BJP ने 2028 विधानसभा चुनाव के लिए कसी कमर, 17 प्रकोष्ठों को मिला बूथ तक संगठन मजबूत करने का टास्क, CM साय बोले- कार्यकर्ता का दिमाग बर्फ फैक्ट्री और मुंह शक्कर फैक्ट्री होना चाहिए

Chhattisgarh BJP Cells Meeting: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर बड़ी कवायद शुरू कर दी है। शुक्रवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा के 17 प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक आयोजित की गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेशभर से आए प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, सोशल मीडिया पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही सभी प्रकोष्ठों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार का लक्ष्य तय किया गया।
यह भी पढ़ें:- पीजी में घुसकर नर्सिंग छात्रा की हत्या, युवक ने किए चाकू से ताबड़तोड़ वार, एक महीने पहले ही पढ़ाई के लिए आई थी भिलाई
10-10 कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने का लक्ष्य
बैठक में सभी प्रकोष्ठ पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 10-10 नए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करें। संगठन को नीचे तक मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय नेटवर्क तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही नवगठित जिलों के संयोजकों और सहसंयोजकों को भी संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में सोशल मीडिया को भाजपा की सबसे अहम रणनीति का हिस्सा बताया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और पार्टी की विचारधारा को लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें। साथ ही कांग्रेस के फैलाए जाने वाले कथित भ्रम और दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने के निर्देश भी दिए गए।
अलग-अलग प्रकोष्ठों को मिली अलग जिम्मेदारी
बैठक में हर प्रकोष्ठ की भूमिका भी स्पष्ट की गई। किसान मोर्चा किसानों के बीच जाकर कृषि, खाद और किसान हितों से जुड़े विषयों पर काम करेगा। युवा मोर्चा CGPSC मामले में सीबीआई जांच, युवाओं के हित में सरकार के फैसलों और रोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाएगा। वहीं अन्य प्रकोष्ठों को समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच पार्टी की रीति-नीति और सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी दी गई। पदाधिकारियों को सरकार की उपलब्धियों की बुकलेट अपने साथ रखने और जनसंपर्क के दौरान उसका उपयोग करने की भी सलाह दी गई। (Chhattisgarh BJP Cells Meeting)
CM साय ने बताए अच्छे भाजपा कार्यकर्ता के चार गुण
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए चार महत्वपूर्ण गुण बताए। उन्होंने कहा कि एक अच्छे कार्यकर्ता के सिर में बर्फ, मुंह में शक्कर, पैरों में चक्र और पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा होनी चाहिए। CM साय ने कहा कि कार्यकर्ता का दिमाग बर्फ फैक्ट्री होना चाहिए, यानी उसका दिमाग हमेशा शांत रहे। मुंह में शक्कर फैक्ट्री होनी चाहिए, यानी उसकी वाणी मधुर हो। पैरों में चक्र होना चाहिए ताकि वह लगातार लोगों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और पार्टी की विचारधारा पहुंचा सके। और पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा होनी चाहिए ताकि संगठन में प्रेम और समर्पण बना रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सोशल मीडिया का दौर है और वहां भी कांग्रेस के फैलाए जा रहे भ्रम का लगातार जवाब देना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। (Chhattisgarh BJP Cells Meeting)
सरकार की योजनाओं के प्रचार से दोबारा बनेगी सरकार: CM
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अगर योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार होगा तो जनता का विश्वास और मजबूत होगा तो सरकार दोबारा सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी वर्गों के बीच सेतु बनकर काम करें, सरकार की योजनाओं की जानकारी हर जरूरतमंद तक पहुंचाएं और टीम भावना के साथ परिवार की तरह कार्य करें। साथ ही उन्होंने नसीहत दी कि संगठन के अंदर की बातें बाहर नहीं जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर यह भी बताना होगा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीबों के अधिकारों का हनन हुआ था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गरीब, किसान, युवा और हर वर्ग के हित में काम कर रही है। कार्यकर्ताओं को छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान और सरकार की उपलब्धियों की भी जानकारी लोगों तक पहुंचानी चाहिए।
365 दिन सक्रिय रहता है संगठन: प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव
CM साय ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति हैं। सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित कार्यकर्ताओं के सतत प्रयास ही भाजपा के जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे 365 दिन संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए जनता के बीच काम करती है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व से मिलने वाले कार्यक्रमों और निर्देशों के आधार पर प्रांत से लेकर बूथ स्तर तक लगातार संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि पहले मोर्चों की कार्यशाला आयोजित की गई थी और अब 17 प्रकोष्ठों की कार्यशाला संपन्न हुई है। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। (Chhattisgarh BJP Cells Meeting)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नए दायित्व मिलने के बाद पहली बार 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। उन्होंने सभी नवदायित्वधारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पार्टी की रीति-नीति और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेकर काम करें। राजनीतिक जानकार इस बैठक को भाजपा की 2028 विधानसभा चुनाव की शुरुआती संगठनात्मक तैयारी के रूप में देख रहे हैं। बूथ स्तर तक संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण, सोशल मीडिया नेटवर्क को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं के प्रचार और अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि भाजपा ने चुनावी तैयारी अभी से तेज कर दी है।



