राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सियासी संग्राम, संसद के बाहर पप्पू यादव का भगवा वेश में प्रदर्शन, बीजेपी ने बताया सनातन का अपमान

MP Pappu Yadav Protest: संसद का मानसून सत्र अपने शुरुआती दिनों से ही हंगामे की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और सांसदों के विरोध के बाद अब संसद के बाहर एक और मुद्दे ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया, लेकिन इस प्रदर्शन में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव का अंदाज सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर संसद पहुंचे और राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के इस प्रदर्शन को जहां विपक्षी दलों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बताया, वहीं बीजेपी ने इसे सनातन और भगवा परंपरा का अपमान करार दिया।
यह भी पढ़ें:- भूपेश बघेल से नजदीकी, TS सिंहदेव से रिश्ता, PCC की रेस के बीच विंकी बाबा के बयान से बढ़ी सियासी हलचल
प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहे। तस्वीरों में वह भगवा कपड़ों में नजर आए और विरोध का अलग तरीका अपनाते दिखे। विपक्ष ने इसे राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित मुद्दे पर प्रतीकात्मक विरोध बताया, लेकिन बीजेपी ने इस तरीके पर कड़ी आपत्ति जताई। बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने पप्पू यादव के भगवा पहनकर प्रदर्शन करने पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवा का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि राम और भगवा का अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है। सत्ता पक्ष ने विपक्ष के प्रदर्शन को राजनीतिक ड्रामा बताया। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि विपक्ष धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। (MP Pappu Yadav Protest)

लोकसभा स्पीकर ने भी जताई नाराजगी
बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ हुई कथित धक्का-मुक्की का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के भी अधिकार हैं और उनके परिवार हैं, इसलिए किसी भी आंदोलन में मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। संसद परिसर के मकर द्वार पर हुए इस प्रदर्शन को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी नाराजगी जताई। लोकसभा सचिवालय की ओर से कहा गया कि मकर द्वार पर प्रदर्शन को लेकर तय नियमों का पालन किया जाना चाहिए। सत्ता पक्ष की ओर से यह भी कहा गया कि संसद परिसर में साधु-संतों के वेश में प्रदर्शन करना परंपराओं के खिलाफ है और भगवा वस्त्रों का इस तरह इस्तेमाल करना संत समाज का अपमान है। (MP Pappu Yadav Protest)

राहुल गांधी से लिया सांकेतिक चंदा
प्रदर्शन के दौरान एक और तस्वीर चर्चा में आई, जब पप्पू यादव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से सांकेतिक तौर पर चंदा लिया। इसके बाद समाजवादी पार्टी के सांसदों से भी चंदा इकट्ठा करने का दृश्य देखने को मिला। विपक्ष ने इस तरीके से राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े आरोपों को जनता के बीच उठाने की कोशिश की, जबकि बीजेपी ने इसे सिर्फ राजनीतिक स्टंट बताया। भगवा वेश में प्रदर्शन को लेकर साधु-संतों के एक वर्ग ने भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि भगवा सिर्फ एक रंग नहीं, बल्कि आस्था और त्याग का प्रतीक है, इसलिए इसका इस्तेमाल राजनीतिक प्रदर्शन के लिए नहीं किया जाना चाहिए। राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे पर संसद के बाहर हुआ यह प्रदर्शन अब राजनीतिक विवाद का नया केंद्र बन गया है। विपक्ष इसे धार्मिक भ्रष्टाचार का मुद्दा बता रहा है, जबकि बीजेपी इसे सनातन और धार्मिक प्रतीकों के अपमान से जोड़ रही है। संसद के अंदर जारी गतिरोध और बाहर हो रहे राजनीतिक प्रदर्शनों के बीच साफ है कि मानसून सत्र में यह मुद्दा आने वाले दिनों में और गरमा सकता है।




