छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र, वेदांता प्लांट हादसे में 25 मौतों पर सदन में जोरदार हंगामा, भूपेश-महंत ने सरकार को घेरा

Opposition Walkout Over Vedanta: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सक्ती जिले के वेदांता प्लांट में हुए भीषण हादसे का मुद्दा प्रश्नकाल के दौरान उठा। हादसे में 25 लोगों की मौत को लेकर विपक्ष ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया और वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई, पूछताछ और गिरफ्तारी को लेकर तीखे सवाल किए। सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया और अंततः वॉकआउट कर दिया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रश्नकाल में सरकार से पूछा कि वेदांता प्लांट हादसे के मामले में कंपनी के मालिक अनिल अग्रवाल से पूछताछ या गिरफ्तारी के लिए क्या पुलिस गई है? क्या उनकी गिरफ्तारी की कोई कोशिश की गई है? महंत ने कहा कि ब्वायलर फटने की इस घटना में 25 लोगों की जान चली गई, ऐसे में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान 3.0, विधानसभा परिसर में सीएम साय और डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
इस पर श्रम और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जवाब देते हुए कहा कि मामले में FIR दर्ज की जा चुकी है और जांच एवं विवेचना जारी है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के जवाब के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री थे, तब भी कई औद्योगिक हादसे हुए, लेकिन कभी FIR नहीं हुई। अब वेदांता हादसे में भी कंपनी के मालिक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार किसी अन्य को फायदा पहुंचाने के लिए वेदांता और अनिल अग्रवाल पर सिर्फ दबाव बना रही है? क्या पुलिस वास्तव में अनिल अग्रवाल को गिरफ्तार करने गई थी? साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भविष्य में इस तरह की औद्योगिक दुर्घटनाओं में संबंधित कंपनी के डायरेक्टरों पर भी एफआईआर दर्ज की जाएगी या नहीं।

बघेल के सवालों के जवाब में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार हर मामले में कानून और नियमों के अनुसार कार्रवाई करती है। उन्होंने दोहराया कि जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि सदन में किसी विशेष व्यक्ति से संबंधित इस प्रकार का प्रश्न नहीं पूछा जा सकता। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई और सदन का माहौल गर्म हो गया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर वेदांता हादसे में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। इसके बाद कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर गए। विधानसभा में वेदांता प्लांट हादसे को लेकर हुई यह बहस मानसून सत्र के दूसरे दिन का सबसे चर्चित मुद्दा रही। विपक्ष ने सरकार पर उद्योगपतियों के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप लगाया, जबकि सरकार ने जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। (Opposition Walkout Over Vedanta)

बता दें कि 14 अप्रैल 2026 को सक्ती जिले में स्थित वेदांता प्लांट में हुए भीषण हादसे में अब तक 25 श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हुए थे, जिसमें से कई लोगों की अलग-अलग समय पर इलाज के दौरान मौत हुई। हादसा प्लांट में बॉयलर विस्फोट के कारण हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़े पैमाने पर राहत समेत बचाव अभियान चलाना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन विपक्ष का आरोप है कि हादसे के लिए जिम्मेदार कंपनी प्रबंधन और शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर विधानसभा के मानसून सत्र में विपक्ष ने सरकार से अनिल अग्रवाल के खिलाफ पूछताछ और गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए। साथ ही जवाब से असंतुष्ट होकर सदन से वॉकआउट किया।



