जशपुर में जमीन सौदे पर विवाद, महिलाओं का आरोप- कोरे स्टाम्प पर हस्ताक्षर कराकर हड़पी करोड़ों की जमीन

Dispute over Land Deal: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव में जमीन खरीदी-बिक्री को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां आदिवासी और गैर-आदिवासी महिलाओं ने स्थानीय व्यवसायी अरुण अग्रवाल पर धोखाधड़ी, छलपूर्वक दस्तावेज तैयार कराने, करोड़ों रुपए कीमत की जमीन अपने और अपने परिजनों के नाम रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने पत्थलगांव थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं व्यवसायी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वहीं पुलिस ने शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला ?
मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता नुरमती और कुसुमलता के मुताबिक उनके पिता लोहर साय के नाम पर करीब 13 एकड़ से ज्यादा कृषि जमीन दर्ज थी। उनका आरोप है कि 20 नवंबर 2010 को उनके पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिलाओं का कहना है कि बिना पोस्टमार्टम कराए उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक पिता की मौत के महज पांच दिन बाद जल्दबाजी में दोनों बहनों के नाम जमीन का नामांतरण कराया गया। इसके बाद उन्हें व्यवसायी अरुण अग्रवाल के घर बुलाया गया, जहां कथित तौर पर कोरे स्टाम्प पेपर पर यह कहकर हस्ताक्षर करा लिए गए कि उनके पिता पहले ही अधिकांश जमीन बेच चुके हैं और अब सिर्फ 80 डिसमिल जमीन ही बची है।
10 एकड़ से ज्यादा की रजिस्ट्री का आरोप
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्हें बताया गया था कि सिर्फ 80 डिसमिल जमीन बेची जा रही है। उनका दावा है कि इस जमीन के एवज में करीब 9 लाख रुपये मिले, जिससे उन्होंने अपने पिता का अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक क्रियाकर्म कराया। महिलाओं का आरोप है कि साल 2025 में जब उन्होंने जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी निकाली, तब उन्हें पता चला कि सिर्फ 80 डिसमिल नहीं, बल्कि 10 एकड़ से ज्यादा जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम से व्यवसायी अरुण अग्रवाल के नाम हो चुकी है। उनका कहना है कि मुख्य मार्ग पर स्थित इस जमीन की बाजार कीमत करोड़ों रुपये है और इतनी बड़ी जमीन का सिर्फ 9 लाख रुपए में बिक जाना संभव नहीं है। (Dispute over Land Deal)
विरोध करने पर धमकाने का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब उन्होंने इस कथित गड़बड़ी का विरोध किया और जानकारी मांगी, तब उन्हें धमकाया गया। उनका कहना है कि उन्हें कहा गया कि जमीन अब दूसरे के नाम हो चुकी है, जहां शिकायत करनी है कर लें। शिकायतकर्ता महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यवसायी के खिलाफ जमीन रजिस्ट्री से जुड़े ऐसे विवाद पहले भी सामने आ चुके हैं और आदिवासी जमीन को दूसरे लोगों के नाम कराने जैसे आरोप भी समय-समय पर लगते रहे हैं। शिकायतकर्ता महिलाओं ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जीवाड़े की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच हो तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। (Dispute over Land Deal)
यह भी पढ़ें:- 2 साल में 2960 हत्याओं से दहला छत्तीसगढ़, राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा मर्डर, हर दिन 4 लोगों की हत्या
व्यवसायी ने आरोपों को बताया निराधार
दूसरी ओर व्यवसायी अरुण अग्रवाल ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि जमीन की खरीदी-बिक्री पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई थी। उन्होंने दावा किया कि सभी दस्तावेज कानूनी रूप से तैयार हुए हैं और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन और निराधार हैं। पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर सभी संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है। एक ओर शिकायतकर्ता करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन धोखे से अपने नाम कराए जाने का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर व्यवसायी सभी आरोपों को निराधार बता रहे हैं। ऐसे में अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।



