धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद विपक्ष एकजुट, कहा- ये छात्रों और युवाओं की जीत, सरकार झुकी, युवा जीते

Opposition on Modi Government: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देशभर की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, टीएमसी, आरजेडी, AIMIM, बीजेडी समेत कई विपक्षी दलों ने इसे सरकार के फैसले से ज्यादा छात्रों और युवाओं के लंबे आंदोलन की जीत बताया। नेताओं का कहना है कि NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर हुए राष्ट्रव्यापी विरोध ने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। वहीं कई नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग भी की। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जहां-जहां ये खबर पहुंची, लोगों ने खुशियां मनाई है। ये जिद क्यों की गई? ये फैसला पहले ही लिया जा सकता था। सरकार ने खुद स्वीकार किया था कि परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हुआ है। कैमरे के सामने आप बोलते थे, लेकिन जेन-जी की ताकत को देखते हुए आपको भी मोबाइल सीधा करना पड़ा और आधी रात को आपने संदेश दिया।
सपा सांसद ने आगे कहा कि ये नई पीढ़ी के लोगों के लिए बड़ी जीत है और सरकार को ये बात समझ लेनी चाहिए कि शिक्षा को लेकर सरकार को बहुत गंभीरता से सोचना पड़ेगा, पेपर लीक ना हो इसके लिए ठोस कदम उठाने पड़ेंगे। ये युवाओं की बहुत बड़ी जीत है। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देना युवाओं की जीत है, जो नई पीढ़ी के लोग अपनी मांग को लेकर आए, ये उसकी जीत है। सरकार को झुकना ही था। भविष्य में सरकारें वो बनें, जो शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा और नौजवानों के भविष्य को सुधारें। पूरे देश के छात्र-नौजवानों की जीत हुई है, इन्कलाब का नारा देने वालों की जीत हुई है, हल्लाबोल का नारा देने वालों की जीत हुई है, जिस तरह से आंसू गैस, लाठी के वार और अपमान के बाद भी ये लोग बहादुरी के साथ मुकाबला करते रहे और झुके नहीं, ये उसकी जीत है। उम्मीद है कि उन्होंने जो मांगें की हैं, वो मांगें पूरी होंगी। सरकार को सुधारना पड़ेगा ही। अगर आप विकसित भारत बनाना चाहते हैं तो शिक्षा और परीक्षा, दोनों की व्यवस्था को ठीक करना चाहिए। छात्र नौजवानों को हम बधाई देना चाहते हैं। पार्टी लाइन के पार छात्र-नौजवान निकलें और सरकार को झुकाने का काम किया। सरकार को उनकी बात को पहले ही दिन सुन लेना चाहिए था, इतनी देर क्यों लगी?
जवाबदेही तय होनी चाहिए: AAP नेता संजय सिंह
AAP नेता संजय सिंह ने कहा कि जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस देश के युवा जो मांग कर रहे थे तो सरकार ने मजबूरी में उस बात को माना है। आप लाठी से युवाओं से नहीं निपट सकते हैं। यह कायर नेताओं के लिए भी एक सबक है। छोटे बच्चों ने इन्हें हरा दिया है तो मंत्री इनसे क्यों डरते हैं? किसान आंदोलन में हमने उनको समर्थन दिया था। नौजवानों के आंदोलन के दौरान संवेदनशील राजनीतिक दल के तौर पर हमने उनका भी समर्थन किया। AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपना इस्तीफा दिया नहीं है, बल्कि देश के बच्चों और छात्रों ने उनसे उनका इस्तीफा ले लिया है। भेजना या खुद इस्तीफा देना तो तब कहा जाता, जब NEET पेपर लीक हुआ, 22 बच्चों ने आत्महत्या की, उसी समय इस्तीफा लिया जाता या धर्मेंद्र प्रधान द्वारा भेजा जाता। देश में बहुत बड़े पैमाने पर शिक्षा क्रांति की आवश्यकता है। पेपर लीक घोटाले से मुक्ति इसका पहला कदम था, जिसे देश की जेन-जी पीढ़ी ने लाठी खाकर जीता है। उन्होंने आगे कहा कि ये देश के छात्रों का, जेन-जी का बहुत ही शानदार आंदोलन था। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि जेन-जी ने देश की सरकार को झुकने पर मजबूर किया। मैं देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में प्रदर्शन करने वाले जेन-जी को बधाई देता हूं।
देश के छात्र-युवा आंदोलन की बहुत बड़ी जीत है: गोपाल राय
AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि देश के छात्र-युवा आंदोलन की बहुत बड़ी जीत है, जिस तरह से मोदी सरकार अपनी जिद पर अड़ी थी, NEET पेपर लीक हुआ, 22 छात्र-छात्राओं को अपनी जान गवानी पड़ी। सोनम वांगचुक को अनशन करना पड़ा। 20 तारीख को बर्बर लाठीचार्ज किया गया, दमन किया गया। उसके बाद भी प्रधानमंत्री ने इस आवास को नहीं सुना। अब जब पूरा आंदोलन देशव्यापी बन चुका है तो आज मोदी सरकार के अहंकार को झुकना पड़ा है। देश के छात्र व नौजवानों की जीत हुई है। एक साफ संकेत है कि ये देश करवट ले रहा है। ये बहुत बड़ी जीत है, देश के लोकतंत्र की जीत है, देश के संविधान की जीत है, जंतर-मंतर की जीत है, देश के युवाओं की जीत है। पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता रिताब्रता बनर्जी ने कहा कि मुझे लगता है कि इस्तीफा थोड़ा पहले होता तो अच्छा होता। प्रधानमंत्री ने भी कुछ चरणों का ऐलान किया है। हम यही अपील सरकार से करेंगे कि यह पहले ही सुनिश्चित करना चाहिए कि सिस्टम में कोई रिसाव ना हो। हम चाहते हैं कि सरकार द्वारा सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी हालत में हिंदुस्तान के युवा के भविष्य का सवाल है तो शिक्षा व्यवस्था में कोई रिसाव ना हो। प्रधानमंत्री ने ये कहा है, हम उन्हीं से ये गुजारिश करते हैं, जहां तक धर्मेंद्र प्रधान का सवाल है तो ये इस्तीफा थोड़ा पहले हो जाता तो अच्छा होता।
यह किसी पार्टी का मुद्दा नहीं है: TMC सांसद सौगत
TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि मैं संसद का विपक्ष का सांसद हूं और आज बहुत खुश हूं। यह किसी पार्टी का मुद्दा नहीं है। यह कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व वाले छात्रों की नैतिक ताकत की जीत है, जो सरकार पहले दिखा रही थी कि वे झुक नहीं सकते, उसे स्टूडेंट्स के दबाव के कारण गिरना पड़ा। RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि युवाओं ने देश के हर कोने को जंतर-मंतर बना दिया था। सरकार अहंकार में डूबी पड़ी थी। भविष्य के निर्माताओं पर ये शक कर रहे थे। उनके जज्बें के समक्ष आपको झुकना पड़ा। आपका दुश्मन आपका विपक्ष नहीं, बल्कि आपका घमंड है। जेन-जी ने रील और रियल के अंतर को खत्म कर दिया है। AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि ये कामयाबी है हक की झूठ के ऊपर। ये कामयाबी है उन तमाम नौजवानों की, उनकी जद्दोजहद और उनकी कुर्बानी की। मैं उनको मुबारकबाद भी देता हूं। अगर मोदी सरकार समझती है कि वे कुछ भी कर सकती है तो इस आंदोलन ने इस बात का खुला पैगाम दे दिया है कि अब तानाशाही नहीं चलेगी। लोकशाही चलानी है तो संविधान के दायरे में चलाना होगा। हम उम्मीद करते हैं कि कहीं भी, किसी प्रदेश में या राष्ट्रीय स्तर के पेपरों को लेकर लीक की घटना नहीं होगी।
मैं जेन-जी को बधाई देता हूं: वारिस पठान
AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा कि मैं जेन-जी को बधाई देता हूं। उन्होंने इतने दिनों तक संवैधानिक तरीके से अपना विरोध-प्रदर्शन किया। छात्रों के दिलों में एक आक्रोश था। NEET का पेपर लीक हुआ जिस कारण 20 छात्रों ने आत्महत्या कर ली। छात्र तो केवल इतना चाहते थे कि सरकार शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाए और दोषियों पर कार्रवाई करे। युवा हमारे देश का भविष्य हैं। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता रियाज अहमद खान ने कहा कि आज ये साफ हो गया है कि नौजवानों में जब शोर आता है, जज्बा आता है तो वे तकदीरें भी बदल सकते हैं। आज धर्मेंद्र प्रधान ने अपना इस्तीफा दिया है, लेकिन उसमें बहुत देर कर दी। ये बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। मैं कुल मिलाकर यही कहूंगा कि आज हक और इंसाफ की जीत हुई है। हालांकि जिन लोगों ने पेपर लीक के बाद आत्महत्या की, उन्हें पूरा इंसाफ नहीं मिला है। मैं उन तमाम बच्चों को यही कहूंगा जिन्हें CJP के नाम से जाना जाता है, मुबारकबाद। आपके जज्बे को सलाम। JKNC विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि मुझे लगता है कि देश में हर किसी को इन युवा छात्रों का इरादा देखने की ज़रूरत है। वे किसी राजनीतिक पार्टी के खिलाफ नहीं हैं, वे किसी के खिलाफ नहीं हैं।
भाजपा कार्यालय में मिठाई बटनी चाहिए: तेज प्रताप
उन्होंने कहा कि उनकी बस एक मांग थी और वह थी इस देश के शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना। मुझे लगता है, वे जंतर-मंतर पर जो कर रहे हैं, उसे पूरे देश में बहुत बड़ा समर्थन मिल रहा है और हम भी उनका समर्थन करते हैं। यह समय पीछे हटने और किसी को दोष देने का नहीं है। यह उन सभी युवाओं की बात सुनने का है। JJD चीफ तेज प्रताप यादव ने कहा कि ये खुशी की बात है। भाजपा कार्यालय में मिठाई बटनी चाहिए, लेकिन अभी भी युवा छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि ये भारत के युवाओं की जीत है। जो इतने दिनों तक भूखे-प्यासे वहां पर डटे रहे। उन्होंने कोई हिंसा नहीं की। मुझे लगता है कि गांधी का भारत अपनी पहचान बना रहा है। हमारे देश के युवा हिंदू-मुसलमान में विश्वास नहीं करते, ध्रुवीकरण की राजनीति में विश्वास नहीं करते हैं। मुझे लगता है कि भारत सुरक्षित हाथों में है। भारत कैसा दिखना चाहिए, इसकी योजना बनाने की दिशा में इस्तीफा पहला कदम है। इस बीच शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अन्य कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ NEET पेपर लीक के दिवंगत विद्यार्थियों की स्मृति में आयोजित कैंडल मार्च में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि ये उन बच्चों के लिए श्रद्धांजलि है, जिन्होंने NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या की। जो बच्चे जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे, उन पर लाठीचार्ज किया गया। वे हमारे बच्चे थे, वे हमारी बेटियां थीं। उनके समर्थन के लिए हमने कैंडल मार्च का आयोजन किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि ये उन लोगों की जीत है लेकिन हमारी लड़ाई न्याय-अन्याय, सच और झूठ की है। वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा में गड़बड़ी की वजह से जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला। PCC चीफ दीपक बैज नेकहा कि मैं देश के छात्र-छात्राओं को, युवा साथियों को बहुत शुभकामनाएं देता हूं और हमारे नेता राहुल गांधी को भी जो लगातार छात्रों के समर्थन में खड़े रहे। सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ते रहे। पेपर लीक बड़ा मामला है और ये नैतिकता का आधार पर नहीं, बल्कि दबाव में दिया गया इस्तीफा है, जिस बर्बरता से छात्रों पर कार्रवाई हुई, उसके लिए प्रधानमंत्री को देश की जनता और छात्र-छात्राओं से माफी मांगनी चाहिए।

हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में पीपल्स प्लाजा से इंदिरा गांधी स्टैच्यू तक कैंडललाइट मार्च में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि ये लोग बार-बार कह रहे थे कि भाजपा की सरकार में कोई इस्तीफा नहीं देता है। जिम्मेदारी लेने के लिए कोई तैयार ही नहीं था। आखिर इन बच्चों ने ये कर दिखाया। बिना डरे, लाठी खाकर, मारपीट सहकर इन लोगों ने जो आंदोलन किया है, इन्होंने अपनी ताकत दिखाई। इस ताकत के आगे सरकार को आखिर झुकना पड़ा। नौजवानों ने जो काम किया है, उसे इतिहास में दर्ज किया जाएगा। ओडिशा के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि ओडिशा सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से ही शांत नहीं बैठेगा। यहां आज भी अशांति फैली हुई है। हमारे ओडिशा के शिक्षा विभाग ने कई गलतियां की हैं। हमारे पाठ्यक्रम में 2200 से ज्यादा गलतियां हैं, इतिहास को बदला गया है। इसके लिए वे माफी मांगें, इसकी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड का इस्तीफा बाकी है। पिछले कई दिनों से नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग की जा रही है, लेकिन इसे ओडिशा सरकार नजरअंदाज कर रही है। उन्हें तुरंत उनका इस्तीफा ले लेना चाहिए और जनता को आश्वस्त करना चाहिए कि आगामी दो महीने में वे नई पुस्तकें प्रकाशित करेंगे।



