युवती ने प्रोफेसर को पीटा! आपत्तिजनक मैसेज भेजने का लगाया आरोप, Video वायरल
रायपुर : रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में एक प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगने के बाद कॉलोनी में जमकर हंगामा देखने को मिला। पड़ोस में रहने वाली एक युवती अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर के घर पहुंची और विवाद के दौरान उसे थप्पड़ मार दिए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवती ने आरोप लगाया है कि शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव लंबे समय से उसे परेशान कर रहे थे। युवती का कहना है कि प्रोफेसर व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लगातार उसे अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजते थे।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल से प्रोफेसर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। कई बार मना करने के बावजूद वह लगातार कॉल और मैसेज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
इन्हीं आरोपों से नाराज होकर 1 जुलाई को युवती अपने होने वाले पति के साथ प्रोफेसर की कॉलोनी पहुंची। वहां दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन मामला इतना बढ़ गया कि युवती ने प्रोफेसर का कॉलर पकड़ लिया और गुस्से में थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवती प्रोफेसर को खरी-खोटी सुनाती नजर आ रही है। वह कह रही है कि उसकी जल्द शादी होने वाली है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी दौरान प्रोफेसर की पत्नी भी मौके पर मौजूद दिखीं, जो माफी मांगती नजर आईं।
युवती ने दावा किया कि प्रोफेसर ने सिर्फ उसे ही नहीं, बल्कि कई अन्य लड़कियों को भी परेशान किया है। उसने मानसिक प्रताड़ना झेल चुकी अन्य युवतियों से भी सामने आने की अपील की है। साथ ही कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह कानूनी लड़ाई जारी रखेगी और प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।



