छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, 13 जुलाई से शुरू होगा पांच दिवसीय सत्र, 1033 सवालों के साथ सरकार को घेरने की तैयारी

Chhattisgarh Monsoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी। विधानसभा सचिवालय के मुताबिक इस बार के सत्र के लिए सदस्यों की ओर से 1033 सवाल लगाए गए हैं। विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के विधायकों ने भी अलग-अलग विभागों से जुड़े मुद्दों पर सवाल लगाए हैं। इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के जरिए भी कई अहम विषय सदन में उठाए जाएंगे। इस बार के मानसून सत्र में नकटी गांव, किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों, अलग-अलग विभागों की योजनाओं समेत जनहित से जुड़े मुद्दों पर सदन में जोरदार हंगामे के आसार हैं। सरकार और विपक्ष दोनों ने सत्र को लेकर अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है।
विधानसभा सत्र से ठीक एक दिन पहले 12 जुलाई को छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में शाम 5 बजे शांति नगर स्थित उनके निवास पर होगी। बैठक में कांग्रेस विधायक मानसून सत्र के दौरान सरकार को मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार करेंगे। किसानों की समस्याएं, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और प्रशासनिक अनियमितताओं जैसे विषयों पर विपक्ष की ओर से सरकार को घेरने की तैयारी है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवविवाहिताओं को चांदी की जगह गिलट के मंगलसूत्र दिए जाने का मामला भी इस बार विधानसभा में गूंजेगा। (Chhattisgarh Monsoon Session)

कांग्रेस विधायक संदीप साहू और बालेश्वर साहू ने इस मामले को लेकर विधानसभा में सवाल लगाए हैं। मामला 10 फरवरी 2026 का है, जब खड़गवां ब्लॉक के चनवारीडांड़ स्थित महामाया मंदिर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 184 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया था। शादी के बाद कई नवविवाहिताओं ने आरोप लगाया था कि उन्हें चांदी के बजाय गिलट के मंगलसूत्र दिए गए। मामला सामने आने के बाद इसे मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक गुलाब कमरो और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने भी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। जांच रिपोर्ट में खरीद प्रक्रिया और शासकीय क्रय नियमों के पालन में अनियमितताएं सामने आईं।
हर सवाल का जवाब देने को तैयार: डिप्टी CM साव
रिपोर्ट के आधार पर महिला और बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए संचालक को पत्र भेजा गया। विभागीय संचालक ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को नोटिस जारी कर दिया है। अंतिम निर्णय अब राज्य शासन स्तर पर लिया जाएगा। इधर, डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि विधानसभा का मानसून सत्र 13 से 17 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान 8 विधेयक भी सदन में पेश किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी और सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। साव ने कहा कि राज्य सरकार लगातार विकास और जनहित के कार्य कर रही है तथा सदन में सभी मुद्दों पर तथ्यात्मक जवाब दिया जाएगा। (Chhattisgarh Monsoon Session)
सत्र पर रहेगी सभी की नजर
पांच दिवसीय मानसून सत्र भले ही अवधि में छोटा हो, लेकिन प्रश्नों की संख्या, संभावित विधेयकों और विपक्ष के तेवरों को देखते हुए यह सत्र काफी अहम माना जा रहा है। एक ओर कांग्रेस सरकार को जनहित और अनियमितताओं के मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार विकास कार्यों और योजनाओं के आधार पर विपक्ष के सवालों का जवाब देने का दावा कर रही है। ऐसे में 13 जुलाई से शुरू होने वाला विधानसभा का मानसून सत्र राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण रहने की संभावना है। इसके साथ ही विधानसभा का यह मानसून सत्र प्रदेश की राजनीति का रुख तय करने वाला और तीखी बहसों का गवाह बनने वाला है।



