भारत और जापान का भरोसा हमारी सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत: PM नरेंद्र मोदी

Japanese PM Meet Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बातचीत की। इस दौरान भारत और जापान के बीच सहयोग ज्ञापन यानी MoC पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद जॉइंट प्रेस वर्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री सनाए तकाइची की पहली भारत यात्रा पर स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। वे जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं और एक दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता भी हैं। वे जापान की नारा प्रीफेक्चर से आती हैं जो भारत-जापान के सांचा बौद्ध विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन पहले G7 समिट में मैंने कहा था कि वैश्विक उथल-पुथल के आज के माहौल में आपसी विश्वास हमारी सबसे बड़ा रणनीतिक संपत्ति है। मुझे गर्व है कि भारत-जापान की साझेदारी इस कसौटी पर खरी उतरती है।
यह भी पढ़ें:- युवती ने प्रोफेसर को पीटा! आपत्तिजनक मैसेज भेजने का लगाया आरोप, Video वायरल
PM मोदी ने कहा कि आज भारत और जापान दोनों ही विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से हैं। एक आजाद, समृद्ध और नियमों पर आधारित इंडो पैसिफिक हमारी साझा प्राथमिकता है। पिछले कई दशकों में, ऑटोमोटिव से लेकर इलेक्ट्रानिक्स तक, जापान ने भारत की ग्रोथ स्टोरी का अहम हिस्सेदार बनकर दोस्ती और विश्वास की एक अमूल्य पूंजी बनाई है। हम प्राइम मिनिस्टर ताकाइची की यात्रा से हम अपनी स्पेशल स्ट्रेटीजिक एण्ड ग्लोबल पार्ट्नर्शिप के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। क्षेत्र की सबसे बड़ी डेमोक्रैटिक और मार्केट ईकानमीज के रूप में हमने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। इनसे हम मिलकर पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेंगे। प्रधानमंत्री तकाइची और मेरा विश्वास है कि टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप हमारे सहयोग का सबसे मजबूत स्तंभ बनेगी। इसी विजन को साकार करने के लिए AI के क्षेत्र में हमने एक संयुक्त बयान भी जारी किया है। भारतीय AI इकोसिस्टम के कई प्रमुख संस्थानों ने भी आज अपने जापानी साझेदारों के साथ समझौते किए हैं। जापान की सटीक तकनीक और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमता का संगम वैश्विक AI विकास को नई गति और शक्ति देगा। (Japanese PM Meet Modi)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि डिफेंस के क्षेत्र में आज हमने भारत और जापान के पहले सह-विकास (को-डेवलपमेंट) परियोजना पर समझौता किया है। नेवल रेडियो एंटीना की यह परियोजना हमारी रक्षा प्रौद्योगिकी साझेदारी में एक नया अध्याय खोलेगी। अब हम ऐसी रक्षा प्रौद्योगिकियों को साथ मिलकर विकसित करेंगे, जो क्षेत्रीय शांति, समुद्री सुरक्षा और नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करेंगी। फार्मा, चिकित्सा उपकरण और जैव-प्रौद्योगिकी में आज किए गए समझौतों से हम वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा में भी योगदान देंगे। भारत के व्यापक स्तर और जापान की गुणवत्ता को जोड़कर, हम किफायती, विश्वसनीय और उन्नत स्वास्थ्य समाधान दुनिया तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे। भारत-जापान निवेश साझेदारी निरंतर सुदृढ़ हो रही है। पिछले एक साल में 100 से ज्यादा नए व्यावसायिक समझौते हुए हैं, जिनसे भारत में 10 अरब डॉलर से ज्यादा जापानी निवेश आएगा। वित्तीय सेवा एजेंसियों के बीच हुए समझौते से पूंजी और निवेश प्रवाह और सुगम होंगे।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- अगले 10 सालो में जापान से भारत में 10 ट्रिलियन येन निवेश और भारत में जापानी कंपनियां की संख्या दोगुनी करना। भारत में लगातार हो रहे रिफॉर्म्स से व्यवसाय करने में सुगमता बढ़ी है, जापान की कंपनियां भी इसका लाभ उठा सकती हैं। आज के अनिश्चितता भरे युग में, भारत और जापान दोनों आर्थिक सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा का महत्व अच्छी तरह समझते हैं। इसी दिशा में आज हमने आर्थिक सुरक्षा के लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया है। इसके माध्यम से हम सेमीकंडक्टर, क्वांटम और उन्नत सामग्री जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती को सुदृढ़ करेंगे। ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भी आज हमने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। भारत-जापान बायोगैस पहल के माध्यम से हमें भारत में एक हजार बायोगैस और जैविक उर्वरक संयंत्र लगाने में सहायता मिलेगी। इससे हमारी गोवर्धन पहल और मजबूत होगी।

PM मोदी ने कहा कि इससे भारत के गांवों में स्थिरता, समृद्धि और ग्रामीण आजीविका को नई शक्ति मिलेगी। तेल संकट जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आज हमने ऊर्जा लचीलापन पर भी एक महत्वपूर्ण पहल की है। साथ ही, बैटरी, हरित हाइड्रोजन और परमाणु ऊर्जा में हमारा सहयोग, विश्व के स्वच्छ ऊर्जा भविष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा। भारत और जापान मिलकर आर्थिक सुरक्षा को साझा सुरक्षा, और ऊर्जा परिवर्तन को साझा अवसर के रूप में लेते हैं, और उसको आगे बढ़ाने की दिशा में हम काम करेंगे, उसको बदलेंगे। हमने भारत-जापान अगली पीढ़ी की गतिशीलता साझेदारी रूपरेखा भी तैयार की है। इससे अब हम ऑटोमोटिव सेक्टर में हमारी सफलता की कहानी को जहाज निर्माण, विमानन और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी दोहराएंगे। हमारे संबंधों की बड़ी ताकत हमारी लोगों से लोगों के बीच की साझेदारी है। हम प्रतिभा गतिशीलता, कौशल विकास और तकनीकी इंटर्नशिप कार्यक्रमों के अवसर भी बढ़ा रहे हैं। और दोनों देशों के बीच अनुसंधान, शिक्षा और स्टार्ट-अप सहयोग भी सुदृढ़ कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि अगले साल हम भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे हैं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर हम संस्कृति, पर्यटन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था सहयोग से आपसी जुड़ाव और प्रगाढ़ करेंगे। भारत और जापान की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं। सांस्कृतिक मूल्यों से लेकर आधुनिक प्रौद्योगिकी तक, हमारी सोच और दृष्टिकोण में भी समानता है और सबसे बढ़कर, हमारे संबंधों की नींव अटूट आपसी विश्वास पर टिकी है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी यह विशेष साझेदारी, सशक्त और समृद्ध जापान के आपके विज़न, विकसित भारत के हमारे संकल्प और विश्व की प्रगति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। एक सशक्त और समृद्ध जापान का आपका विज़न, विकसित भारत का हमारा संकल्प और पूरे विश्व की प्रगति को मिलकर साकार करें। (Japanese PM Meet Modi)




