Google Analytics —— Meta Pixel

‘अगर ईरान ने मेरी हत्या की कोशिश की तो तबाह कर देंगे’ : ट्रंप की कड़ी चेतावनी, तनाव फिर बढ़ा

ट्रंप का दावा- 1000 मिसाइलें पहले से तैयार, ईरान ने कहा- अमेरिका पर नहीं है कोई भरोसा

Iran US Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी हत्या की जाती है या हत्या की कोई साजिश रची जाती है, तो अमेरिका इसका बेहद कठोर जवाब देगा।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि यदि ईरानी सरकार दुनिया के किसी भी हिस्से में उनकी हत्या या हत्या की कोशिश करती है, तो अमेरिका की 1000 मिसाइलें पहले से ही ईरान को निशाना बनाकर तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हजारों अतिरिक्त मिसाइलें भी तत्काल तैनात की जा सकती हैं। ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेना को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं और जरूरत पड़ने पर ईरान के किसी भी हिस्से पर कार्रवाई करने की पूरी क्षमता अमेरिका के पास है।

इस बीच, ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने भी अमेरिका को सख्त संदेश दिया है। इंडोनेशिया की पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली के स्पीकर अहमद मुजानी से मुलाकात के बाद जारी अपने आधिकारिक टेलीग्राम संदेश में गालिबाफ ने कहा कि ईरान को अमेरिका पर बिल्कुल भरोसा नहीं है।

गालिबाफ ने दावा किया कि हालिया शांति वार्ता के दौरान उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से स्पष्ट कहा था कि केवल वही देश अमेरिका से बातचीत कर सकता है, जो युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार हो। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका किसी भी समझौते या एमओयू से पीछे हटता है, तो ईरान अपनी रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और देश की संप्रभुता तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा।

इससे पहले ट्रंप ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है और अमेरिका इसके लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को स्पष्ट कर दिया है कि दोनों देशों के बीच लागू युद्धविराम (सीजफायर) अब समाप्त हो चुका है। (Iran US Tensions)

अमेरिका और ईरान के नेताओं के इन बयानों के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर चिंताएं बढ़ गई हैं। (Iran US Tensions)

Back to top button
error: Content is protected !!