11वीं रात भी नहीं थमा अमेरिका का हमला, ईरान के 5 शहरों पर एयर स्ट्राइक, ट्रम्प ने परमाणु ठिकाने पर भारी हमले की दी चेतावनी

US Iran War 2026: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव लगातार गहराता जा रहा है। सीजफायर टूटने के बाद लगातार 11वीं रात अमेरिका ने ईरान के पांच शहरों में एक साथ एयर और मिसाइल स्ट्राइक की। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक चाबहार, कोनारक, तबरीज, बेहबहान और ओमीदियेह स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के संदिग्ध भूमिगत परमाणु ठिकाने ‘पिकऐक्स माउंटेन’ पर जल्द बहुत बड़ा और बहुत भारी हमला करने की चेतावनी दी है। जवाब में ईरान ने भी साफ कर दिया है कि अगर उसके परमाणु ठिकानों पर हमला हुआ तो अमेरिका के परमाणु केंद्र भी सुरक्षित नहीं रहेंगे। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने खुलासा किया कि अब तक इस युद्ध पर अमेरिका करीब 37.5 अरब डॉलर यानी करीब 3.6 लाख करोड़ रुपए खर्च कर चुका है। इसके साथ ही पेंटागन ने युद्ध संचालन जारी रखने के लिए अतिरिक्त 87 अरब डॉलर की फंडिंग की मांग भी की है।
यह भी पढ़ें:- बिलासपुर के बाद जांजगीर-चांपा में भी सर्पदंश मुआवजे पर उठे सवाल, पीड़ित परिवारों ने लगाए अवैध वसूली के आरोप
बुधवार तड़के अमेरिकी एयरफोर्स और मिसाइल सिस्टम ने ईरान के पांच अलग-अलग शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरानी मीडिया के मुताबिक चाबहार, कोनारक, तबरीज, बेहबहान और ओमीदियेह में जोरदार विस्फोट हुए। कई सैन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचने की खबर है, हालांकि ईरान ने नुकसान का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया। ईरान ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस यूनिट ने कई मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही मार गिराया, लेकिन कुछ हमले सफल भी रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान के संदिग्ध परमाणु ठिकाने पिकऐक्स माउंटेन पर निर्णायक कार्रवाई कर सकता है। उनका कहना है कि अगर ईरान परमाणु गतिविधियां नहीं रोकता तो अमेरिका उसके परमाणु ढांचे को पूरी तरह खत्म करने की कोशिश करेगा। (US Iran War 2026)
क्या है पिकऐक्स माउंटेन ?
पिकऐक्स माउंटेन ईरान का एक संदिग्ध भूमिगत परमाणु परिसर है, जो तेहरान से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण और नतांज परमाणु केंद्र से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह पहाड़ के भीतर लगभग 100 मीटर गहराई में बनाया जा रहा है। इसकी निर्माण प्रक्रिया 2020 में नतांज परमाणु केंद्र में हुए विस्फोट के बाद शुरू हुई थी। माना जाता है कि इस परिसर में भविष्य में आधुनिक सेंट्रीफ्यूज के निर्माण और परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों को संचालित किया जा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ठिकाना इतनी गहराई में स्थित है कि अमेरिका के अत्याधुनिक बंकर बस्टर बम भी इसे पूरी तरह नष्ट करने में सक्षम नहीं हो सकते। (US Iran War 2026)
ईरान की दो टूक चेतावनी
ईरान के रूढ़िवादी अखबार कयहान ने अमेरिका को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पिकऐक्स माउंटेन या किसी अन्य परमाणु ठिकाने पर हमला हुआ तो जवाब में अमेरिका के परमाणु केंद्रों को निशाना बनाया जाएगा। अखबार ने लिखा कि ईरान जैसे को तैसा की नीति पर काम करेगा और गुप्त सैन्य ठिकानों से जवाबी कार्रवाई करेगा। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के मुताबिक ईरान के साथ जारी युद्ध में अब तक अमेरिका करीब 37.5 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। उन्होंने बताया कि सैन्य अभियान को जारी रखने के लिए पेंटागन ने 87 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग की मांग की है। इसमें से 67 अरब डॉलर सिर्फ मध्य-पूर्व में चल रहे सैन्य अभियानों, हथियारों, गोला-बारूद, सैनिकों की तैनाती और ऑपरेशनल जरूरतों पर खर्च किए जाएंगे। हेगसेथ ने चेतावनी दी कि अगर यह अतिरिक्त बजट मंजूर नहीं हुआ तो अमेरिकी सेना के संचालन, प्रशिक्षण और सैन्य तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
जॉर्डन में अमेरिकी सैनिक की मौत
अमेरिका ने जॉर्डन में हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले में लापता सैनिक सार्जेंट एंजेल एस. रैम्परसैड को मृत घोषित कर दिया है। इससे मौजूदा संघर्ष में मारे गए अमेरिकी सैन्यकर्मियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। वहीं पेंटागन ने यह भी स्वीकार किया कि हालिया ईरानी हमलों में करीब 100 अमेरिकी सैनिक घायल हुए, जिनमें से अधिकांश इलाज के बाद ड्यूटी पर लौट चुके हैं। ईरान की राजधानी तेहरान में एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय कर दिए गए हैं। सरकारी मीडिया के मुताबिक राजधानी के पश्चिमी, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी इलाकों में एयर डिफेंस लगातार सक्रिय रहा। दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में भी हमलों की खबरें सामने आई हैं। तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अगर ईरान गंभीरता से बातचीत करना चाहता है तो अमेरिका भी तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर ईरान आक्रामक रुख जारी रखता है तो अमेरिका अपने और सहयोगियों के हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
दुनिया की नजरें अगले कदम पर
लगातार बढ़ते हमलों, परमाणु ठिकानों पर बयानबाजी और दोनों देशों की आक्रामक रणनीति ने पूरे मध्य-पूर्व में अस्थिरता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों पक्ष जल्द बातचीत की मेज पर नहीं लौटे तो यह संघर्ष क्षेत्रीय युद्ध से आगे बढ़कर वैश्विक संकट का रूप ले सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता यह सैन्य टकराव अब सिर्फ दो देशों की लड़ाई नहीं रह गया है। परमाणु ठिकानों पर हमले की धमकियां, लगातार एयर स्ट्राइक, बढ़ता युद्ध खर्च और जवाबी कार्रवाई की चेतावनियां इस संघर्ष को और खतरनाक मोड़ पर ले जा रही हैं। ऐसे में पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या दोनों देश बातचीत का रास्ता चुनेंगे या फिर यह टकराव पूरे मध्य-पूर्व को एक बड़े युद्ध की आग में झोंक देगा। फिलहाल हालात यही संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिन वैश्विक सुरक्षा और अर्थव्यवस्था, दोनों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।



