडो-पैसिफिक पर फोकस
मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सामरिक समीकरणों के बीच यह बैठक विशेष महत्व रखती है। माना जा रहा है कि दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, रक्षा तकनीक, सप्लाई चेन और क्षेत्रीय स्थिरता पर अपनी साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। भारत और जापान पहले से ही अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के साथ क्वाड समूह के सदस्य हैं। हाल ही में नई दिल्ली में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक भी आयोजित हुई थी, जिसमें जापान के विदेश मंत्री शामिल हुए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जापान दौरे के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ मियागी प्रांत के सेंडाई शहर का दौरा किया था। दोनों नेताओं ने दुनिया की अग्रणी सेमीकंडक्टर उपकरण निर्माता कंपनी टोक्यो इलेक्ट्रॉन मियागी लिमिटेड का भी दौरा किया था। वहां भारत और जापान के बीच सेमीकंडक्टर निर्माण, उन्नत तकनीक और भविष्य के औद्योगिक सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई थी।
2000 से लगातार मजबूत होते गए संबंध
16वें शिखर सम्मेलन में भी सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, डिजिटल टेक्नोलॉजी और उन्नत विनिर्माण सहयोग प्रमुख एजेंडे में शामिल रहने की संभावना है। भारत और जापान के बीच साल 2000 में वैश्विक साझेदारी की शुरुआत हुई थी। साल 2006 में इसे रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी का दर्जा दिया गया। इसके बाद 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इसे विशेष रणनीतिक-वैश्विक साझेदारी का स्वरूप देकर संबंधों को नई ऊंचाई पर पहुंचाया। आज दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, लॉजिस्टिक्स, संयुक्त सैन्य अभ्यास, बुलेट ट्रेन परियोजना, आर्थिक समझौते, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे कई क्षेत्रों में व्यापक सहयोग चल रहा है। (Japanese PM India Tour)
व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी आएगा भारत
प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ जापान का एक उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत पहुंचेगा। शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि आर्थिक मंच में भाग लेंगे। उम्मीद है कि इस दौरान निवेश, विनिर्माण, टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई नए समझौतों और साझेदारियों पर भी सहमति बन सकती है। भारत और जापान दोनों ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मुक्त, खुले और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के समर्थक हैं। ऐसे समय में जब वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं, यह शिखर सम्मेलन दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के साथ-साथ आर्थिक, तकनीकी और सुरक्षा सहयोग को और ज्यादा मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। (Japanese PM India Tour)



