Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी के निमंत्रण पर जल्द भारत आएंगे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह, एजेंडा तय करने में जुटे दोनों देश

Nepali PM Balen Shah: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का लंबे समय से लंबित भारत दौरा अब जल्द होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है और दौरे की रूपरेखा तैयार की जा रही है। हालांकि अभी तक यात्रा की आधिकारिक तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नई दिल्ली आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। फिलहाल दोनों पक्ष यात्रा से जुड़े पहलुओं पर चर्चा कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दौरा जल्द होगा, लेकिन कार्यक्रम और एजेंडे को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

यह भी पढ़ें:- सारंगढ़ में खेत के बीच अचानक धंसी जमीन, 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा रहस्यमयी गड्ढा

यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मार्च 2026 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह बालेन शाह की भारत की पहली यात्रा होगी। खास बात यह है कि पद संभालने के बाद उन्होंने अब तक न तो भारत और न ही चीन का दौरा किया है। परंपरागत रूप से नेपाल के नए प्रधानमंत्री अपने कार्यकाल की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भारत या चीन में से किसी एक देश की करते रहे हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री की जगह नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने दोनों पड़ोसी देशों का दौरा किया। पिछले महीने विदेश मंत्री शिशिर खनाल भारत आए थे। यह यात्रा भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के निमंत्रण पर हुई थी। (Nepali PM Balen Shah)

द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख क्षेत्रों की व्यापक समीक्षा

इस दौरान भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख क्षेत्रों की व्यापक समीक्षा की गई। दोनों देशों ने विकास सहयोग, सीमा पार कनेक्टिविटी, व्यापार-ट्रांजिट, ऊर्जा सहयोग और लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। विदेश मंत्री की यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां भी सामने आईं। भारत ने साल 2015 के विनाशकारी भूकंप के बाद पुनर्निर्माण सहायता कार्यक्रम के तहत तैयार की गई 72 स्वास्थ्य सुविधाओं और 12 सांस्कृतिक विरासत परियोजनाओं को नेपाल को औपचारिक रूप से सौंपा। इसके अलावा दोनों देशों ने भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (NPI) के बीच सीमा-पार भुगतान सुविधा की शुरुआत की।

एजेंडे और यात्रा की तारीखों की घोषणा बाकी

इससे दोनों देशों के नागरिकों के लिए व्यक्तिगत धन प्रेषण (रेमिटेंस) की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और तेज होगी। यात्रा के दौरान डिजिटल इंडिया भाषिणी और काठमांडू विश्वविद्यालय के बीच वॉयस-फर्स्ट भाषा अनुवाद प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए। अब प्रधानमंत्री बालेन शाह के प्रस्तावित भारत दौरे पर दोनों देशों की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के साथ-साथ व्यापार, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बन सकती है। हालांकि एजेंडे और यात्रा की तारीखों की घोषणा अभी बाकी है। (Nepali PM Balen Shah)

Back to top button
error: Content is protected !!