Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी ने जापानी उद्योग जगत को दिया भरोसा, कहा- PMO करेगा ‘जापान बिजनेस वीक’ का आयोजन

India Japan Economic Forum: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने इंडिया-जापान जॉइंट इकोनॉमिक फोरम में प्रदर्शनी देखी। इसके बाद हरियाणा के खरखौदा में मारुति सुजुकी की चौथी गाड़ी बनाने वाली फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस दौरान PM मोदी ने कहा कि मेरी छोटी बहन, प्रधानमंत्री ताकाइची जी के साथ भारत-जापान जॉइंट इकनॉमिक फोरम में आप सभी के बीच आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आप में से कई कम्पनियां भारत के साथ लंबे अरसे से जुड़ी हुई हैं। कुछ तो सौ साल से पहले से हैं, और जो नए साथी इस फोरम के साथ जुड़ रहें हैं, मैं उन्हे भारत-जापान सक्सेस स्टोरी का भाग बनने पर हार्दिक बधाई देता हूं। भारत-जापान संबंध वाकई बहुत स्पेशल हैं। हमारी इकनॉमिक पार्ट्नर्शिप की सफलता के कई उज्ज्वल उदाहरण हैं।

यह भी पढ़ें:- भारत और जापान का भरोसा हमारी सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत: PM नरेंद्र मोदी

PM मोदी ने कहा कि हमने हरियाणा के खरखौदा में मारुति सुज़ुकी के नए प्लांट का उद्घाटन किया। भारत-जापान संबंध बहुत अहम है। आज पूरे विश्व में सुजुकी की दो-तिहाई कारर्स भारत में बनती हैं और 100 से ज्यादा देशों को एक्सपोर्ट होने जा रहीं हैं। प्रधानमंत्री ताकाइची मुझे बताया गया है कि आपको मोटर बाइक का बहुत शौक है। हमें बहुत खुशी है कि कावासाकी, यामाहा और होंडा की बाइक्स भी भारत में आज विश्व भर में एक्सपोर्ट होती हैं। इसी तरह एयर-कन्डिशनर्स हो या पावर-ग्रिड इक्विप्मेन्ट प्रिसिशन मैन्युफैक्चरिंग हो या मेडिकल टेक्नॉलजी जब जापान की एक्स्पर्टीज़ और इनवेस्टमेंट भारत के स्पीड और स्केल के साथ जुड़ती है, तो पूरी दुनिया को फायदा होता है। आज आर्थिक दुनिया सप्लाइ चेन में रुकावटें, ट्रेड में अनिश्चितता और ग्लोबल डिमांड में गिरावट से जूझ रही है।

 

PM ने कहा कि लेकिन जैसा कहा जाता है- जब परिस्थितियां कठिन हो जाती हैं, तो मजबूत लोग आगे बढ़कर उनका सामना करते हैं। भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। पिछले साल भारत की GDP ग्रोथ 7.7% रही थी। इतना ही नहीं, पिछले 12 सालों में हम भारत में “काइजेन” फिलॉसफी, यानी निरंतर सुधार, अपनाते हुए अपनी आर्थिक संरचना को परिवर्तित कर रहे हैं। कुछ ही महीने पहले, हमने कर व्यवस्था, सुशासन और व्यवसाय करने में सुगमता के लिए अगली पीढ़ी के सुधार किए। हम हर क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोल रहे हैं और कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रोत्साहन दे रहे हैं, जिसका लाभ आप सभी उठा सकते हैं। यही कारण है कि लगातार पिछले 4 सालों से जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन का सर्वे दिखाता है कि भारत जापानी व्यवसाय के लिए सबसे आशाजनक गंतव्य रहा है। (India Japan Economic Forum)

उन्होंने कहा कि मैं आप सभी के साथ साझा करना चाहता हूं, मेरा ऑफिस यानी PMO का दफ्तर, एक समर्पित जापान बिजनेस वीक का आयोजन करेगा। इसमें PMO के वरिष्ठ अफसर आपके साथ विचार-विमर्श करेंगे, बैठेंगे, आपकी समस्याओं को समझने के लिए, और व्यवसाय करने में सुगमता और बढ़ाने के लिए आपसे पूरे मन से चर्चा करेंगे। प्राइम मिनिस्टर ताकाइची और मैंने अपनी साझेदारी को और भी गतिशील और और भी गहरा करने का निर्णय लिया।
हमने आर्थिक सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रक्षा, स्वास्थ्य जैसे अनेक विषयों पर समझौते किए, जिससे यह साझेदारी भविष्य उन्मुख और असीम संभावनाओं वाली बन जाएगी। हमारी सरकारों के बीच रणनीतिक तालमेल है, आत्मविश्वास है और सबसे बड़ी बात, स्पष्टता है। अब इसे परिणामों में बदलने की जिम्मेदारी आप सभी पर है। आप सबको मिलकर यह सुनिश्चित करना है कि अगले एक दशक में जापान से भारत में निवेश 10 ट्रिलियन येन के टार्गेट को भी पार करे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में जापानी कंपनियों की संख्या भी 10 साल में दोगुनी हो जाए। मैं आपके समक्ष एक दृष्टिकोण रखना चाहता हूं। मैं एक ऐसा विश्व देखता हूं, जहां जापान की प्रौद्योगिकी और भारत की बाजार क्षमता मिलकर सेमीकंडक्टर, फार्मा और महत्वपूर्ण खनिजों में दुनिया को मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाएं प्रदान करें, जहां जापान की पूंजी और भारत की महत्वाकांक्षा मिलकर जहाज निर्माण, गतिशीलता और स्वच्छ ऊर्जा में नई वैश्विक नेतृत्व क्षमता तैयार करें, जहां भारत और जापान के स्टार्टअप्स से AI, क्वांटम और जैव-प्रौद्योगिकी में विश्व के अगली पीढ़ी के समाधान आएं। एयरोस्पेस और रक्षा में अभूतपूर्व सहयोग से हम वैश्विक सुरक्षा में अपना योगदान और मजबूत करें। आइए विश्वास और आशावाद से भरी इस साझेदारी से, पारस्परिक विकास और वैश्विक कल्याण का मार्ग प्रशस्त करें। जैसे टोयोटा वाले कहते हैं, आइए मिलकर- नई मंजिलों की ओर बढ़ें। (India Japan Economic Forum)

Back to top button
error: Content is protected !!