Google Analytics —— Meta Pixel

जिसे नशेड़ी कहकर मंडप में शादी से किया था इनकार, 16 दिन बाद उसी के साथ मंदिर में लिए सात फेरे, मुस्कान-संत कुमार बने हमसफर

Muskan Sant Kumar Wedding: 23 जून को जिस मंडप में दुल्हन ने दूल्हे को कथित तौर पर नशे में देखकर शादी से इनकार कर दिया था, उसी रिश्ते ने अब नया जन्म लिया है, जिस संत कुमार को मुस्कान ने सबके सामने अपना जीवनसाथी बनाने से मना कर दिया था, उसी संत कुमार का हाथ अब उसने पूरे विधि-विधान और हिंदू रीति-रिवाज से थाम लिया है। यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि उन सवालों, आरोपों, गलतफहमियों और भावनाओं की कहानी है, जिसने पिछले 16 दिनों से पूरे छत्तीसगढ़ का ध्यान अपनी ओर खींच रखा था। गुरुवार को अचानक हुए इस घटना ने हर किसी को चौंका दिया। परिवार परामर्श केंद्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने पहुंची मुस्कान दोपहर बाद घर जाने के बजाय सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गई। वहां मनका दाई मंदिर में दोनों ने सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया, जिस शादी के टूटने की तस्वीरें 23 जून को सुर्खियां बनी थी, उसी शादी के पूरे होने की खबर अब फिर से पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी, 24 IPS अफसरों का ट्रांसफर, अजय यादव बने राजनांदगांव रेंज IG, कई जिलों के बदले SP

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, 23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में संत कुमार बारात लेकर मुस्कान के घर पहुंचे थे। शादी की रस्में शुरू ही होने वाली थी कि दुल्हन ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे की हालत में है। इसके बाद उसने मंडप में ही शादी करने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते खुशियों का माहौल विवाद में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और आखिरकार बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं और मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया। इस फैसले की सराहना करते हुए जांजगीर-चांपा के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने मुस्कान को सम्मानित किया और परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी। (Muskan Sant Kumar Wedding)

16 दिन बाद आया कहानी में ट्विस्ट

समय बीता, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। मुस्कान और संत कुमार ने बताया कि शादी टूटने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा। फोन पर लगातार संपर्क में रहने के दौरान दोनों ने पूरे घटना पर चर्चा की। धीरे-धीरे दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हुईं और रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला लिया गया। गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र पहुंची। दोपहर करीब दो बजे वह वहां से निकली, लेकिन घर जाने के बजाय सीधे खोखरा गांव पहुंच गई, जहां संत कुमार पहले से मौजूद थे। मनका दाई मंदिर में दोनों ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। बताया जा रहा है कि लड़के के परिवार को शादी की जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को बाद में इसकी सूचना मिली। (Muskan Sant Kumar Wedding)

शराब नहीं पी, कोल्ड ड्रिंक में मिला दिया गया था नशीला पदार्थ: दूल्हा

संत कुमार ने कहा कि वह शराब नहीं पीता। उसने बताया कि शादी वाले दिन किसी ने उसकी कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई। संत कुमार का कहना है कि लोगों ने उसे शराब के नशे में समझ लिया। बाद में उसने मुस्कान को पूरी बात बताई, माफी भी मांगी और भरोसा दिलाया कि वह हमेशा उसके विश्वास पर खरा उतरेगा। उसने यह भी कहा कि वह खुद नशामुक्ति अभियानों से जुड़ा रहा है और नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करता है। मुस्कान ने कहा कि शादी वाले दिन संत कुमार की हालत देखकर उसे लगा था कि उन्होंने शराब पी रखी है। इसी वजह से उसने शादी रोक दी थी। हालांकि बाद में दोनों की लगातार बातचीत हुई। संत कुमार ने अपनी सफाई दी कि उन्होंने शराब नहीं पी थी और किसी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला दिया था। बातचीत के बाद दोनों के बीच विश्वास फिर से बना और उन्होंने शादी करने का फैसला लिया।

मोबाइल बंद होने पर पुलिस भी हुई सक्रिय

मुस्कान ने कहा कि अब दोनों के बीच कोई गलतफहमी नहीं है और वह अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रही है। इधर, जब मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद घर नहीं पहुंची और उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। चांपा की सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मुताबिक पुलिस और साइबर टीम ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर पर हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से बातचीत की। मुस्कान ने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ आई हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी है। CSP योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि दोनों ने पुलिस को बताया कि शादी टूटने के बाद भी वे लगातार संपर्क में थे। बातचीत के दौरान उनके बीच की गलतफहमियां दूर हुईं। इसके बाद दोनों ने मनका दाई मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। हालांकि एक सवाल अब भी बाकी है। (Muskan Sant Kumar Wedding)

इस पूरे घटना में सबसे बड़ा सवाल अब भी वही है, जिसने 23 जून को इस शादी को सुर्खियों में ला दिया था। संत कुमार और मुस्कान दोनों का दावा है कि शादी वाले दिन कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया गया था और उसी वजह से पूरी गलतफहमी पैदा हुई। फिलहाल कहानी का अंत नहीं, नई शुरुआत हुई है। 23 जून को जिस रिश्ते को मंडप में खत्म मान लिया गया था, वही रिश्ता अब मंदिर में सात फेरों के साथ नई शुरुआत कर चुका है, जिस मुस्कान को उसके फैसले के लिए पूरे प्रदेश में सराहा गया था, उसी मुस्कान ने अब अपनी इच्छा से संत कुमार को जीवनसाथी चुना है। वहीं संत कुमार का कहना है कि उन्हें अपनी बेगुनाही साबित करने और रिश्ता बचाने का दूसरा मौका मिला। मंडप में टूटी यह शादी अब मंदिर में पूरी हो चुकी है। हालांकि शादी वाले दिन की घटना को लेकर दोनों के दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इतना तय है कि 16 दिनों में बदली इस कहानी ने एक बार फिर जांजगीर-चांपा ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!