राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भगवा अपमान को लेकर सियासत तेज, सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी और अवधेश प्रसाद के खिलाफ शिकायत

Opposition Temple Protest Politics: अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मुद्दे पर संसद के बाहर विपक्ष के प्रदर्शन ने नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान भगवा वेशभूषा और रामलला की तस्वीर को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद बीजेपी ने विपक्ष पर सनातन की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि हमने FIR दर्ज करने की मांग को लेकर आवेदन दिया है। जल्द से जल्द इस मामले की जांच हो और कार्रवाई की जाए। सांसद पप्पू यादव, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि कल संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों ने हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई। इसे लेकर सूर्या मैथिल ने भी सांसद पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें:- जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग का खूनी इतिहास, 26 साल में 99 लोगों की हत्या, कुलगाम हमले ने पुराने जख्मों को किया ताजा
याचिकाकर्ता सूर्या मैथिल ने कहा कि जिस प्रकार से पप्पू यादव ने भगवे का अपमान किया और जो नौटंकी उन्होंने संसद के बाहर किया उसमें राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश कुमार और INDI गठबंधन के अन्य सांसदों ने सहयोग किया। उसमें भगवान रामलला विराजमान की तस्वीर को भी पप्पू यादव ने पैरों में रख दिया। इससे सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसके खिलाफ मैंने जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मैं गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, DCP नॉर्थ, DCP नॉर्थ वेस्ट, ACP जहांगीरपुरी और SHO जहांगीरपुरी से मांग करता हूं कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने इन सबके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि 100 करोड़ से ज्यादा लोग जिन्होंने चंदा दिया है, भारत के किसी न किसी मंदिर, गुरुद्वारे, चर्च, कहीं पर भी, आज उसके साथ खड़े हैं। केदानराथ हो, बदरीनाथ हो या फिर दक्षिण का कोई मंदिर हो, सभी के आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है फिर ऑडिट क्यों नहीं, RTI क्यों नहीं, SIT के जरिए जांच क्यों? छोटी मछली को आगे लाकर बड़ी मछली को क्यों बचा रहे हो, पूरी कमेटी को क्यों बचा रहे हो, पैसा गया कहां? सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जज से जांच करवाओ। (Opposition Temple Protest Politics)

हिंदू धर्म और सनातन RSS का नहीं: पप्पू यादव
उन्होंने आगे कहा कि हिंदू धर्म और सनातन RSS का नहीं है। हिंदू धर्म मेरा है, सनातन मेरा है, हम भगवान राम के रास्ते पर चलने वाले हैं। ये नकली और ढोंगी बाबा हैं, जिनका कोई चरित्र ही नहीं है। असल शंकराचार्य के मार्ग पर ये लोग नहीं चलते हैं। पुजारी के भेष में RSS को राम मंदिर में बैठाया गया। पूरे देश के मंदिरों का सब कुछ इन लोगों ने चोरी कर लिया। हम तो देश की 100 करोड़ सनातन को मानने वाली आबादी की आवाज उठा रहे हैं। जब तक भगवान के खिलाफ गद्दारी करने वालों के खिलाफ सरकार जांच नहीं करेगी, छोटी मछली को पकड़ेगी और बड़ी मछली को बचाएगी, तब तक ये अनवरत देश में चलता रहेगा। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि राम मंदिर चंदा चढ़ावा पूरे राष्ट्र का सवाल है, करोड़ों लोगों की आस्था का सवाल है। इस विषय पर पूरा राष्ट्र एक साथ है। अफसोस है कि एक महीने से ज्यादा हो गया है और सरकार कुछ नहीं कर रही है। इसकी लड़ाई समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक मजबूती के साथ लड़ेगी। सपा सांसद अवधेश ने कहा कि ये चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी, मजाक नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठोस पहुंचाया गया है।
राहुल गांधी ने कुछ नहीं किया: सांसद सौगत रॉय
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी का खुलासा हमारे नेता, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया था। सरकार इस मामले में जिम्मेदारी लोगों को, जो अभिरक्षक थे और जिनके पास से करोड़ों रुपये का सोना-चांदी, जमीन और तरह-तरह के चढ़ावे मिले थे, उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। मंदिर निर्माण के दौरान भी जितना चंदा आया, सब लूट लिया गया। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि अयोध्या के देवतुल्य मतदाताओं ने मुझे वहां का सांसद बनाया। हमने संकल्प लिया था कि प्रभु श्रीराम की जो मर्यादा थी, जिसे भाजपा ने तोड़ने का काम किया था उसे हम जोड़ने का काम करेंगे। RJD सांसद मीसा भारती ने कहा कि इस विषय पर सिर्फ संसद सदस्य ही अपनी आवाज नहीं उठा रहे हैं, बल्कि देश की जनता भी सरकार से जानना चाहती है कि आखिर राम मंदिर में क्या हुआ है, कैसे हुआ है। इसकी जांच होनी चाहिए और जो दोषी हैं, उनपर कार्रवाई होनी चाहिए। TMC सांसद सौगत रॉय ने प्रदर्शन को लेकर कहा कि राहुल गांधी ने कुछ नहीं किया, वो सिर्फ कुछ क्षण के लिए वहां गए थे, लेकिन पप्पू यादव ने नाटक किया था।
गिरिराज का कांग्रेस-सपा पर हमला
बागी TMC सांसद शताब्दी रॉय ने कहा कि वे लोग अगर इस मामले में इतना जानते हैं तो CID, CBI या पुलिस की जरूरत नहीं है। वही लोग फिर इस मामले को सुलझाएं। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि ये देवी-देवताओं का देश है, साधु-संतों का देश है, पूजा-पाठ करने वालों का देश है। मंदिर-मठ का देश है और जिस तरह से पप्पू यादव ने संसद के बाहर गेरुआ वस्त्र धारण करके साधु-संतों का अपमान करने का काम किया है, उन्हें कभी माफ नहीं किया जाएगा। आखिर आप किसका अपमान करने का काम कर रहे थे ? मुझे लग रहा था कि कोई जोकर वहां पर बैठा है और उस पर वहां मौजूद सभी सांसद हंसने का काम कर रहे हैं। हर पूजा-पाठ करने वाला व्यक्ति उनके चरित्र-व्यवहार देख कर दुखी होगा। राजनीति में आपको जो करना है करें, लेकिन साधु-संतों का अपमान मत कीजिए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि लोकसभा के अध्यक्ष पहले भी आपत्ति दर्ज कर चुके हैं कि मकर द्वार पर ऐसा काम नहीं हो, जो घटना घटी है, ये सिर्फ सपा, पप्पू यादव और कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति के तहत भारत के सनातन के साधु संतों को चोर के रूप में दिखाया गया। यह क्या सोची-समझी रणनीति है, अपमानित करने का नहीं है तो क्या है? अखिलेश यादव सोचते हैं कि सनातन का अपमान करेंगे। चोरी किया कर्मचारियों ने वो जेल में हैं और आप सनातन को गाली देंगे, भगवा को गाली देंगे?
संजय सेठ का राहुल पर निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने आगे कहा कि मकर द्वार पर जो घटना घटी है, कांग्रेस-सपा ने पप्पू यादव को संत बनाकर उन्हें चंदा चोर बताया है। वो भी पप्पू यादव को ‘भगवा ड्रेस’ पहनाकर। ये दुर्भाग्य है। कांग्रेस और सपा ने वोटों के खातिर जो सनातन को बदनाम करने का प्रयास किया है, इसका बदला लिया जाएगा। यह एक ऐसा अपराध है कि हम उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि संसद में कांग्रेस पार्टी या हम कह सकते हैं कि चांदी के चम्मच से खाना खाने वाले राजकुमार राहुल गांधी, जो केवल झूठ बोलते हैं। उनका बड़ा झूठ पकड़ा भी गया, जब अध्यक्ष ने उन्हें बोलने को कहा, उनके माइक की लाल बत्ती जली हुई थी और राहुल गांधी उसे अपने हाथ से बंद करके आरोप लगाने लगे कि उनका माइक नहीं चल रहा। राहुल गांधी, आपने नेता प्रतिपक्ष की मर्यादा को तार-तार किया है, जिस तरह से आपके द्वारा लगातार संसद को बाधित किया जाता है, कोई चर्चा नहीं की जाती, संसद के अंदर आपका व्यवहार ऐसा है कि आपने अपने भाषण में क्या कुछ नहीं कहा? आप लोकतंत्र की परंपरा को तोड़ रहे हैं।
CM धामी का विपक्ष पर हमला
संसद के बाहर विपक्ष के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म को कैसे तार-तार किया जा रहा है। ये क्या उचित था ? आप सरेआम, सड़क पर इतने हजार साल की सनातन संस्कृति को ऐसे प्रदर्शित कर रहे हैं? बहुत ही निंदनीय है, जिस तरह का व्यवहार ये लोग कर रहे हैं, ये भारत के लोकतंत्र के लिए स्वस्थ नहीं है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कल मैं देख रहा था कि पप्पू यादव और पप्पू गैंग ने मिलकर जिस तरह से हमारे पूज्य संत गण, महात्मा, हमारे भगवाधारी का मजाक उड़ाने का काम किया गया। ये जो प्रकरण बीच में आया, हमारे पूज्य संतों का, साधुओं का या हमारे महात्माओं का कहीं भी स्थान नहीं आया है। यह इनका चरित्र दोहराता है कि इनको सनातन से किस प्रकार की नफरत और घृणा है। ये कभी सनानत को वायरल कहते हैं, कभी मलेरिया, कभी डेंगू कहते हैं और इनके एक के बाद एक बयान आते हैं, लेकिन सफाई देना तो दूर, इनके मुंह से एक शब्द तक नहीं निकलता है। ये इनका तुष्टिकरण है, इनकी वोटबैंक की राजनीति है। इनको लगता है कि अगर इसमें बोलेंगे तो एक बड़ा वोटबैंक इनसे खिसक जाएगा, नाराज हो जाएगा। (Opposition Temple Protest Politics)
डिप्टी CM केशव मौर्य ने की मांगी माफी
उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी, दोनों रामद्रोही और हिंदू विरोधी पार्टियां हैं। भारतीय संस्कृति को इन लोगों ने सत्ता में रहते हुए तार-तार करने का काम किया है और जितना घृणित विरोध-प्रदर्शन करने का जो तरीका अपनाया गया, उसमें भगवान राम का अपमान किया गया, जो भगवा धारण करने वाले संत हैं उनका अपमान किया गया। ये दुर्भाग्यपूर्ण घटना। अयोध्या में जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना श्री राम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे की हुई। उसके दोषियों को जेल भेज दिया गया, मामले की जांच भी चल रही है। राजनीतिक फायदे के लिए इतना घटिया स्तर अपनाना, मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मुखिया इसके लिए माफी मांगें। इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी हो, ये वोटबैंक के लिए घटिया राजनीति कर रहे हैं। जब चुनाव होंगे तब इनका डब्बा गोल हो जाएगा। भगवा वेश का अपमान करना, रामलला का अपमान करना, पुजारियों का अपमान करना, हिन्दू आस्थाओं का अपमान करने का काम कांग्रेस और सपा ने मिलकर किया है। दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदर्शन में ऐसा आचरण करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, माफी मांगनी चाहिए। (Opposition Temple Protest Politics)
राम मंदिर विवाद पर घमासान जारी
पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि जो चोरी हुई है, उसके लिए सरकार व्यवस्था ले रही है। राहुल गांधी तो फोटो के लिए तालाब में भी कूद गए थे। उसमें भी वे जीत नहीं पाए। वे जितना नाटक कर रहे हैं, हम उसका स्वागत करते हैं। हम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से अनुरोध करेंगे कि आप एक दिन के लिए इनके लिए नाटक एकेडमी खोल दें, यहां दोनों आकर नाटक करेंगे। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि विपक्ष जितना शोर मचा रहा है, उनका छात्रों की मांगों से कोई संबंध है ही नहीं। वे सिर्फ अपनी राजनीति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों की सभी मांगों को मान लिया। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर हो गया। कड़ी कार्रवाई की मांग थी तो उस पर कानून बना दिया गया। अब सिर्फ राजनीति की जा रही है चाहें कांग्रेस हो या अन्य विपक्षी दल हों। ये सभी लोग सिर्फ विधवा विलाप कर रहे हैं। संसद के इस सत्र को बाधित करने के लिए और लोगों के बीच गलत संदेश पहुंचे, इसलिए ये नौटंकी की जा रही है। विपक्ष की ये कार्रवाई नौटंकी के अलावा कुछ नहीं है। राम मंदिर के चढ़ावे से शुरू हुआ विवाद अब भगवा और सनातन की सियासत तक पहुंच चुका है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि शिकायतों और जांच की मांग पर आगे क्या कार्रवाई होती है।



