एक तरफ बारिश का कहर, दूसरी ओर सूखी धरती, देश में बदला मानसून का ट्रेंड, जानिए अगले एक हफ्ते का पूरा मौसम ?

India Weather Update: देशभर में मानसून इस समय दो अलग-अलग तस्वीरें पेश कर रहा है। एक ओर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं, सड़कें बंद हो रही हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से फिलहाल कमजोर मानसून के कारण बारिश का इंतजार कर रहे हैं।भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति स्थायी नहीं है। 20 जुलाई के आसपास मानसून एक बार फिर पूरे उत्तर-पश्चिम भारत की ओर सक्रिय होगा और बारिश की रफ्तार तेज होगी।
क्यों बदल रहा है मानसून ?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान समय में बांग्लादेश और पूर्वोत्तर भारत के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम औप सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मानसूनी बादलों को पूर्वी और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर आकर्षित कर रहे हैं। इसी कारण पूर्वी भारत में भारी बारिश हो रही है जबकि पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रदेश में 126 सड़कें बंद हैं। केदारनाथ और यमुनोत्री मार्ग समेत कई जगह पर प्रभावित हुए हैं। रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के करीब बह रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि हिमालय के पहाड़ भूगर्भीय दृष्टि से अभी भी अपेक्षाकृत युवा और कमजोर हैं। लगातार भारी बारिश, जंगलों की कटाई, सड़क निर्माण, सुरंग परियोजनाएं और जलवायु परिवर्तन जैसी वजहों से भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
मैदानी इलाकों में भी बढ़ा खतरा
हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मारकंडा और यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण कई गांवों में पानी भर गया है। प्रशासन निचले इलाकों पर लगातार निगरानी रख रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, बहराइच, अंबेडकरनगर और संतकबीर नगर में पिछले 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। मेरठ में जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। बिहार में भारी बारिश के बावजूद पूरे मानसून सीजन में अभी तक सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। (India Weather Update)
राजस्थान और गुजरात में बारिश का इंतजार
राजस्थान में अगले एक हफ्ते तक बारिश की संभावना कम बताई गई है। हालांकि कुछ उत्तरी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में तेज धूलभरी हवाओं के चलने का अनुमान भी व्यक्त किया गया है। फलोदी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर बना हुआ है। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 6 से 7 दिनों तक पूर्वी भारत, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें:- कमजोर पड़ा मानसून अब फिर दिखाएगा दम, उत्तरप्रदेश-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
20 जुलाई के आसपास मानसून पश्चिमी भारत की ओर दोबारा सक्रिय होगा और राजस्थान, गुजरात समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। फिलहाल प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने, नदी-नालों से दूर रहने और भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। आने वाले हफ्ते में मानसून का बदला हुआ रुख देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का नया मिजाज तय करेगा, क्योंकि मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते मानसून के फिर सक्रिय होने के साथ मौसम का संतुलन बदल सकता है और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है। (India Weather Update)



