Google Analytics —— Meta Pixel

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, थाने के बाहर विस्फोट में 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत, 22 घायल

Suicide Attack in Pakistan: भारत का पड़ोसी देश पाकिस्तान एक बार फिर अपनी ही फैलाए आतंकवाद की भीषण आग से दहल उठा। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका उस समय हुआ, जब पास के काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी शांति रैली आयोजित की जा रही थी। इस हमले ने एक बार फिर पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद के बढ़ते खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना स्वात जिले के काबल पुलिस स्टेशन के बाहर हुई।

यह भी पढ़ें:- स्मार्ट मीटर पर फैली भ्रांतियों की निकली हवा, आधिकारिक आंकड़ों ने बताई बिजली खपत घटने की असली वजह

जिला पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि एक संदिग्ध युवक पुलिस स्टेशन के मुख्य द्वार तक पहुंच गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इससे पहले कि पुलिस उसे काबू कर पाती, उसने अपने शरीर पर बंधे विस्फोटकों में धमाका कर दिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और शांति रैली में शामिल कई लोग इसकी चपेट में आ गए। धमाके के समय काबल चौक पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक आतंकवाद के खिलाफ शांति मार्च और जनसभा में शामिल थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनका उद्देश्य स्वात घाटी में शांति बहाल करना और आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाना था।

 

रैली में शामिल लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण नागरिकों के खिलाफ तो कार्रवाई की जाती है, लेकिन स्वात के पहाड़ी इलाकों में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के खिलाफ प्रभावी अभियान नहीं चलाया जा रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आम लोगों का सरकार पर भरोसा कमजोर होगा और जनआक्रोश बढ़ सकता है। धमाके के तुरंत बाद पुलिस, सेना और राहत एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। कई एंबुलेंसों के जरिए घायलों को सैदू शरीफ टीचिंग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और विस्फोट स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां अलग-अलग आतंकी संगठनों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

राष्ट्रपति जरदारी ने दिए जांच के आदेश

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवादी देश की शांति, राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने के अपने नापाक इरादों में कभी सफल नहीं होंगे। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि शांति के दुश्मनों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। वहीं प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवादी ऐसे कायराना हमलों से देश का मनोबल नहीं तोड़ सकते।

पाकिस्तान में तेजी से बढ़ रहा आतंकवाद

हाल के महीनों में पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज की मासिक सुरक्षा रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई महीने में आतंकवादी घटनाओं में 154 लोगों की मौत दर्ज की गई, जबकि जून में यह संख्या 75 थी। यानी सिर्फ एक महीने में मौतों की संख्या में लगभग 105 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा हिंसा खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में दर्ज की गई, जहां देश की लगभग 90 प्रतिशत आतंकी घटनाएं हुईं। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 के मुताबिक पाकिस्तान अब बुर्किना फासो के बाद दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा आतंकवाद प्रभावित देश बन चुका है। साल 2024 में पाकिस्तान इस सूची में चौथे नंबर पर था।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

रिपोर्ट में कहा गया है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के हमलों में लगभग 90 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमलों में भी करीब 60 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया। इसके अलावा इस्लामिक स्टेट-खुरासान (IS-K) ने भी पाकिस्तान के शहरी इलाकों में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2024 में सिर्फ तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने 482 हमले किए, जिनमें 558 लोगों की मौत हुई। यह आंकड़ा वर्ष 2023 की तुलना में लगभग 91 प्रतिशत ज्यादा था। स्वात में हुआ यह आत्मघाती हमला ऐसे समय हुआ है, जब स्थानीय लोग स्वयं आतंकवाद के खिलाफ सड़क पर उतरकर शांति की मांग कर रहे थे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर आत्मघाती हमलावर का पुलिस स्टेशन तक पहुंच जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पाकिस्तान को आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण पाना है तो सिर्फ सैन्य कार्रवाई ही नहीं, बल्कि खुफिया तंत्र को मजबूत करने, सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने और कट्टरपंथी नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई की भी आवश्यकता होगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे मौजूद नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं। दूसरे देशों में आतंक फैलाने वाला पाकिस्तान आज खुद आतंकवाद की उसी आग में घिरता दिखाई दे रहा है। खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे प्रांत लगातार आत्मघाती हमलों, आतंकी हमलों और हिंसा की चपेट में हैं। हालात ऐसे हैं कि अब पुलिस थाने, सुरक्षा बल, सरकारी संस्थान और आम नागरिक भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। लंबे समय से दूसरे देशों में आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला पाकिस्तान आज अपनी धरती पर फैलती आतंकी हिंसा की सबसे बड़ी कीमत चुका रहा है। आतंक की यह आग अब उसके अपने घर को ही झुलसा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!