Google Analytics —— Meta Pixel

यूरोप में गर्मी ने मचाई तबाही, एक हफ्ते में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत, कई देशों में टूटा दशकों पुराना रिकॉर्ड

Extreme Heat in Europe: यूरोप इस समय इतिहास की सबसे भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। आमतौर पर बर्फीले पहाड़ों, सुहावने मौसम और साफ-सुथरे शहरों के लिए पहचाने जाने वाले फ्रांस, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, स्पेन, पोलैंड और ब्रिटेन जैसे देशों में तापमान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। भीषण हीटवेव के कारण सड़कें पिघलने लगी हैं, रेलवे ट्रैक टेढ़े होकर उखड़ रहे हैं और बीते एक हफ्ते में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नदियों और झीलों में उतर रहे हैं, जिससे फ्रांस में डूबने की घटनाओं में भी तेजी आई है। करीब 74 करोड़ आबादी वाले यूरोप में लगभग 19 करोड़ लोग 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान झेल रहे हैं। कई देशों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि स्वास्थ्य एजेंसियों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें:- Sant Kabeer Jayanti : संत कबीरदास समाज सुधारक और युग-प्रवर्तक थे: इन्द्र साव, विधायक भाटापारा

फ्रांस सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल है, जहां कई इलाकों में सड़कों का सतही तापमान 60 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिससे डामर पिघलने लगा। दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के पीसोस में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में तापमान रिकॉर्ड होने के बाद का सबसे ज्यादा स्तर माना जा रहा है। पेरिस में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी में एक एथलेटिक्स ट्रैक पर अभ्यास कर रहे युवक की गर्मी से मौत हो गई, जबकि एक 18 महीने के बच्चे की कार में फंसने से जान चली गई। फ्रांस में गर्मी से संबंधित मौतों का आंकड़ा 1000 के पार पहुंच चुका है। (Extreme Heat in Europe)

जर्मनी में पटरियां टेढ़ी हुईं, ट्रेन सेवाएं प्रभावित

जर्मनी में बहुत ज्यादा गर्मी का असर रेलवे नेटवर्क पर भी दिखाई दिया। तापमान बढ़ने से कई जगहों पर रेल की पटरियां फैलकर टेढ़ी हो गईं, जिससे ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि बिना एयर कंडीशनिंग वाली ट्रेनों को सेवा से हटा दिया गया। कोचेम शहर में 28 जून को 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गर्मी के कारण जंगलों में आग भी भड़क उठी। चिंता की बात यह है कि जिन जंगलों में आग लगी, वहां आज भी दूसरे विश्व युद्ध के समय के गोला-बारूद दबे होने की आशंका बनी हुई है, जिससे राहत कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया। (Extreme Heat in Europe)

पोलैंड और ब्रिटेन में टूटा दशकों पुराना रिकॉर्ड

चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में प्रशासन लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए सार्वजनिक जगहों पर पानी का स्प्रे कर रहा है। शहर में तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। पोलैंड के स्लुबिस शहर में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिसने 1921 का 105 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले देश में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। ब्रिटेन में भी जून महीने का नया रिकॉर्ड बना। यहां तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि जून 1976 में 35.6 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड था। वहीं डेनमार्क के ओडिन्से में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो साल 1874 के बाद सबसे ज्यादा है।

गर्मी से बचने की कोशिश बनी जानलेवा

फ्रांस में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग नदियों, झीलों और तालाबों में उतर रहे हैं, लेकिन यह प्रयास कई जगह जानलेवा साबित हुआ। पिछले कुछ दिनों में डूबने की घटनाओं में तेज बढ़ोतरी हुई और 55 लोगों की मौत हो गई। विशेषज्ञों का कहना है कि यूरोप में लगातार बढ़ रही हीटवेव और रिकॉर्ड तापमान के पीछे क्लाइमेट चेंज सबसे बड़ी वजह है। वैश्विक तापमान बढ़ने के कारण हीटवेव पहले की तुलना में ज्यादा तीव्र, ज्यादा लंबी और ज्यादा घातक होती जा रही हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि अगर ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले सालों में यूरोप समेत दुनिया के कई हिस्सों में ऐसी चरम मौसमीय घटनाएं और ज्यादा सामान्य हो सकती हैं। (Extreme Heat in Europe)

इन शहरों में दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान

शहर अधिकतम तापमान
पीसोस (फ्रांस) 44.3°C
बिलबाओ (स्पेन) 42.7°C
कोचेम (जर्मनी) 41.7°C
डोक्सानी (चेक गणराज्य) 41.1°C
सार्डिनिया (इटली) 41.0°C
बुडाकलाज (हंगरी) 40.7°C
स्लुबिस (पोलैंड) 40.5°C
पेरिस (फ्रांस) 40.0°C
बेसल (स्विट्जरलैंड) 38.8°C
कैवेंडिश (ब्रिटेन) 37.1°C
Back to top button
error: Content is protected !!