दुर्ग में इंसानियत शर्मसार, पड़ोसी ने दो सगी मासूम बहनों के साथ किया दुष्कर्म, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

Rape of Two Sisters: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से हैरान करने वाला मामला आया है, जहां एक पड़ोसी ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर दो सगी मासूम बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़ित बच्चियों की उम्र महज 7 और 9 साल है। आरोपी उन्हें खेलने के बहाने अपने घर बुलाता था और इस घिनौने कृत्य को अंजाम देता था। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है, जिसका खुलासा 2 जुलाई को हुआ। पुलिस ने मामले में 17 साल की नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच 7 साल की छोटी बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची। वह पेट और प्राइवेट पार्ट में असहनीय दर्द से तड़प रही थी। बच्ची की हालत देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
यह भी पढ़ें:- बीमा लोकपाल अधिकारी बनकर 1.60 करोड़ की साइबर ठगी, दिल्ली से 3 आरोपी गिरफ्तार, नाइजीरियन नेटवर्क से जुड़े तार
इसके बाद जब परिजनों ने दोनों बहनों से अलग-अलग और प्यार से पूछताछ की तो मासूमों ने जो हकीकत बयां की, उसे सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चियों ने बताया कि पड़ोसी लड़का उन्हें खेलने के बहाने अपने घर ले गया था और वहां उनके साथ गलत काम किया। पीड़ित पक्ष के मुताबिक पड़ोसी होने के नाते दोनों परिवारों के बीच मेल-जोल था और एक-दूसरे के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी भरोसे के कारण बच्चे भी अक्सर खेलने चले जाते थे। हालांकि, दोनों परिवारों के बीच कुछ समय से पुराना विवाद भी चल रहा था। परिजनों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने करीब 5-6 महीने पहले 9 साल की बड़ी भतीजी के साथ भी गलत काम किया था, लेकिन तब इस बात का पता नहीं चल सका था। (Rape of Two Sisters)

आक्रोशित परिजनों ने कहा- फांसी हो
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित रिश्तेदार और पीड़ित पक्ष छावनी थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि ऐसे अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने के लिए आरोपी को फांसी की सजा दी जाए। इसके साथ ही पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि आरोपी के घर पर प्रशासन की ओर से बुलडोजर की कार्रवाई की जानी चाहिए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आया। सिटी ASP सुखनंदन राठौर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छावनी थाना क्षेत्र में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एक नाबालिग को अभिरक्षा में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। ASP ने आगे कहा कि मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान जो भी नए तथ्य या सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल शुरुआती जांच में सिर्फ इसी एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है।
दरिंदगी ने किया शर्मसार
पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। यह दिल दहला देने वाली घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि हमारे सामाजिक ताने-बाने और सामूहिक चेतना पर एक गहरा तमाचा है, जिस समाज में बच्चों को भगवान का रूप माना जाता है, वहां एक पड़ोसी का ही दो मासूम और सगी बहनों के साथ ऐसा घिनौना कृत्य करना बेहद शर्मनाक है। यह घटना हमारे आस-पड़ोस और समाज के उसी भरोसे को कटघरे में खड़ा करती है, जिसके साए में मासूम बेफिक्र होकर खेलते हैं। जब घर के ठीक बगल में रहने वाला ही भेड़िया बन जाए तो कोई भी परिवार अपने बच्चों को सुरक्षित कैसे महसूस करा सकता है ? इस दरिंदगी ने एक बार फिर पूरे समाज को शर्मसार किया है और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर हम अपनी भावी पीढ़ी को कैसा माहौल दे रहे हैं। न्याय की इस घड़ी में अब हर आंख प्रशासन की ओर टिकी है, ताकि कानून का ऐसा सख्त शिकंजा कसा जा सके, जिससे भविष्य में फिर किसी मासूम का बचपन इस तरह न कुचला जाए और समाज को दोबारा ऐसी शर्मिंदगी का सामना न करना पड़े। (Rape of Two Sisters)



