भारत में पहली डेंगू वैक्सीन QDENGA को मिली मंजूरी, 4 से 60 साल तक के लोगों को लगेगी दो डोज, बिना जांच भी होगा टीकाकरण

Dengue Vaccine QDENGA: भारत ने डेंगू की रोकथाम की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने देश की पहली डेंगू वैक्सीन QDENGA (क्यूडेंगा) को बाजार में उपयोग की मंजूरी दे दी है। यह वैक्सीन 4 से 60 साल तक के लोगों को लगाई जा सकेगी और इसे लगवाने से पहले यह जांच कराने की आवश्यकता नहीं होगी कि व्यक्ति पहले कभी डेंगू से संक्रमित हुआ है या नहीं। यह वैक्सीन जापान की वैश्विक बायोफार्मास्यूटिकल कंपनी Takeda ने विकसित की है।
यह भी पढ़ें:- पति प्रेम की अनूठी मिसाल: पत्नी के निधन के सदमे में पति ने तोड़ा दम, एक साथ उठीं दोनों की अर्थियां, पढ़े पूरी खबर
भारत में इसका आयात Takeda Biopharmaceuticals India Pvt. Ltd. करेगी, जबकि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत बड़े पैमाने पर उत्पादन हैदराबाद की फार्मा कंपनी Biological E के साथ साझेदारी में किया जाएगा। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत कार्यरत CDSCO ने वैज्ञानिक परीक्षणों और गुणवत्ता, सुरक्षा समेत प्रभावकारिता के विस्तृत मूल्यांकन के बाद इस वैक्सीन को मंजूरी दी है। यह भारत में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वीकृत पहली वैक्सीन है। यह मंजूरी औषधि-प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और औषधि नियम, 1945 के तहत निर्धारित सभी मानकों को पूरा करने के बाद दी गई है। (Dengue Vaccine QDENGA)
क्या है QDENGA ?
QDENGA (TAK-003) एक रिकॉम्बिनेंट लाइव एटेन्यूएटेड टेट्रावैलेंट डेंगू वैक्सीन है। इसे रिकॉम्बिनेंट डीएनए तकनीक से विकसित किया गया है और यह डेंगू वायरस के चारों प्रमुख सीरोटाइप (DEN-1, DEN-2, DEN-3 और DEN-4) से सुरक्षा देने के लिए तैयार की गई है। यह वैक्सीन त्वचा के नीचे (Subcutaneous Injection) लगाई जाती है और प्रत्येक डोज 0.5 मिलीलीटर की होती है। QDENGA वैक्सीन का टीकाकरण कार्यक्रम सरल रखा गया है। इसमें 0.5 मिलीलीटर की दो डोज दी जाती हैं। पहली डोज किसी भी निर्धारित दिन (Day 0) पर लगाई जाती है, जबकि दूसरी डोज तीन महीने बाद दी जाती है। यह वैक्सीन 4 से 60 साल तक के लोगों के लिए स्वीकृत है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे लगवाने से पहले यह जांच कराने की आवश्यकता नहीं होती कि व्यक्ति पहले कभी डेंगू से संक्रमित हुआ था या नहीं। इससे टीकाकरण प्रक्रिया अधिक आसान और व्यापक बन सकती है।
19 क्लीनिकल ट्रायल के बाद मिली मंजूरी
QDENGA को मंजूरी एक व्यापक वैश्विक क्लीनिकल डेवलपमेंट प्रोग्राम के आधार पर दी गई है। इसके तहत फेज-I, फेज-II और फेज-III सहित कुल 19 क्लीनिकल ट्रायल किए गए, जिनमें 28 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों को शामिल किया गया। ये अध्ययन भारत समेत आठ से ज्यादा देशों में संचालित हुए। भारत में भी 4 से 60 साल आयु वर्ग के लोगों पर फेज-III सुरक्षा और इम्यूनोजेनिसिटी (प्रतिरक्षा क्षमता) का अध्ययन किया गया। ब्राजील, थाईलैंड, श्रीलंका समेत कई देशों से प्राप्त आंकड़ों ने इस वैक्सीन की सुरक्षा, प्रभावशीलता और प्रतिरक्षा क्षमता को प्रमाणित किया है, जिसके आधार पर इसे भारत में मंजूरी दी गई। (Dengue Vaccine QDENGA)
42 देशों में पहले से मिल चुकी है मंजूरी
QDENGA को दुनिया के 42 देशों में पहले ही नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है। इनमें यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड जैसे देश शामिल हैं। इसके अलावा वैक्सीन को विश्व स्वास्थ्य संगठन की Pre-Qualification भी प्राप्त है। इसका मतलब है कि यह गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावशीलता के अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरती है। अब तक दुनिया भर में इसकी 2.4 करोड़ से ज्यादा डोज वितरित की जा चुकी हैं। पोस्ट-मार्केटिंग सर्विलांस के मुताबिक अब तक इससे जुड़ी कोई गंभीर सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई है। बता दें कि QDENGA का विकास जापान की Takeda ने किया है, लेकिन भारत में इसकी बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग Biological E करेगी। इससे वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ेगी। सप्लाई में बाधा नहीं आएगी। आयात पर निर्भरता घटेगी। कीमत अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। फिलहाल कंपनी ने इसकी कीमत का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
भारत में डेंगू क्यों बड़ी चुनौती ?
Takeda के मुताबिक भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां डेंगू का सबसे ज्यादा बोझ है। देश के कई हिस्सों में डेंगू वायरस के चारों सीरोटाइप एक साथ सक्रिय हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक तेजी से शहरीकरण, जलवायु परिवर्तन, जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रजनन के कारण से डेंगू संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा है। दुनिया में डेंगू के कुल मामलों का लगभग एक-तिहाई बोझ भारत पर माना जाता है। WHO डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में QDENGA के उपयोग की सिफारिश करता है। WHO का मानना है कि ज्यादा संक्रमण वाले क्षेत्रों में इसे सार्वजनिक टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है। टीकाकरण से पहले डेंगू संक्रमण की जांच (Pre-vaccination Screening) आवश्यक नहीं है।
राष्ट्रीय डेंगू नियंत्रण कार्यक्रम को मिलेगा बल
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक QDENGA वैक्सीन को मंजूरी मिलने से राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NVBDCP) को नई मजबूती मिलेगी। मंत्रालय का मानना है कि यह वैक्सीन पहले से चल रहे डेंगू नियंत्रण प्रयासों को और प्रभावी बनाएगी। इसके जरिए मच्छर नियंत्रण अभियान, रोग निगरानी, शुरुआती जांच, समय पर उपचार और संक्रमण की रोकथाम जैसे उपायों को अतिरिक्त समर्थन मिलेगा, जिससे डेंगू के मामलों और उससे होने वाली गंभीर जटिलताओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। अगर नीचे दिए गए कोई लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। (Dengue Vaccine QDENGA)
डेंगू के प्रमुख लक्षण
- तेज बुखार
- तेज सिरदर्द
- आंखों के पीछे दर्द
- शरीर और जोड़ों में तेज दर्द
- मांसपेशियों में दर्द
- त्वचा पर लाल चकत्ते (रैशेज)
- भूख कम लगना
- मतली और उल्टी
- अत्यधिक कमजोरी
- सांस लेने में तकलीफ
- प्लेटलेट्स तेजी से गिरना
डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर कैसे पहचानें ?
डेंगू मादा एडीज एजिप्टी (Aedes aegypti) मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर सामान्य मच्छरों से अलग दिखता है, क्योंकि इसके शरीर और पैरों पर सफेद या चीते जैसी धारियां होती हैं। इसकी एक खास विशेषता यह है कि यह दिन के समय ज्यादा सक्रिय होकर काटता है और बहुत ज्यादा ऊंचाई तक उड़ नहीं पाता। एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में अंडे देता है, इसलिए घरों और आसपास जमा स्वच्छ पानी भी इसके प्रजनन का प्रमुख स्रोत बन सकता है। यही मच्छर जीका वायरस और येलो फीवर जैसी अन्य गंभीर वायरल बीमारियों का भी वाहक माना जाता है। (Dengue Vaccine QDENGA)
बचाव के लिए क्या करें ?
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
- कूलर, गमले और टंकियों की नियमित सफाई करें।
- पूरी बांह के कपड़े पहनें।
- मच्छरदानी और रिपेलेंट का इस्तेमाल करें।
- तेज बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह लें।
- बिना चिकित्सकीय सलाह के दर्द निवारक दवाओं का सेवन न करें।
भारत में QDENGA को मिली मंजूरी डेंगू के खिलाफ सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। सालों से सिर्फ मच्छर नियंत्रण और समय पर इलाज पर निर्भर देश को अब पहली बार डेंगू की रोकथाम के लिए एक स्वीकृत वैक्सीन उपलब्ध होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसे चरणबद्ध तरीके से प्रभावी ढंग से लागू किया गया, तो आने वाले वर्षों में डेंगू से होने वाले गंभीर संक्रमण और मौतों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। भारत में पहली बार डेंगू की वैक्सीन को मिली मंजूरी सिर्फ एक नई दवा का आगमन नहीं, बल्कि डेंगू के खिलाफ देश की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ वैक्सीन ही पर्याप्त नहीं होगी। मच्छरों के प्रजनन पर रोक, साफ-सफाई, समय पर जांच और जनजागरूकता जैसे उपाय पहले की तरह ही जरूरी रहेंगे। अगर टीकाकरण और रोकथाम की रणनीति साथ-साथ आगे बढ़ती है तो आने वाले सालों में डेंगू के बढ़ते खतरे पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।



