Google Analytics —— Meta Pixel

पार्क में युवती पर चाकू से जानलेवा हमला, गले पर गंभीर चोट; आरोपी बाइक से फरार

सूरजपुर। शहर के मध्य स्थित नेहरू पार्क में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात सिरफिरे युवक ने पार्क में मौजूद एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवती के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया।

घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

थाना क्षेत्र से महज 500 मीटर दूर वारदात

यह सनसनीखेज घटना कोतवाली थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर शाम करीब 8 बजे घटी। व्यस्त इलाके और पुलिस थाने के पास हुई इस घटना से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने अचानक हमला किया और हमला करने के तुरंत बाद अपनी बाइक से फरार हो गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

फिलहाल हमला करने की मुख्य वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पार्क और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

यह भी पढ़े :- Rashifal 27 July 2026: आज सोमवार का राशिफल, क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, जानें सभी राशियों का भविष्यफल

Back to top button
error: Content is protected !!