मेलबर्न में PM मोदी का निवेश मंत्र, भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान, ग्रीन एनर्जी से इंफ्रास्ट्रक्चर तक खोले अवसर

India Australia CEO Forum: ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक अनिश्चितता, सप्लाई चेन संकट और ऊर्जा चुनौतियों के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया को स्वाभाविक-भरोसेमंद साझेदार बताते हुए दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2022 के ECTA समझौते के बाद दोनों देशों के आर्थिक संबंध और मजबूत हुए हैं और भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है। PM मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत में दीर्घकालिक निवेश के व्यापक अवसरों का भरोसा दिलाते हुए दोनों देशों की साझेदारी को राज्यों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों तक विस्तार देने पर भी जोर दिया।
यह भी पढ़ें:- मानसून ने देश के 97% हिस्से को किया कवर, कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट, अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी
PM मोदी ने कहा कि आज दुनिया अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावटें और ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ना स्वाभाविक भी है और आवश्यक भी है। पिछले कुछ सालों में हमने दोनों देशों की खूबियों का इस्तेमाल करते हुए अपनी भविष्य की साझेदारी के लिए एक मज़बूत ढांचा तैयार किया है। 2022 में रिकॉर्ड समय में हुए ECTA यानी इकोनॉमिक कोऑपरेशन एंड ट्रेड एग्रीमेंट समझौते ने हमारे आर्थिक रिश्तों को और मजबूत किया है। इसके लागू होने के बाद से भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है और दोनों देशों के व्यवसायों को नए बाजार तक पहुंचने का फायदा मिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हां क्लीन एनर्जी से जुड़ी कई कंपनियां मौजूद हैं। हम भारत में हाइड्रो प्रोजेक्ट्स, ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मॉड्यूल और विंड टर्बाइन के लिए मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बना रहे हैं। भारत ने 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता हासिल करने और 2070 तक नेट जीरो एमिशन तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया की टेक्नोलॉजी, कैपिटल और रिसोर्स इस बदलाव को तेज कर सकते हैं। हमने 2047 तक 100 गीगावाट न्यूक्लियर एनर्जी क्षमता का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया के यूरेनियम के विशाल भंडार भारत की न्यूक्लियर यात्रा से सीधे तौर पर मेल खाते हैं। भारत के पोर्ट, एयरपोर्ट, सड़क, रेलवे और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में ऑस्ट्रेलिया के लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टर्स के लिए अपार संभावनाएं है। (India Australia CEO Forum)

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के पेंशन फंड आज चार ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा एसेट मैनेज करते हैं। भारत में पेंशन की बचत को एक पवित्र अमानत माना जाता है। भारत आपके फंड को सुरक्षित, स्थिर और सस्टेनेबल ग्रोथ का अवसर देता है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपका भरोसा भी बढ़े और आपकी कैपिटल भी बढ़े। शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच स्वाभाविक तालमेल है। हमारा साझा लक्ष्य होना चाहिए कि हम स्टूडेंट मोबिलिटी को टैलेंट पार्टनरशिप में बदलें। हमारी साझेदारी सिर्फ हमारी राजधानियों या कुछ चुनिंदा शहरों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए। हमें अपने राज्यों, सभी तरह के शहरों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों के सभी संबंधित लोगों को इसमें शामिल करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि मेरा सुझाव है कि आगे बढ़ते हुए, हम राज्य-से-राज्य और सेक्टर-से-सेक्टर के बीच खास साझेदारियों की पहचान करें और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए रणनीतियां बनाएं। हम अपनी व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुझे भरोसा है कि आज की बातचीत से नए विचार, नई साझेदारियां और नई प्रतिबद्धताएं सामने आएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले भारत ने शांति एक्ट से न्यूक्लियर सेक्टर को प्राइवेट कंपनियों के लिए खोल दिया है। हमने 2047 तक 100 GW न्यूक्लियर एनर्जी का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया के विशाल यूरेनियम रिजर्व भारत की न्यूक्लियर यात्रा से सीधे रूप से जुड़ते हैं। हमारे लिए इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक अवसर हैं। (India Australia CEO Forum)




