Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में दरिंदगी: घर लौट रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म, तीनों आरोपी गिरफ्तार

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में एक 48 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। खेत से घर लौट रही महिला को तीन युवकों ने जबरन रास्ते में रोक लिया और खेत में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रास्ते में रोककर खेत में ले गए आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम महिला खेत की जुताई का भुगतान करने के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपी महिला को खींचकर सड़क किनारे स्थित एक खेत में ले गए। वहां आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया।

सजग ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना के दौरान पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद एक ग्रामीण ने सूझबूझ दिखाई और तत्काल ‘डायल-112’ के जरिए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन की आहट पाते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित निकाला और तुरंत चिकित्सीय परीक्षण व कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

तीनों आरोपी एक ही गांव के, भेजे गए जेल

पीड़िता ने आरोपियों की पहचान कर ली, क्योंकि वे सभी उसी के गांव के रहने वाले हैं। रघुनाथनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तुलसीदास साहू, चरकू साहू और राजकुमार खेरवार के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है। रविवार को फोरेंसिक और विशेषज्ञ टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस सुनसान इलाके में यह वारदात हुई, वहां अक्सर असमाजिक तत्वों और शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!