Google Analytics —— Meta Pixel

एसएसपी कार्यालय के सामने हाई वोल्टेज ड्रामा: गर्भवती महिला सवार कार को क्रेन से उठाने की कोशिश, रिकवरी एजेंटों पर दबंगई का आरोप

बिलासपुर। न्यायधानी में फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों की कथित दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के ठीक सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब बकाया ईएमआई (EMI) वसूलने पहुंचे फाइनेंस कर्मियों ने एक कार को क्रेन से खींचने का प्रयास किया। गंभीर बात यह थी कि उस वक्त कार के भीतर एक गर्भवती महिला बैठी हुई थी। घटना को लेकर सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

क्रेन अड़ाकर रोकने का प्रयास, डायल-112 ने संभाला मोर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रिकवरी टीम ने बीच सड़क पर कार के आगे अपनी क्रेन अड़ा दी और वाहन को जबरन जब्त करने की कोशिश करने लगे। कार मालिक ने जब इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और झूमाझटकी की नौबत आ गई। बीच शहर और पुलिस मुख्यालय के सामने बढ़ते विवाद को देख राहगीरों ने तत्काल ‘डायल-112’ को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।

तनाव से बिगड़ी महिला की तबीयत, पुलिस की मौजूदगी में चुकाई किस्त

इस पूरे घटनाक्रम और तीखी बहस के दौरान कार में बैठी गर्भवती महिला अत्यधिक तनाव में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। वहां मौजूद स्थानीय लोगों और महिलाओं ने तुरंत मोर्चा संभाला और पीड़ित महिला को ढांढस बंधाकर शांत कराया। बाद में पुलिस की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जहां कार मालिक द्वारा बकाया किस्त का भुगतान करने के बाद मामला शांत हुआ और वाहन को छोड़ा गया।

फाइनेंस कंपनी का पलटवार: ‘विवाद के लिए जानबूझकर पत्नी को बुलाया’

दूसरी ओर, फाइनेंस कंपनी ने कार मालिक के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। कंपनी के प्रतिनिधियों का कहना है कि उक्त वाहन पर कई महीनों की ईएमआई बकाया थी और बार-बार नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं किया जा रहा था। कंपनी का दावा है कि कार्रवाई से बचने और विवाद को दूसरा रूप देने के लिए कार मालिक ने जानबूझकर अपनी गर्भवती पत्नी को मौके पर बुलाया और हंगामा खड़ा किया।

वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

इस पूरे हंगामे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रिकवरी एजेंट और कार मालिक के बीच बहस साफ देखी जा सकती है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि वे घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों में से किसी भी पक्ष की ओर से यदि लिखित शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!