Google Analytics —— Meta Pixel

नशे में धुत स्कूल पहुंचे शिक्षक, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, BEO से शिकायत

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पहाड़करवां स्थित प्राथमिक शाला से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। यहाँ पदस्थ एक शिक्षक का कथित रूप से अत्यधिक शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षक की हालत इतनी खराब दिख रही है कि वे सही से चल भी नहीं पा रहे हैं। इस घटना को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

सरपंच और ग्रामीणों ने दर्ज कराया विरोध

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक के नशे में स्कूल आने की भनक लगते ही गांव के सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर पहुंच गए। ग्रामीणों का दावा है कि इस दौरान शिक्षक नशे की हालत में ही मोबाइल के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए लोकेशन तलाशते नजर आए। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो चुका है।

बच्चों की पढ़ाई पर असर, पंचनामा तैयार

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक का यह आचरण न केवल पठन-पाठन के माहौल को खराब कर रहा है, बल्कि छोटे बच्चों के भविष्य और मानसिक स्तर पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। घटना से क्षुब्ध ग्रामीणों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को लिखित शिकायत सौंपकर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश

मामला तूल पकड़ते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। विभागीय अधिकारियों ने वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आते ही नियमानुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- ‘भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पद से बड़ा देश और छात्र’: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले अमित शाह

Back to top button
error: Content is protected !!