Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह संपन्न

नवनिर्वाचित जिला, संभाग एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने ली शपथ, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने मांगों के शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन

रायपुर। छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के नवनिर्वाचित जिला, संभाग एवं प्रांतीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में कमल वर्मा (प्रदेश संयोजक, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन), पवन शर्मा (प्रांतीय अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ), जी.आर. चंद्रा (समन्वयक, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ) तथा संतोष कुमार वर्मा (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, नेशनल फेडरेशन एवं महामंत्री, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ) सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मंत्री ने दिलाई शपथ, दी शुभकामनाएं

मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के जिला, संभाग एवं प्रांतीय पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई। उन्होंने संगठन की भूमिका की सराहना करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

संगठन की जिम्मेदारियों पर मिला मार्गदर्शन

विशिष्ट अतिथि कमल वर्मा ने संगठन के पदाधिकारियों को उनके दायित्वों एवं संगठनात्मक कार्यों के प्रभावी निर्वहन के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए मंत्री से आग्रह भी किया।

प्रांतीय अध्यक्ष ने रखीं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

संघ के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष गजेंद्र साहू ने मंचासीन अतिथियों एवं प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विभागीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ज्वलंत समस्याओं और प्रमुख मांगों को मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा तथा उनके त्वरित निराकरण का अनुरोध किया।

मंत्री ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने संघ की प्रमुख मांगों एवं विभिन्न कैडरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

अतिथियों एवं उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

सम्मान समारोह के दौरान संघ की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

एकजुट रहने का दिया संदेश

उद्बोधन के दौरान पवन शर्मा एवं जी.आर. चंद्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों से एकजुट एवं अनुशासित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

संतोष कुमार वर्मा ने किया प्रभावी मंच संचालन

कार्यक्रम को सफल एवं गरिमामय बनाने में कार्यकारिणी अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने ओजस्वी एवं प्रभावी मंच संचालन से पूरे समारोह को व्यवस्थित रूप से संचालित किया।

महासचिव ने जताया आभार

कार्यक्रम के समापन पर संघ के महासचिव अब्दुल जाहिद खान ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विभागीय अधिकारियों तथा प्रदेशभर से पहुंचे सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

यह जानकारी छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रदेश सचिव गुमान सिंह साहू ने दी।

Back to top button
error: Content is protected !!