छत्तीसगढ़ के 15 नगरीय निकायों में दिसंबर में होगा चुनाव, दो नई नगर पंचायतों में भी होगी वोटिंग, निर्वाचन आयोग ने तैयारी की तेज

Urban Local Body Election: छत्तीसगढ़ में इसी साल दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी चुनाव में प्रदेश के 15 नगरीय निकायों में आम चुनाव कराए जाएंगे, जबकि दो नवगठित नगर पंचायतों में पहली बार मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इसके अलावा आकस्मिक रिक्त हुए दो वार्ड पार्षद पदों पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। चुनाव की तैयारियों को लेकर 8 जुलाई को नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग मुख्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, 13 जुलाई से शुरू होगा पांच दिवसीय सत्र, 1033 सवालों के साथ सरकार को घेरने की तैयारी
बैठक में नगरीय प्रशासन और विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों, परिसीमन, आरक्षण, मतदाता सूची और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रशासनिक, कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है। दिसंबर में जिन नगरीय निकायों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, वहां आम चुनाव कराए जाएंगे। इनमें कुल 15 नगरीय निकाय शामिल हैं। (Urban Local Body Election)
इन 15 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव
चार नगर पालिक निगम
- बीरगांव
- भिलाई
- भिलाई-चरौदा
- रिसाली
पांच नगर पालिका परिषद
- जामुल
- सारंगढ़
- बैकुंठपुर
- शिवपुर-चरचा
- खैरागढ़
6 नगर पंचायत
- प्रेमनगर
- मारो
- कोंटा
- नरहरपुर
- भैरमगढ़
- भोपालपट्टनम
वहीं हाल ही में गठित तमनार और बड़ी करेली नगर पंचायतों में पहली बार चुनाव कराए जाएंगे। इन दोनों क्षेत्रों में पहली बार स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि जनता के सीधे मतदान से चुने जाएंगे। बैठक में नगरीय प्रशासन और विकास विभाग की सचिव आर. संगीता ने चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी 15 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब वार्ड पार्षदों के आरक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। नई नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि बड़ी करेली में वार्डों के परिसीमन और आरक्षण का कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में पहुंच चुका है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज होगी। (Urban Local Body Election)
उपचुनाव की भी तैयारी
आयोग सिर्फ आम चुनाव की तैयारी ही नहीं कर रहा, बल्कि दो वार्ड पार्षद पदों पर आकस्मिक रिक्तियों के कारण उपचुनाव कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। समीक्षा बैठक में इन उपचुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई, ताकि आम चुनाव के साथ ही इन सीटों पर भी मतदान कराया जा सके। जानकारी के मुताबिक राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की समीक्षा, मतदान दलों के गठन, ईवीएम की उपलब्धता, प्रशिक्षण और सुरक्षा व्यवस्था जैसी तैयारियों पर भी समानांतर रूप से काम कर रहा है। आयोग चाहता है कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, जिससे चुनाव कार्यक्रम में किसी प्रकार की देरी न हो।
भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार: डिप्टी CM अरुण साव
नगरीय प्रशासन मंत्री और डिप्टी CM अरुण साव ने चुनाव की तैयारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दिसंबर-जनवरी में 15 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं और राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहती है। उन्होंने कहा कि पिछले नगरीय निकाय चुनाव में 10 नगर निगमों में भाजपा को सफलता मिली थी। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में शहरों की स्थिति खराब हुई, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सड़क, पेयजल और विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर शहरों को व्यवस्थित बनाने का काम कर रही है। (Urban Local Body Election)
चुनावी सरगर्मी बढ़ने के संकेत
राज्य निर्वाचन आयोग की बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ेगी। आने वाले महीनों में परिसीमन, आरक्षण, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन और चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी तेज होंगी। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दल अपने-अपने संभावित उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर काम शुरू करेंगे। दिसंबर में होने वाले ये चुनाव सिर्फ स्थानीय सरकार चुनने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इन्हें प्रदेश की शहरी राजनीति का बड़ा राजनीतिक मुकाबला भी माना जा रहा है। चुनाव परिणामों को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की राजनीतिक दिशा तय करने वाले संकेतों के रूप में भी देखा जाएगा। ऐसे में सभी प्रमुख दलों की नजर इन चुनावों पर टिकी हुई है।



