Google Analytics —— Meta Pixel

कमजोर पड़ा मानसून अब फिर दिखाएगा दम, उत्तरप्रदेश-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

India Monsoon Update: देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून का स्वरूप एक बार फिर बदलने जा रहा है। पिछले तीन-चार दिनों से राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में कमजोर पड़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून आगामी एक हफ्ते के भीतर फिर सक्रिय होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 20 जुलाई के आसपास मानसूनी गतिविधियां दोबारा तेज होंगी, जबकि पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। ताजा सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वी भारत, मध्य भारत समेत पूर्वोत्तर राज्यों के ऊपर घने बारिश वाले बादल दिखाई दे रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।

यह भी पढ़ें:- क्या है सैंडफ्लाई से फैलने वाला चांदीपुरा वायरस, क्यों इसकी मृत्यु दर है 75% तक और मानसून में क्यों बढ़ जाता है इसका खतरा ?

इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 18 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 6 से 7 दिनों तक लगातार भारी बारिश होने का अनुमान है।उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रदेश में दो राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 126 सड़कें बंद हो चुकी हैं। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी के पास लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा। वहीं रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बने घाट पूरी तरह पानी में डूब गए।देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (India Monsoon Update)

हरियाणा और दिल्ली में बढ़ा जलस्तर

हिमाचल प्रदेश से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण हरियाणा में यमुना और मारकंडा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। दिल्ली में भी यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसी बीच रविवार को यमुना में नहाने गए चार बच्चे तेज बहाव में बह गए, जिससे प्रशासन ने नदी किनारे लोगों को जाने से बचने की अपील की है। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित सलाल बांध के कई गेट खोले जाने के बाद चिनाब नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।बारामूला में सोमवार सुबह हल्का कोहरा भी देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी कुछ समय के लिए कम हो गई। राजस्थान में मानसून का पहला दौर खत्म होने के बाद बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर पड़ गई हैं। (India Monsoon Update)

उत्तर प्रदेश में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

मौसम विभाग के मुताबिक अगले लगभग एक हफ्ते तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। रविवार को फलोदी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश में सोमवार को 22 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें आठ जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पिछले 24 घंटे में गोरखपुर में 168 मिमी, बहराइच में 129 मिमी, अंबेडकरनगर में 125 मिमी तथा संतकबीर नगर में 109.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मेरठ में भारी बारिश के बाद एक अंडरपास में करीब 10 फीट पानी भर गया, जिसमें एक तांगा और उसका घोड़ा डूब गया।

बिहार में अब भी सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश

भारी बारिश के अलर्ट के बावजूद बिहार में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से लगभग 47 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 27 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक रायपुर सहित कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। राज्य में एक जून से अब तक 252.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश 320.6 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक लगभग 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पंजाब के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है जबकि हरियाणा के नौ जिलों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। भिवानी हरियाणा का सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 14 जुलाई को बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, सिक्किम, असम और मेघालय में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश समेत गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!