सारंगढ़ में खेत के बीच अचानक धंसी जमीन, 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा रहस्यमयी गड्ढा

Ground Subsided in Field: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के डोमाडीह और झिलगीटार गांव के बीच स्थित एक खेत में अचानक जमीन धंसने से पूरे इलाके में दहशत माहौल है। खेत के बीचोंबीच करीब 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा विशाल गड्ढा बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रशासन को सूचना दे दी गई है और अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह किसान रोज की तरह खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि समतल खेत का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस चुका है, जहां कुछ घंटे पहले तक सामान्य खेत था, वहां अब एक विशाल गोलाकार गड्ढा बन चुका था। यह नजारा देखकर किसानों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत गांव के लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
यह भी पढ़ें:- कवर्धा में दिनदहाड़े अपहरण और मारपीट, जगदलपुर में मामूली विवाद में चाकूबाजी, नवा रायपुर में हत्या से सनसनी
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिर्फ गड्ढा ही नहीं बना है, बल्कि उसके आसपास की जमीन में भी कई जगह दरारें दिखाई दे रही हैं। इससे ग्रामीणों को आशंका है कि आने वाले समय में और ज्यादा जमीन धंस सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह घटना रात के समय होती और वहां कोई व्यक्ति या मवेशी मौजूद होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। डोमाडीह ग्राम पंचायत के सरपंच रूपेश चौहान ने बताया कि सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल पुलिस और संबंधित विभागों को सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटनास्थल की तत्काल घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही रोकी जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। साथ ही भू-वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम से वैज्ञानिक जांच कराकर जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए। ग्रामीणों का अनुमान है कि जमीन के नीचे खाली स्थान बनने, भूजल के रिसाव, मिट्टी के कटाव या अन्य प्राकृतिक कारणों से यह धंसाव हुआ हो सकता है। हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को गड्ढे के आसपास नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। (Ground Subsided in Field)
बालोद में भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले 6 जुलाई को बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के भानपुरी गांव में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां किसान खेलन साहू के खेत में अचानक रहस्यमयी गड्ढा बन गया था। उस समय भी ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी और प्रशासन को सूचना देकर जांच की मांग की गई थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय खेत में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अब सारंगढ़ में सामने आई इस घटना ने एक बार फिर ऐसे रहस्यमयी जमीन धंसने के मामलों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को केवल इस एक स्थान की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की भू-वैज्ञानिक जांच करानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से कोई अनहोनी ना हो। (Ground Subsided in Field)



