Google Analytics —— Meta Pixel

पीजी में घुसकर नर्सिंग छात्रा की हत्या, युवक ने किए चाकू से ताबड़तोड़ वार, एक महीने पहले ही पढ़ाई के लिए आई थी भिलाई

Nursing Student Murder: छत्तीसगढ़ के भिलाई से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक पीजी में रह रही 19 साल की नर्सिंग छात्रा खुशी साहू की अज्ञात युवक ने कमरे में घुसकर चाकू से हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई, जब उसकी रूममेट नहाने गई हुई थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शुरुआती जांच में एक कथित प्रेमी पर संदेह जताया जा रहा है। मृतिका बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के कुम्ही गांव की रहने वाली थी, जो करीब एक महीने पहले ही पढ़ाई के लिए भिलाई आई थी और शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी-फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी।

यह भी पढ़ें:- जिसे नशेड़ी कहकर मंडप में शादी से किया था इनकार, 16 दिन बाद उसी के साथ मंदिर में लिए सात फेरे, मुस्कान-संत कुमार बने हमसफर

परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए उसने पढ़ाई के साथ-साथ वैशाली नगर स्थित एक कैफे में नौकरी भी शुरू कर दी थी। परिजनों के मुताबिक खुशी अपने दम पर पढ़ाई पूरी कर आत्मनिर्भर बनना चाहती थी। पुलिस के मुताबिक खुशी रामनगर इलाके में किराए के पीजी में रहती थी। करीब पांच दिन पहले उसकी एक सहेली भी गांव से भिलाई आई थी और उसी कमरे में रहने लगी थी। शुक्रवार सुबह लगभग 11:30 से 12 बजे के बीच रूममेट नहाने के लिए बाथरूम गई थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और खुशी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जब सहेली बाहर निकली तो उसने खुशी को कमरे के फर्श पर खून से लथपथ पड़ा देखा। उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

पहले कहा- नस काट ली, फिर बताया युवक ने किया हमला

पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को सुपेला अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरे घटना में रूममेट के शुरुआती बयान ने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक उसने सबसे पहले मृतिका के परिजनों को फोन कर कहा कि खुशी ने अपने हाथ की नस काट ली है और जल्द अस्पताल पहुंचें। बाद में उसने बताया कि एक युवक कमरे में आया था और उसने चाकू से हमला कर दिया। इसी विरोधाभासी जानकारी को देखते हुए पुलिस रूममेट से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। शुरुआती जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि खुशी की एक युवक से बातचीत होती थी। पुलिस को शक है कि वारदात के पीछे वही युवक हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

भाई ने बताया- अपने दम पर पढ़ना चाहती थी खुशी

पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक की पहचान की है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। अफेयर, व्यक्तिगत विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतिका के चचेरे भाई देव कुमार साहू ने बताया कि खुशी ने परिवार से कहा था कि वह अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाएगी। इसी वजह से कॉलेज शुरू होने से पहले ही उसने कैफे में नौकरी शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें सूचना मिली थी कि खुशी ने अपने हाथ काट लिए हैं, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसकी सहेली ने बताया कि एक युवक कमरे में आया था और चाकू से हमला कर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि एक युवक का नाम सामने आ रहा है, लेकिन पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। (Nursing Student Murder)

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि छात्रा पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करने के साथ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि छात्रा पर कितने वार किए गए। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, साथ ही मृतका की सहेली, परिचितों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने और सभी साक्ष्य सामने आने के बाद ही किया जाएगा। (Nursing Student Murder)

Nursing Student Murder

Back to top button
error: Content is protected !!