रायपुर के थ्रीडी फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत, आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

Accident in 3D Factory: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में मंगलवार शाम जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुआं फैल गया। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मजदूर का पैर शरीर से अलग होकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस, फायर ब्रिगेड, SDRF और फैक्ट्री प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में कमल सिंह और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के रहने वाले थे, जबकि तीसरे मृतक अरुण पांडे छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले थे। हादसे के बाद तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक थ्रीडी फैक्ट्री में पिग आयरन तैयार किया जाता है, जिससे ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए अलग-अलग पुर्जों का निर्माण किया जाता है। आशंका जताई जा रही है कि फैक्ट्री में इस्तेमाल किए जा रहे किसी सिलेंडर के फटने से यह भीषण विस्फोट हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि पूरी फैक्ट्री हिल गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर धुएं से भर गया। कई कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे, जबकि राहत दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। (Accident in 3D Factory)

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी, एडीसीपी (नॉर्थ) और एसीपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और SDRF की टीमों ने फैक्ट्री परिसर की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया कि अंदर कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।रायपुर के उरला में हुए विस्फोट ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी राज्य में कई बड़े औद्योगिक हादसे हो चुके हैं, जिनमें दर्जनों मजदूरों की जान जा चुकी है। (Accident in 3D Factory)
छत्तीसगढ़ के बड़े औद्योगिक हादसे
छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा औद्योगिक हादसा 23 सितंबर 2009 को कोरबा के बाल्को पावर प्लांट में हुआ था, जब निर्माणाधीन चिमनी गिरने से 45 मजदूरों की मौत हो गई थी। इसके बाद 14 अप्रैल 2026 को सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हुआ, जिसमें इलाज के दौरान 25 कर्मचारियों की मौत हो गई। वहीं 9 अक्टूबर 2018 को भिलाई स्टील प्लांट में गैस रिसाव और विस्फोट की घटना में 9 कर्मचारियों की जान चली गई थी। इसके अलावा 7 अक्टूबर 2025 में सक्ती जिले के आरकेएम पावरजेन प्राइवेट लिमिटेड के पावर प्लांट में मजदूरों को ले जा रही लिफ्ट गिरने से 4 मजदूरों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया था। (Accident in 3D Factory)



