Sant Kabeer Jayanti : संत कबीरदास समाज सुधारक और युग-प्रवर्तक थे: इन्द्र साव, विधायक भाटापारा
भाटापारा: संत शिरोमणि महान समाज सुधारक और अद्भुत कवि सद्गुरू कबीर साहेब की जयंती हमे उनके विचारों और आदर्शों को याद करने तथा अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने दोहों और वचनों के माध्यम से लोगों को सच्चाई, प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनका जन्म ऐसे समय में हुआ था, जब समाज में ऊंच-नीच भेदभाव और अंधविश्वास बहुत अधिक था।
उक्त बाते भाटापारा विधायक इंद्र साव ने स्थानीय कबीर कुटीर, सिंगारपुर, कोसमंदा में आयोजित कबीर जयंती के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कही,वही उन्होंने हथनीपारा स्थित कबीर कुटीर के नव निर्माण और कोसमंदा में विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

विधायक इंद्र साव ने कबीर के दोहे को सुनाते हुए कहा कि ’’बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलियां कोय। जो दिल खोजा आपना, मुझसे बुरा न कोय’’। उनके दोहे में हमें आत्मचिंतन और आत्मसुधार का मार्ग दिखाता है। वे कहते है समाज को बदलने से पहले हमें स्वयं बदलना चाहिए। कबीर साहेब जी ने जाति-पाति, धर्म और भाषा के भेदभाव को नकारते हुए एकता भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक है जितने उस समय थे।

विधायक इन्द्र साव ने शहर और ग्रामीण अंचलों में हुए कबीर प्राकट्य महोत्सव में शामिल हो कर लोगों को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि, संत कबीर साहेब केवल एक महान आध्यात्मिक संत ही नहीं बल्कि समाज सुधारक और युग-प्रवर्तक भी थे। उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर सामाजिक एकता और सद्भाव बनाएं रखने की आवश्यकता है।
सत्य, अहिंसा, दया, करुणा, परोपकार और सामाजिक समरसता का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है। वे अपनी साधना के धनी, विश्वासों के राजा और अनुभूतियों के साहूकार थे। जो मार्ग उन्होंने दूसरों को दिखाया वे उसी पर चले थे और वही उनका मुक्ति मार्ग था। कबीर का जीवन दर्शन सद्विचारों की ऐसी गंगा है जिसमें डूबकी लगाकर मनुष्य का जीवन सदाचारों से महक उठता है। कबीर की वाणी कोसों दूर जन-मन तक जाती थी इसलिए वे महान संप्रेषक थे।
यह भी पढ़े :- कैफे में बनी हत्या की योजना, किले पर हुई रिहर्सल, फिर खाई में धक्का, पुलिस ने बताई केतन मर्डर की पूरी कहानी



