Google Analytics —— Meta Pixel

2 साल में 2960 हत्याओं से दहला छत्तीसगढ़, राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा मर्डर, हर दिन 4 लोगों की हत्या

Murder in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में हत्या के बढ़ते मामलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गृह विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2026 के बीच प्रदेश में कुल 2960 हत्या के मामले दर्ज किए गए। इसका मतलब है कि पिछले दो सालों में औसतन हर महीने 123 और हर दिन करीब 4 लोगों की हत्या हुई। प्रदेश में अपराध का यह आंकड़ा इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाला है, क्योंकि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में राजधानी रायपुर लगातार सबसे आगे बनी हुई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि रायपुर में हत्या के मामले उन जिलों से भी ज्यादा दर्ज हुए हैं, जो लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे हैं। गृह विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक दो सालों में रायपुर में सबसे ज्यादा 169 हत्याएं दर्ज की गईं। इसके बाद जशपुर और रायगढ़ में 114-114, दुर्ग और सरगुजा में 113-113, जबकि बिलासपुर में 109 हत्या के मामले सामने आए।

यह भी पढ़ें:- रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिकी शिकंजा, निशाने पर भारत समेत 5 देश, 100% टैरिफ लगाने की तैयारी, संसद में बिल पेश

वहीं कोरबा में 97, बलरामपुर में 83, बीजापुर में 82, सूरजपुर में 78 और बलौदाबाजार में 67 हत्याएं दर्ज हुईं। वहीं कबीरधाम, बेमेतरा, महासमुंद, राजनांदगांव, धमतरी, कांकेर, जगदलपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कोरिया और अन्य जिलों में भी हत्या के मामले लगातार सामने आए हैं। आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश का लगभग हर जिला हत्या जैसी गंभीर वारदातों से प्रभावित रहा। इन आंकड़ों का सबसे अहम पहलू यह है कि राजधानी रायपुर ने नक्सल प्रभावित जिलों को भी पीछे छोड़ दिया है। बस्तर संभाग के जिन जिलों में कभी नक्सली हिंसा के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती थी, वहां अब हत्या के मामले रायपुर की तुलना में काफी कम हैं। दो वर्षों में बीजापुर में 82, सुकमा में 49, दंतेवाड़ा में 33, कोंडागांव में 26 और नारायणपुर में 24 हत्या के मामले दर्ज हुए। इसके मुकाबले अकेले रायपुर में 169 हत्याएं हुईं, जो इन सभी जिलों से कहीं अधिक हैं। इससे साफ संकेत मिलता है कि अब शहरी क्षेत्रों में आपराधिक घटनाएं नई चुनौती बनकर उभर रही हैं। (Murder in Chhattisgarh)

हत्या के मामलों में इजाफा

अगर सिर्फ 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 के बीच के आंकड़ों को देखा जाए तो भी स्थिति में कोई खास बदलाव नजर नहीं आता। इस अवधि में भी रायपुर 84 हत्या के मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद दुर्ग में 60, रायगढ़ में 53, सरगुजा में 52, बिलासपुर में 50 और जशपुर में 49 हत्या के मामले दर्ज किए गए। यानी राजधानी में लगातार हत्या की घटनाएं सबसे ज्यादा बनी हुई हैं। आंकड़े यह भी बताते हैं कि प्रदेश के बड़े शहरों और तेजी से विकसित हो रहे जिलों में हत्या के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। विशेष रूप से दुर्ग में पिछले साल की तुलना में हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। वहीं बलौदाबाजार और कोरिया जैसे जिलों में भी हत्या के मामलों में इजाफा दर्ज किया गया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश, प्रेम प्रसंग, संपत्ति विवाद, शराब और नशे से जुड़े झगड़े जैसी वजहें हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण बन रही हैं। ऐसे मामलों में समय रहते रोकथाम और प्रभावी पुलिस कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।

बड़े शहरों में हत्या की घटनाएं बढ़ी

हाल के महीनों में सामने आई कुछ बड़ी घटनाएं भी इस चिंता को और बढ़ाती हैं। दुर्ग में अप्रैल 2026 में एक युवती ने घर में घुसकर एक आरक्षक की पत्नी और उसके नौ वर्षीय बेटे की हत्या कर दी थी। वहीं रायपुर के खरोरा क्षेत्र में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। इसके अलावा मंदिर हसौद इलाके में दोस्तों ने ही एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि हत्या के अधिकांश मामलों में व्यक्तिगत विवाद, रिश्तों में तनाव और आपसी दुश्मनी बड़ी वजह बनकर सामने आ रही है। प्रदेश में दो सालों के भीतर करीब तीन हजार हत्या के मामले दर्ज होना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। राजधानी रायपुर का लगातार सबसे ऊपर बने रहना और बड़े शहरों में हत्या की बढ़ती घटनाएं पुलिस प्रशासन के सामने अपराध नियंत्रण की बड़ी परीक्षा हैं। (Murder in Chhattisgarh)

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

ऐसे में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने और सामाजिक स्तर पर हिंसक अपराधों को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। गृह विभाग के ये आंकड़े संकेत देते हैं कि प्रदेश में हत्या जैसे संगीन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। दो साल में 2960 हत्याओं के ये आंकड़े साफ बताते हैं कि छत्तीसगढ़ में हत्या जैसे संगीन अपराध अब सिर्फ नक्सल प्रभावित इलाकों तक सीमित नहीं हैं। राजधानी रायपुर समेत बड़े शहरों में बढ़ती वारदातें कानून-व्यवस्था के सामने नई चुनौती बनकर उभरी हैं। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग, त्वरित जांच और सामाजिक स्तर पर अपराध रोकने के उपायों को और मजबूत करने की जरूरत है। ऐसे में सवाल यही है कि आखिर प्रदेश में हत्या जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा और आम लोगों को सुरक्षित माहौल कब मिल पाएगा ?

Back to top button
error: Content is protected !!