100 साल तक जवान और स्वस्थ रहने का राज ! ब्राजील की तीन बहनों ने बढ़ाई वैज्ञानिकों की उम्मीद, DNA से लेकर लाइफस्टाइल तक पर होगी रिसर्च

Research on Longevity: हर इंसान की ख्वाहिश होती है कि वह लंबी उम्र तक स्वस्थ रहे। हर कोई चाहता है कि बढ़ती उम्र के बावजूद शरीर चुस्त-दुरुस्त रहे और बुढ़ापा भी जवानी जैसा महसूस हो, लेकिन हकीकत यह है कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर कमजोर होने लगता है, कई तरह की बीमारियां घेर लेती हैं और शारीरिक क्षमता भी कम होने लगती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लंबी और स्वस्थ जिंदगी का राज क्या है ? इसी सवाल का जवाब तलाशने की दिशा में ब्राजील की तीन बहनों ने दुनियाभर के वैज्ञानिकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इन तीनों बहनों की संयुक्त उम्र 316 साल से ज्यादा है और हैरानी की बात यह है कि इतनी ज्यादा उम्र होने के बावजूद तीनों अपेक्षाकृत स्वस्थ, सक्रिय और मानसिक रूप से भी मजबूत हैं। इन्हीं विशेषताओं के कारण इनका नाम हाल ही में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें:- भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले पाकिस्तान के कराची आर्मी कैंप पर आतंकी हमला, शहबाज-मुनीर राज में 27% बढ़े आतंकी हमले
ब्राजील के रियो डी जनेरियो में रहने वाली तीन बहनों में सबसे बड़ी लेविटा डी डेउस नुनेस हैं, जिनकी उम्र 109 साल है। दूसरी बहन जोराइडे डी डेउस मोटा 104 साल की हैं, जबकि तीसरी ज़ुलिना डी डेउस नुनेस 103 साल की हैं, जिस उम्र में अधिकांश लोग गंभीर बीमारियों से जूझते हैं या दूसरों पर निर्भर हो जाते हैं, उस उम्र में ये तीनों बहनें सामान्य जीवन जी रही हैं। यही वजह है कि अब वैज्ञानिक इनके शरीर और जीवनशैली का गहराई से अध्ययन कर रहे हैं। दुनिया भर में वैज्ञानिक कई सालों से इस बात पर शोध कर रहे हैं कि आखिर कुछ लोग 100 साल से ज्यादा उम्र तक स्वस्थ कैसे बने रहते हैं। माना जा रहा है कि ब्राजील की ये तीनों बहनें इस रहस्य की अहम कड़ी साबित हो सकती हैं।
DNA से खोजा जाएगा ‘लॉन्ग लाइफ’ का फॉर्मूला
ब्राजील की वैज्ञानिक मयाना जैट्ज इस विशेष प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। उनका उद्देश्य यह पता लगाना है कि आखिर कौन से जैविक और आनुवांशिक कारण लोगों को लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करते हैं। वैज्ञानिक इन तीनों बहनों का डीएनए परीक्षण कर रहे हैं। रिसर्च का उद्देश्य ऐसे प्रोटेक्टिव जीन की पहचान करना है, जो उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं और शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं। शोधकर्ताओं का मानना है कि इस अध्ययन से यह समझने में मदद मिलेगी कि कुछ लोग ज्यादा उम्र में भी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत क्यों बने रहते हैं, जबकि अन्य लोगों में उम्र बढ़ने के साथ डिमेंशिया, हृदय रोग, मधुमेह और अन्य क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
आनुवांशिक कारक निभाते हैं बड़ी भूमिका: वैज्ञानिक
विशेषज्ञों के मुताबिक लंबी उम्र के पीछे आनुवांशिक कारणों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हालांकि जीवनशैली भी उतनी ही अहम मानी जाती है। माना जा रहा है कि अगर ऐसे जीन की पहचान हो जाती है तो भविष्य में उम्र बढ़ने से जुड़ी बीमारियों के इलाज और रोकथाम में बड़ी सफलता मिल सकती है। इन तीनों बहनों का कहना है कि उन्होंने कभी कोई असाधारण जीवन नहीं जिया। उनका बचपन प्रकृति के बीच बीता। वे तैराकी करती थीं, नदियों में मछली पकड़ती थीं और शारीरिक रूप से हमेशा सक्रिय रहती थीं। सबसे बड़ी बहन लेविटा ने अपने जीवन में एक क्राफ्ट्सवुमन और बाद में टेलीविजन नेटवर्क में काम किया। जोराइडे पेशे से नर्स रहीं और उन्होंने पांच बच्चों की परवरिश की। वहीं ज़ुलिना ने गृहिणी के रूप में छह बच्चों की देखभाल की। तीनों का कहना है कि संतुलित भोजन, नियमित दिनचर्या और सक्रिय जीवनशैली ने उन्हें स्वस्थ बनाए रखा।
दुनियाभर में चल रही है लंबी उम्र पर रिसर्च
सिर्फ ब्राजील ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देश उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने के लिए बड़े स्तर पर शोध कर रहे हैं। वैज्ञानिक ऐसी तकनीकों पर काम कर रहे हैं जिनसे इंसान की उम्र बढ़ाई जा सके और बुढ़ापे से जुड़ी बीमारियों को रोका जा सके। इसी दिशा में रूस ने भी एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम शुरू किया है। रूस ने उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने और लोगों को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के उद्देश्य से करीब 26 अरब डॉलर यानी लगभग 2.47 लाख करोड़ रुपए का बड़ा सरकारी प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस मिशन के तहत पुनर्योजी चिकित्सा, कृत्रिम अंगों के विकास और मिनी-पिग्स में मानव अंग विकसित करने जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर काम किया जा रहा है। रूसी सरकार का दावा है कि इस परियोजना का उद्देश्य दशक के अंत तक लाखों लोगों को गंभीर बीमारियों से बचाना और उम्र बढ़ने की रफ्तार को कम करना है।
चीन भी एंटी-एजिंग रिसर्च में जुटा
लंबी उम्र और स्वस्थ बुढ़ापे को लेकर चीन भी बड़े स्तर पर रिसर्च कर रहा है। चीन में कई विश्वविद्यालय और बायोटेक कंपनियां एंटी-एजिंग तकनीक, जीन थेरेपी, स्टेम सेल रिसर्च और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हेल्थ मॉनिटरिंग पर काम कर रही हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर उम्र बढ़ने की जैविक प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझ लिया जाए, तो भविष्य में कई उम्र संबंधी बीमारियों को रोका जा सकता है और इंसानों की स्वस्थ जीवन अवधि बढ़ाई जा सकती है। चीन सरकार ने भी बायोटेक्नोलॉजी और जेरियाट्रिक यानी बुजुर्गों के स्वास्थ्य रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए कई राष्ट्रीय परियोजनाएं शुरू की हैं। ऐसे में ब्राजील की इन तीन बहनों पर हो रही रिसर्च के नतीजे चीन समेत दुनिया के कई देशों के वैज्ञानिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
क्या मिल जाएगा 100 साल तक स्वस्थ रहने का फॉर्मूला ?
ब्राजील की तीन बहनों पर हो रही रिसर्च अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इससे मानव शरीर में उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को समझने में बड़ी सफलता मिल सकती है। अगर इस शोध से जुड़े निष्कर्ष सकारात्मक रहे, तो भविष्य में ऐसी दवाएं और इलाज विकसित किए जा सकते हैं जो लोगों को लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय जीवन जीने में मदद करें। हालांकि विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि केवल अच्छे जीन ही पर्याप्त नहीं हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव से दूरी और सक्रिय जीवनशैली आज भी लंबी और स्वस्थ जिंदगी की सबसे मजबूत नींव मानी जाती है। AI आधारित मेडिकल रिसर्च, जीन एनालिसिस और बायोलॉजिकल मॉडलिंग की मदद से वैज्ञानिक यह समझने में जुटे हैं कि आखिर उम्र बढ़ने की रफ्तार को कैसे धीमा किया जाए। हालांकि अभी तक ऐसी कोई तकनीक या दवा विकसित नहीं हुई है, जो इंसान को 100 साल तक जवान बनाए रख सके, लेकिन दुनिया भर में इस दिशा में तेजी से शोध जारी है।




