Google Analytics —— Meta Pixel

भारत विरोधी नारे सिखाने के आरोपी मामले में नया मोड़, शिकायतकर्ता ने वीडियो जारी कर पति को बताया निर्दोष

रायगढ़। नाबालिग को कथित तौर पर भारत विरोधी नारे सिखाने और महिला प्रताड़ना के आरोप में दर्ज मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस महिला की शिकायत पर आरोपी वसीम मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, उसी महिला ने अब सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने पति को निर्दोष बताया है। उसने कहा कि उसने क्षणिक आवेश में आकर शिकायत दर्ज कराई थी और अब उसके पति को परेशान नहीं किया जाए।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला प्रताड़ना, राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल कथित अभिकथन तथा अन्य आरोपों से जुड़े मामले की विवेचना तेज गति से की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में जांच की जिम्मेदारी पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सौंपी गई।

पुलिस ने बताया कि 29 मई 2026 को एक स्थानीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके पति मोहम्मद वसीम ने उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया तथा उसके नाबालिग पुत्र को “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे कथित भारत विरोधी नारे सिखाए। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

महिला की शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 351, 152 एवं 197 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मोहम्मद वसीम (43), निवासी जोगीडीपा, रायगढ़, 25 मई 2026 को करीब छह किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार हुआ था और एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है।

महिला थाना में दर्ज प्रकरण की जांच के लिए निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को एक दिन की पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल ले जाकर पूछताछ, स्थल निरीक्षण तथा अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान आरोपी ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उसे पुनः न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता के नए वीडियो से आया नया मोड़

इस बीच मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब शिकायतकर्ता महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उसके पति वसीम निर्दोष हैं। महिला ने दावा किया कि उसने क्षणिक आवेश में शिकायत दर्ज कराई थी और अब वह अपने आरोपों पर पुनर्विचार कर रही है। वीडियो में उसने पुलिस और शहर के लोगों से उसके पति को परेशान नहीं करने की अपील भी की है।

हालांकि, महिला के इस नए बयान के बावजूद पुलिस का कहना है कि दर्ज अपराध की विवेचना साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर जारी रहेगी।

बजरंग दल ने किया था प्रदर्शन

गौरतलब है कि मामला सामने आने के बाद बजरंग दल समेत कुछ हिंदूवादी संगठनों ने इसे कथित “लव जिहाद” से जोड़ते हुए शहर में प्रदर्शन किया था। शिकायतकर्ता के नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई नई आधिकारिक टिप्पणी जारी नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।

यह भी पढ़े :- भारत विरोधी नारे सिखाने के आरोपी मामले में नया मोड़, शिकायतकर्ता ने वीडियो जारी कर पति को बताया निर्दोष

Back to top button
error: Content is protected !!