Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर के बाद जांजगीर-चांपा में भी सर्पदंश मुआवजे पर उठे सवाल, पीड़ित परिवारों ने लगाए अवैध वसूली के आरोप

Snakebite Compensation in Janjgir: बिलासपुर में सामने आए सर्पदंश मुआवजा घोटाले के बाद अब जांजगीर-चांपा जिले में भी सर्पदंश से मौत और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिले में हर साल बड़ी संख्या में सर्पदंश से मौत के मामले दर्ज होते हैं। इस बीच कुछ पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि सरकार की ओर से दी जाने वाली 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इसके लिए कई स्तरों पर अवैध वसूली की जाती है। बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में पदस्थ एक महिला डॉक्टर समेत कई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रदेश में सर्पदंश से मौत के मामलों की जांच चर्चा का विषय बनी हुई है। 

यह भी पढ़ें:- बिलासपुर में मौत बनी कमाई का जरिया, 431 मौतों को सर्पदंश बताकर 17.24 करोड़ का मुआवजा हड़पा, जानिए पूरे खेल में कौन-कौन शामिल ?

जांच एजेंसियों का आरोप है कि कुछ मामलों में कथित रूप से पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेरफेर कर मौत का कारण सर्पदंश दर्शाया गया, ताकि शासन से मिलने वाला मुआवजा प्राप्त किया जा सके। इस मामले में डॉक्टरों, राजस्व कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है। इसी बीच जांजगीर-चांपा जिले के कुछ स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवारों ने भी मुआवजा वितरण प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि 4 लाख रुपs की सहायता राशि स्वीकृत कराने के नाम पर बिचौलियों, कुछ वकीलों और अधिकारियों-कर्मचारियों के माध्यम से अवैध राशि की मांग की जाती है। आरोप यह भी हैं कि कई पात्र परिवारों को सहायता राशि का पूरा लाभ नहीं मिल पाता।

कलेक्टर ने टिप्पणी से किया इनकार

मामले को लेकर जांजगीर-चांपा के कलेक्टर ने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। बिलासपुर में कथित फर्जी पोस्टमार्टम और मुआवजा घोटाले के खुलासे के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या जांजगीर-चांपा जिले में भी सर्पदंश से मौत और मुआवजा वितरण से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। अगर जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों पर कार्रवाई हो सके और पात्र पीड़ित परिवारों को बिना किसी बाधा के शासन की सहायता राशि का पूरा लाभ मिल सके। (Snakebite Compensation in Janjgir)

Back to top button
error: Content is protected !!