विपक्ष के भगवा प्रदर्शन को लेकर संत समाज में उबाल, पप्पू यादव समेत विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई की मांग

Saint on Pappu Yadav: संसद के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद भगवा और सनातन को लेकर छिड़ा विवाद अब सियासी दायरे से निकलकर संत समाज तक पहुंच गया है। वाराणसी, अयोध्या और दिल्ली में संत समाज और हिंदू संगठनों ने सांसद पप्पू यादव समेत राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ FIR और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संतों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। वाराणसी के पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालकदेवाचार्य महाराज ने सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी, अवधेश प्रसाद और अखिलेश यादव के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए वाराणसी पुलिस स्टेशन में एक आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने साधु-संतों का अपमान किया है, सनातन का अपमान किया गया है, भगवा का अपमान किया गया है। अगर प्रशासन कानूनी कार्रवाई नहीं करती है तो संत समाज कानून हाथ में लेने के लिए बाध्य हो जाएगा और हमें उग्र प्रदर्शन करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें:- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भगवा अपमान को लेकर सियासत तेज, सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद के खिलाफ शिकायत
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि महंत बालकनाथ ने कोतवाली थाने में एक तहरीर दी है, जिसमें सांसद पप्पू यादव के द्वारा संतों की वेशभूषा धारण करके कुछ कृत्य किए गए हैं। इनका कहना है कि इससे सनातन धर्म का अपमान हुआ है। मामला दर्ज किया जा रहा है, अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अयोध्या के तपस्वी छावनी मंदिर पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य महाराज ने कहा कि जिस प्रकार संसद भवन परिसर में INDI गठबंधन के लोगों ने पप्पू यादव को आगे करके सनातन का अपमान किया गया, भगवा का अपमान किया गया उसे लेकर सभी साधु-संत और सनातनी दुखी हैं। इस कुकृत्य में शामिल सभी लोगों की सदस्यता रद्द करने की मांग करते हैं। अगर ऐसा नहीं होगा तो करोड़ों की संख्या में साधु-संत और सनातनी सड़क पर उतरेंगे। अयोध्या के महंत सीताराम दास महाराज पीठाधीश्वर साकेत भवन ने कहा कि पप्पू यादव नहीं, पप्पू खान है। ये भगवा के अपमान का काम कर रहा है। इसने कई बार हमारे सनातन धर्म को अपमानित करने का काम किया है। आने वाले दिनों मे जनता जवाब देकर मिट्टी में मिलाने का काम करेगी। (Saint on Pappu Yadav)
अयोध्या के संतों ने खोला मोर्चा
अयोध्या के महामंडलेश्वर विष्णु दास महाराज ने कहा कि पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र धारण करके, भगवान की तस्वीर लेकर नौटंकी कर रहे हैं। भगवा का अपमान कर रहे हैं। संत समाज ये बर्दाश्त नहीं कर सकता। भगवा का अपमान भगवान राम का अपमान है, सनातन का अपमान है। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि भारतीय संसद का दुरुपयोग जिस प्रकार हिन्दू समाज को गालियां देने के लिए किया जा रहा है वो निंदनीय है। पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर इस देश की सनातन संस्कृति, साधु-संतों का अपमान कर रहा है। क्या राम मंदिर चोरी में कोई साधु-संत शामिल है? जिन लोगों ने चोरी की वो जेल के अंदर हैं। हमारे धैर्य की भी एक सीमा है, जब धैर्य की सीमा समाप्त होगी तब संघर्ष सड़कों पर होगा और भागने की जगह नहीं मिलेगी ये राहुल गांधी और उनकी पार्टी को ठीक से याद रखना चाहिए। VHP के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए कभी एक पैसा भी नहीं दिया, वे वहां पैसे डालने के लिए इकट्ठा हुए और जिसे साधु बनाया है वो पैसे लेकर भाग जाता है।
VHP ने किया प्रदर्शन का ऐलान
आलोक कुमार ने कहा कि ये आक्रमण भारत की सारी साधु शक्ति पर है क्योंकि वो साधु किसी भी व्यक्ति विशेष का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा, जिन लोगों ने ये कुकृत्य किया है उन्हें भारत की संस्कृति के बारे में, परंपराओं के बारे में, श्रद्धा बिन्दुओं के बारे में कुछ पता नहीं है। इसका देशभर में विरोध होगा। कल VHP और संतों का एक महामंडल भी जंतर मंतर पर एक प्रदर्शन करेगा। साधु शक्ति सड़क पर उतरेगी और पूरे भारत में इसका बड़ा प्रतिकार होगा। VHP नेता विनोद बंसल ने कहा कि कैसा दुर्भाग्य है कि जिन लोगों ने आज तक एक पैसा भी राम मंदिर में दान के रूप में नहीं दिया, जो आज तक वहां दर्शन के लिए नहीं गए, जिन लोगों ने शुरू से लेकर आज तक राम मंदिर ना बने, इसके लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया, वो संसद में ड्रामा कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण बात ये है कि जिस तरह से संतों व पुजारी का भेष बनाकर, ‘सपाई गैंग’ ने जिस तरह का ‘बेढंगापन’ दिखाया,हिंदू समाज का अपमान किया, ये बहुत चिंतनीय, निंदनीय और दंडनीय है। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही साथ हिंदू समाज में गहरा आक्रोश है। कल दोपहर 12 बजे पूज्य संतों का एक मंडल प्रदर्शन करेगा और प्रदर्शन करके ऐसे नेताओं को एक्स्पोज़ किया जाएगा। हमें लगता है कि लोकसभा अध्यक्ष को भी इसविषय में कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
अब कार्रवाई पर नजर
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि मैं मानता हूं कि हमारी राजनीतिक व्यवस्था में, शिक्षा और चिकिस्ता तंत्र में और अलग-अलग व्यवस्थाओं में बहुत खामियां हैं। इसके लिए विरोध हमारा लोकतांत्रिक अधिकार भी है और जब बातें अनसुनी की जा रही हों तो फिर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध होना भी चाहिए। मैं एक ही बात कहूंगा कि लोकतांत्रिक तरीके से, मानवीय और नैतिक मूल्य के साथ हमें विरोध करना चाहिए। गाली-गलौज, हुड़दंग, विध्वंस से बात नहीं बनेगी। विरोध करने के साथ ही साथ यह भी देखें कि हमें देश का निर्माण कैसे करना है। एक तरफ विपक्ष इसे लोकतांत्रिक विरोध बता रहा है तो दूसरी तरफ संत समाज और हिंदू संगठनों ने इसे सनातन और साधु परंपरा का अपमान करार दिया है। FIR की मांग से लेकर सड़क पर उतरने की चेतावनी तक अब नजरें इस बात पर हैं कि क्या ये विवाद सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रहेगा या फिर आने वाले दिनों में सियासी टकराव और तेज होगा। अब सवाल ये है कि विरोध की सीमा क्या होगी और सियासत का ये विवाद कहां जाकर थमेगा ? (Saint on Pappu Yadav)




