दानवीर भामाशाह जयंती पर तैलिक समाज एसोसिएशन का सामाजिक नवजागरण का संकल्प
रायपुर में भव्य समारोह, संगठन, संस्कार, शिक्षा और सेवा आधारित समाज निर्माण का दिया संदेश
रायपुर : दानवीर भामाशाह जयंती के पावन अवसर पर 28 जून को राजधानी रायपुर स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित तैलिक समाज एसोसिएशन के भव्य समारोह में सामाजिक एकता, संगठन, संस्कार और सेवा को केंद्र में रखकर समाज निर्माण का नया विजन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिवशंकर एवं दानवीर भामाशाह के पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से जुटे समाजबंधु, सामाजिक एकता का दिया संदेश
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान शिक्षा, सामाजिक समरसता, सेवा, युवा नेतृत्व और आत्मनिर्भर समाज निर्माण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया।
समाज के प्रेरणास्रोतों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लगभग 20 समाजसेवियों का अभिनंदन पत्र देकर सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में शौर्य चक्र पदक विजेता भोजराम साहू (बालोद), श्रीमती निर्मला साहू, टेमन सिंह साहू, प्रेम साहू (उप पुलिस अधीक्षक), पूनम कुमार साहू संयोजक गजराज बांध संरक्षण समिति, रामलखन साहू, मोहन साहू मानिकपन, लाला साहू अध्यक्ष राजिम भक्तिन माता समिति सहित 20 अन्य समाजसेवी शामिल रहे।


वरिष्ठ अतिथियों ने संगठन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर रखे विचार
समारोह को एन.आर. साहू (सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर), बी.सी. साहू (सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर), श्रीमती साधना साहू उपाध्यक्ष प्रदेश साहू संघ, आनंदराम साहू, हनुमंत प्रसाद साहू, यशवंत देवान, इंजीनियर नारायण साहू, श्रीमती पुष्पा साहू, श्रीमती दुर्गा साहू, लीलाधर साहू, दिनेश कुमार साहू, इंजीनियर डेशकुमार साहू एवं पंडित घनश्याम प्रसाद साहू सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने शिक्षा, अनुशासन, संगठन और सेवा भावना को समाज की वास्तविक शक्ति बताया। मंच संचालन का कुशल दायित्व का निर्वहन एंकर योगिता साहू ने की।
युवा नेतृत्व और विकेंद्रीकरण पर आधारित नया संगठनात्मक मॉडल
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एसोसिएशन का नया संगठनात्मक मॉडल रहा। इसमें सत्ता और जिम्मेदारियों के विकेंद्रीकरण, जिला इकाइयों को अधिक अधिकार तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न विंगों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से कार्य करने का अधिकार देने की घोषणा की गई।
युवा नेतृत्व को मिली बड़ी जिम्मेदारी
एसोसिएशन ने युवा नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए 30 वर्षीय राहुल गुप्ता “माउंटेनमैन” को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा श्रीमती पुष्पा साहू “हरियाली दीदी” को छत्तीसगढ़ चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किया।
संगठन ने घोषित किए महत्वपूर्ण सामाजिक निर्णय
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि संगठन में पारदर्शिता और सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। जिला समितियों को अधिक अधिकार दिए जाएंगे, सदस्यता शुल्क का अधिकांश भाग जिला स्तर के विकास कार्यों में खर्च होगा, सदस्यता सत्यापन ब्लॉक स्तर पर होगा तथा सामाजिक बहिष्कार जैसी दंडात्मक परंपराओं को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि समाज का कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी अन्य संगठन से जुड़ा हो, एसोसिएशन की सदस्यता ले सकेगा।
‘हम सुधरेंगे, समाज सुधरेगा’ के संकल्प के साथ हुआ समापन
समारोह में उपस्थित लगभग 250 समाजबंधुओं ने “संगठित, संस्कारित, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सेवाभावी समाज निर्माण” का संकल्प लिया। शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, नशामुक्ति, आर्थिक आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक संस्कार और समाज सेवा को सामाजिक विकास का आधार बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का समापन समाजहित और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही समाज निर्माण संभव है, और यही तैलिक समाज एसोसिएशन की नई कार्यदिशा का मूल मंत्र है।
यह भी पढ़े :- डॉ. विधानचंद्र राय जयंती पर पलारी में चिकित्सक दिवस एवं विशाल रक्तदान शिविर का 1 जुलाई को होगा आयोजन




