पहली ही तेज बारिश में डूबा रायपुर, रेलवे स्टेशन बना झरना, अंडरब्रिज बने तालाब, घरों में घुसा पानी, विपक्ष ने सरकार और नगर निगम को घेरा

Water Logging in Raipur: मानसून की पहली तेज बारिश ने राजधानी रायपुर की तैयारियों की पूरी पोल खोल दी। शनिवार शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश पूरी रात, रविवार दिनभर और सोमवार सुबह से जारी है, जिसके चलते शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। रेलवे स्टेशन की छत झरने की तरह टपकने लगी, अंडरब्रिज तालाब में तब्दील हो गए, कई कॉलोनियों और घरों में पानी घुस गया, जबकि सड़कों पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। राजधानी के निचले इलाकों के साथ-साथ पॉश कॉलोनियां भी पानी में डूब गईं। हालात ऐसे रहे कि कई जगह लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए मोटर पंप चलाने पड़े। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर रेलवे स्टेशन, जलमग्न कॉलोनियों और अंडरब्रिज के वीडियो तेजी से वायरल होते रहे।
विपक्ष ने इसे नगर निगम और सरकार की तैयारियों की विफलता बताते हुए तीखा हमला बोला, जबकि नगर निगम ने प्रभावित इलाकों में राहत और जलनिकासी का अभियान शुरू कराया। बारिश की सबसे चौंकाने वाली तस्वीर रायपुर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली। ए-1 श्रेणी के इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शनिवार शाम करीब पांच बजे तेज बारिश के दौरान शेड से झरने की तरह पानी गिरने लगा। छत के नीचे खड़े यात्री भी बारिश से नहीं बच सके। कई यात्रियों को अपना सामान लेकर इधर-उधर भागना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर पानी जमा होने से आवाजाही भी प्रभावित हुई। लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। यात्रियों का कहना था कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद स्टेशन की छत से इस तरह पानी टपकना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

टाटीबंध से डीडी नगर तक घरों में घुसा पानी
लगातार बारिश के कारण राजधानी के कई रिहायशी इलाकों में जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में टाटीबंध, डीडी नगर जोन-5, शंकर नगर, चौबे कॉलोनी, रामनगर, गुढ़ियारी, कोटा, कुशालपुर, देवेंद्र नगर, बजरंग नगर, टिकरापारा, जोरापारा, मंडी, नहरपारा, प्रोफेसर कॉलोनी, अर्जुन नगर और पारस नगर शामिल रहे। डीडी नगर जोन-5 में कई घरों के अंदर घुटनों तक पानी भर गया। टाटीबंध और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 में भी लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। कई परिवारों को रातभर घरों से पानी निकालना पड़ा। शंकर नगर और आसपास की कॉलोनियों में भी जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चौबे कॉलोनी में आसपास के पांच तालाबों का पानी रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। (Water Logging in Raipur)
अंडरब्रिज बने मुसीबत, घंटों फंसे वाहन
राजधानी के कई अंडरब्रिज बारिश के बाद पूरी तरह पानी में डूब गए। फाफाडीह अंडरब्रिज में सुबह करीब पांच बजे एक ट्रक पानी में फंस गया। ट्रक को निकालने में कई घंटे लग गए, जिसके कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इसी तरह कोटा अंडरब्रिज में भी भारी जलभराव हो गया। कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए और लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। यातायात पुलिस को कई स्थानों पर डायवर्जन लागू करना पड़ा ताकि जाम की स्थिति पर काबू पाया जा सके। इस बार बारिश का असर सिर्फ निचली बस्तियों तक सीमित नहीं रहा। अनुपम गार्डन, जीई रोड, शंकर नगर और अन्य पॉश कॉलोनियों की सड़कें भी पानी में डूब गईं। कई जगहों पर खड़ी कारें आधी तक पानी में डूबी नजर आईं। सोशल मीडिया पर ऐसी कई तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें लोग अपनी कारों को धक्का लगाते दिखाई दिए।
महापौर बंगले और विधानसभा भवन के बाहर भी जलभराव
बारिश का असर शहर के वीआईपी इलाकों में भी साफ दिखाई दिया। महापौर मीनल चौबे के सरकारी बंगले के बाहर नाली का पानी भर गया। वहीं नया रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन के सामने भी भारी जलभराव हो गया। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। बारिश के बाद नगर निगम प्रशासन सक्रिय हुआ। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी के निर्देश दिए। उन्होंने नालों के मुहानों की सफाई, अतिक्रमण हटाने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए। नगर निगम की टीमें कई इलाकों में मोटर पंप लगाकर पानी निकालने में जुटीं। (Water Logging in Raipur)
विपक्ष ने सरकार को घेरा
बारिश के बाद राजधानी में हुए जलभराव को लेकर विपक्ष ने सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि राजधानी के सभी 70 वार्डों में लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ वातानुकूलित कमरों में बैठक करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती। सरकार न गर्मी में लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करा पा रही है और न ही बारिश में जलभराव से राहत दिला पा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद पहली ही तेज बारिश में राजधानी की यह हालत क्यों हो गई। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सुबह से ही जलभराव वाले इलाकों में पहुंचे। उन्होंने गुढ़ियारी, रामनगर, कुशालपुर, पुरानी बस्ती, कोटा, प्रोफेसर कॉलोनी, देवेंद्र नगर, बजरंग नगर, जोरापारा, टिकरापारा, अर्जुन नगर, पारस नगर, मंडी और नहरपारा सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहली ही बारिश में राजधानी की व्यवस्था पूरी तरह चरचरा गई है। नगर निगम, महापौर, सांसद और राज्य सरकार सभी भाजपा के होने के बावजूद राहत कार्य समय पर नहीं हो पाए।
नालों की सफाई पर फिर उठे सवाल
उन्होंने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने तथा स्थायी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की। हर साल मानसून से पहले नगर निगम बड़े पैमाने पर नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा करता है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव होने के बाद इन दावों पर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शहर के कई प्रमुख नाले अतिक्रमण और सिल्ट जमा होने के कारण अपनी क्षमता के अनुरूप पानी की निकासी नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा तेजी से बढ़ते शहरीकरण और कंक्रीट निर्माण के कारण बारिश का पानी जमीन में समाने के बजाय सीधे सड़कों पर भर जाता है। (Water Logging in Raipur)
मौसम विभाग ने भारी बारिश की जताई आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र अभी कमजोर नहीं पड़ा है। इसके प्रभाव से 8 जुलाई तक रायपुर समेत मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं, अंडरब्रिज में पानी होने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन की हेल्पलाइन पर संपर्क करें। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।



