Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी, 24 IPS अफसरों का ट्रांसफर, अजय यादव बने राजनांदगांव रेंज IG, कई जिलों के बदले SP

Transfers of IPS officers: छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस महकमे में लंबे समय बाद बड़ा फेरबदल करते हुए 24 IPS) अफसरों का ट्रांसफर कर दिया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक एक रेंज के IG, कई DIG, AIG और 12 जिलों के SP का तबादला किया गया है। इसे राज्य में कानून-व्यवस्था को और ज्यादा प्रभावी समेत सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। ट्रांसफर सूची में सबसे अहम बदलाव अजय कुमार यादव का माना जा रहा है। नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद पर पदस्थ अजय यादव को अब राजनांदगांव रेंज का नया IG बनाया गया है। वहीं राजनांदगांव रेंज के तत्कालीन IG बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय नया रायपुर भेजा गया है।

यह भी पढ़ें:- भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को मिली नई मजबूती, विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गिनाईं बड़ी उपलब्धियां

बस्तर रेंज के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल की भी पुलिस मुख्यालय में नई पदस्थापना की गई है। सरकार के इस फैसले के तहत नक्सल प्रभावित और संवेदनशील जिलों में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक गुर्जर को सुकमा जिले की कमान सौंपी गई है। सुरक्षा और नक्सल विरोधी अभियानों के लिहाज से इन जिलों को राज्य के सबसे अहम जिलों में माना जाता है। जिलों में हुए फेरबदल के तहत हरीश राठौर को कोरिया, भावना पांडेय को धमतरी, राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, चव्हाण किरण गंगाराम को बालोद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम और सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

CG police Transfer
छत्तीसगढ़ पुलिस

त्रिलोक बंसल को बेमेतरा जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। तबादला सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए पुलिस मुख्यालय और फील्ड पोस्टिंग के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को और ज्यादा चुस्त-दुरुस्त बनाने, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जिलों में बेहतर प्रशासनिक समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह बड़ा फेरबदल किया है। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के जिलों में किए गए बदलावों को सुरक्षा रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक बदलाव के बाद आने वाले दिनों में अलग-अलग जिलों और रेंज स्तर पर नई कार्यशैली समेत प्रशासनिक प्राथमिकताओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है। लंबे समय बाद हुए इस बड़े फेरबदल को राज्य पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें कई जिलों के एसपी बदले गए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। (Transfers of IPS officers)

देखें पूरी लिस्ट

Back to top button
error: Content is protected !!